RCB vs KKR: बैंगलोर की कोलकाता पर 82 रन से बड़ी जीत, ऐसा रहा मैच का पूरा हाल

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Oct 12, 2020, 11:13 PM IST

RCB vs KKR: आरसीबी और केकेआर के बीच सोमवार रात आईपीएल 2020 का 28वां मैच खेला गया। शारजाह में खेले गए इस मुकाबले में रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर ने बड़ी जीत दर्ज की।

RCB vs KKR: बैंगलोर की कोलकाता पर 82 रन से बड़ी जीत, ऐसा रहा मैच का पूरा हाल
Photo Credit: Twitter

शारजाह:  एबी डिविलियर्स (73*) की तूफानी पारी की बदौलत रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर ने सोमवार को आईपीएल 2020 के 28वें मैच में कोलकाता नाइटराइडर्स के सामने 195 रन का विशाल लक्ष्‍य रखा। आरसीबी ने निर्धारित 20 ओवर में दो विकेट खोकर 194 रन बनाए। डिविलियर्स के साथ कप्‍तान विराट कोहली 33 रन बनाकर नाबाद रहे। जवाब में उतरी कोलकाता नाइट राइडर्स की टीम 20 ओवर में 9 विकेट पर 112 रन ही बना सके और 82 रनों से मैच गंवा दिया।

इस मैच के लिए रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर और कोलकाता नाइटराइडर्स दोनों ने इस मैच के लिए अपनी प्‍लेइंग इलेवन में एक-एक बदलाव किया था। आरसीबी ने गुरकीरत सिंह मान की जगह तेज गेंदबाज मोहम्‍मद सिराज को शामिल किया था। वहीं केकेआर ने सुनील नरेन की जगह टॉम बैंटन को मौका दिया। टॉम बैंटन केकेआर के लिए अपना डेब्‍यू करने उतरे।

आरसीबी की पारी का हाल

शारजाह में टॉस जीतकर पहले बल्‍लेबाजी करने उतरी आरसीबी को ओपनर्स आरोन फिंच (47) और देवदत्‍त पडिक्‍कल (32) ने 67 रन की साझेदारी करके दमदार शुरूआत दिलाई। आंद्रे रसेल ने बाएं हाथ के बल्‍लेबाज को क्‍लीन बोल्‍ड करके इस साझेदारी को तोड़ा। इसके बाद फिंच ने कप्‍तान विराट कोहली के साथ दूसरे विकेट के लिए 27 रन जोड़े। फिंच अपने अर्धशतक से केवल तीन रन दूर थे जब प्रसिद्ध कृष्‍णा ने उन्‍हें क्‍लीन बोल्‍ड कर दिया। ऑस्‍ट्रेलियाई बल्‍लेबाज ने 37 गेंदों में चार चौके और एक छक्‍के की मदद से 47 रन बनाए।

इसके बाद एबीडी तूफान आया। डिविलियर्स ने कप्‍तान कोहली के साथ केवल 28 गेंदों में अर्धशतकीय साझेदारी पूरी की। एबी डिविलियर्स ने केवल 23 गेंदों में चार चौके और पांच छक्‍के की मदद से अपना अर्धशतक पूरा किया। एबीडी ने रसेल की गेंद पर लंबा छक्‍का जमाकर अपना पचासा पूरा किया। एबी डिविलियर्स 33 गेंदों में 5 चौके और 6 छक्‍के की मदद से 73 रन बनाकर नाबाद रहे। विराट कोहली ने 27 गेंदों में एक चौके की मदद से 32 रन बनाए। केकेआर की तरफ से प्रसिद्ध कृष्‍णा और आंद्रे रसेल को एक-एक विकेट मिला।

कोलकाता नाइट राइडर्स की पारी

जवाब में उतरी कोलकाता नाइट राइडर्स की टीम ने 23 रन पर टॉम बैंटन के रूप में अपना पहला विकेट गंवाया, जो अपने केकेआर डेब्यू में 8 रन बनाकर सैनी की गेंद पर कैच आउट हो गए। इसके बाद एक के बाद एक थोड़ी-थोड़ी देर में विकेट गिरते रहे। शुभमन गिल की 34 रनों की पारी को छोड़कर कोई भी बल्लेबाज प्रभाव छोड़ने में सफल नहीं रहा। नीतीश राणा 9 रन, इयोन मोर्गन 8 रन, कप्तान दिनेश कार्तिक 1 रन, आंद्रे रसेल 16 रन, पैट कमिंस 1 रन, राहुल त्रिपाठी 16 रन बनाकर पवेलियन लौट गए। बैंगलोर की तरफ से वॉशिंगटन सुंदर ने 2 विकेट लिए, जबकि मॉरिस, सैनी, सिराज, चहल और उडाना ने 1-1 विकेट लेकर अपना योगदान दिया। कोलकाता की पूरी टीम  रन पर सिमट गई।

अब अंक तालिक में स्थिति

अब अंक तालिका में बैंगलोर की स्थिति मजबूत हो गई है। बैंगलोर अब 7 मैचों में 5 जीत और 2 हार के साथ 10 अंक लेकर अंक तालिका में तीसरे स्थान पर पहुंच गई है। जबकि केकेआर 7 मैचों में 4 जीत और 3 हार के बाद 8 अंक के साथ चौथे स्थान पर खिसक गई है।  

दोनों टीमें

रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर - देवदत्‍त पडिक्‍कल, आरोन फिंच, विराट कोहली (कप्‍तान), एबी डिविलियर्स (विकेटकीपर), क्रिस मॉरिस, वॉशिंगटन सुंदर, शिवम दुबे, इसुरु उडाना, नवदीप सैनी, युजवेंद्र चहल और मोहम्‍मद सिराज।

कोलकाता नाइटराइडर्स - राहुल त्रिपाठी, शुभमन गिल, टॉम बैंटन, नितिश राणा, इयोन मॉर्गन, दिनेश कार्तिक (कप्‍तान और विकेटकीपर), आंद्रे रसेल, पैट कमिंस, कमलेश नागरकोटी, एम प्रसिद्ध कृष्‍णा और सीवी वरुण।

End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!