IPL 2022: उमरान मलिक के प्रदर्शन के मुरीद हुए शशि थरूर, कश्मीरी क्रिकेटर के लिए कांग्रेस नेता ने की विशेष मांग

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Apr 18, 2022, 11:17 AM IST

Shashi Tharoor wants Umran Malik to be Indian team asap: वरिष्‍ठ कांग्रेस सदस्‍य शशि थरूर कश्‍मीर के तेज गेंदबाज उमरान मलिक के प्रदर्शन से काफी प्रभावित हुए हैं। थरूर ने सनराइजर्स हैदराबाद के तेज गेंदबाज के लिए विशेष मांग की है।

IPL 2022: उमरान मलिक के प्रदर्शन के मुरीद हुए शशि थरूर, कश्मीरी क्रिकेटर के लिए कांग्रेस नेता ने की विशेष मांग

पुणे: कांग्रेस के वरिष्‍ठ सदस्‍य शशि थरूर ने सनराइजर्स हैदराबाद के तेज गेंदबाज उमरान मलिक की जमकर तारीफ की है। जम्‍मू-कश्‍मीर के क्रिकेटर ने रविवार को पंजाब किंग्‍स के खिलाफ बेहतरीन प्रदर्शन किया, जिससे शशि थरूर काफी प्रभावित हुए। कांग्रेस सदस्‍य ने बिना देरी किए उमरान मलिक के लिए एक विशेष मांग कर डाली। बता दें कि मलिक ने पंजाब किंग्‍स के खिलाफ पारी का 20वां ओवर मेडन डाला और इसमें तीन विकेट चटकाए।

उमरान मलिक ने आखिरी ओवर में ओडीन स्मिथ, राहुल चाहर और वैभव अरोड़ा के विकेट लिए। पंजाब की टीम 151 रन पर ऑलआउट हुई। मलिक ने चार ओवर के अपने कोटे में 28 रन देकर चार विकेट चटकाए। शशि थरूर ने अपने आधिकारिक अकाउंट पर ट्वीट किया, 'हमें इसकी भारतीय जर्सी में जल्‍द जरूरत है। कितनी शानदार प्रतिभा है। वो खराब हो, उससे पहले उसका उपयोग करें। टेस्‍ट मैच के लिए उन्‍हें इंग्‍लैंड ले जाएं। वो और बुमराह मिलकर अंग्रजों में खौफ भर देंगे।'

तेलंगना राष्‍ट्र समिति कार्यकारी अध्‍यक्ष केटी रामा राव ने भी उमरान के अविश्‍वसनीय स्‍पेल की तारीफ की है। केटी रामा राव ने ट्वीट किया, 'क्‍या अविश्‍वसनीय गेंदबाजी स्‍पेल पूरा गति वाला। सलाम है युवा आदमी। अब तक आईपीएल का सर्वश्रेष्‍ठ ओवर।' उमरान मलिक ने मौजूदा आईपीएल में शानदार प्रदर्शन किया है। उन्‍होंने 6 मैचों में 9 विकेट झटके हैं।

इससे पहले गुजरात टाइटंस के खिलाफ मुकाबले में उमरान मलिक ने आईपीएल 2022 की अब तक की सबसे तेज गेंद 153.3 किमी प्रति घंटे की गति से फेंकी थी। आईपीएल 2021 में रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर के खिलाफ मलिक ने सीजन की सबसे तेज गेंद 152.95 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से फेंकी थी। इससे पहले इंग्‍लैंड के पूर्व कप्‍तान माइकल वॉन ने भी उमरान मलिक की जमकर तारीफ की थी और कहा था कि तेज गेंदबाज जल्‍द ही भारत के लिए खेलेगा।

वॉन ने ट्वीट किया था, 'उमरान मलिक बहुत जल्‍द भारत के लिए खेलेगा। अगर मैं बीसीसीआई होता तो उसे गर्मी में कुछ काउंटी क्रिकेट खेलने के लिए भेजता, जिससे उन्‍हें विकसित होने में मदद मिलती।'

पंजाब किंग्‍स के खिलाफ मैच की बात करें तो उमरान मलिक और भुवनेश्‍वर कुमार के शानदार प्रयासों की बदौलत सनराइजर्स हैदराबाद ने पंजाब किंग्‍स को 151 रन पर ऑलआउट किया। इसके बाद हैदराबाद ने तीन विकेट खोकर लक्ष्‍य हासिल किया।

यह हैदराबाद की मौजूदा टूर्नामेंट में लगातार चौथी जीत रही। इसके साथ ही ऑरेंज आर्मी ने आईपीएल 2022 की अंक तालिका में टॉप-4 में अपनी जगह पक्‍की कर ली है। 6 मैचों में 4 जीत के साथ सनराइजर्स हैदराबाद की टीम अंक तालिका में चौथे स्‍थान पर काबिज है।

End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!