Fastest Bowl of IPL 2022: टूट गया रिकॉर्ड, लोकी फर्ग्‍यूसन बन गए एक्‍सप्रेस किंग, सीजन की सबसे तेज गेंद डाली

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated May 29, 2022, 08:57 PM IST

Lockie Ferguson bowls fastest bowl of IPL 2022: गुजरात टाइटंस के तेज गेंदबाज लोकी फर्ग्‍यूसन ने आईपीएल 2022 के फाइनल में इतिहास रच दिया है। लोकी फर्ग्‍यूसन ने आईपीएल 2022 सीजन की सबसे तेज गेंद डालने का रिकॉर्ड अपने नाम किया।

Fastest Bowl of IPL 2022: टूट गया रिकॉर्ड, लोकी फर्ग्‍यूसन बन गए एक्‍सप्रेस किंग, सीजन की सबसे तेज गेंद डाली

अहमदाबाद: गुजरात टाइटंस के तेज गेंदबाज लोकी फर्ग्‍यूसन ने आईपीएल 2022 की सबसे तेज गेंद डालकर इतिहास रच दिया। राजस्‍थान रॉयल्‍स के खिलाफ अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्‍टेडियम में लोकी फर्ग्‍यूसन ने आईपीएल 2022 सीजन की सबसे तेज गेंद डाली। फर्ग्‍यूसन ने पारी के पांचवें ओवर की आखिरी गेंद 157.3 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से गेंद डाली, जो कि मौजूदा सीजन में सबसे तेज गेंद है। फर्ग्‍यूसन ने ऑफ स्‍टंप के बाहर यॉर्कर लेंथ की गेंद डाली, जिस पर जोस बटलर बीट हो गए।

लोकी फर्ग्‍यूसन ने सनराइजर्स हैदराबाद के तेज गेंदबाज उमरान मलिक का रिकॉर्ड तोड़ा। मलिक ने दिल्‍ली कैपिटल्‍स के खिलाफ ब्रेबोर्न स्‍टेडियम पर 157 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से गेंद डाली थी। बता दें कि मौजूदा आईपीएल में सबसे तेज गेंद डालने का रिकॉर्ड लोकी फर्ग्‍यूसन के नाम दर्ज हो गया है। इस लिस्‍ट में दूसरे स्‍थान पर उमरान मलिक काबिज हैं। तीसरे स्‍थान पर दिल्‍ली कैपिटल्‍स के तेज गेंदबाज एनरिच नॉर्ट्जे जमे हुए हैं, जिन्‍होंने 152.6 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से गेंद डाली थी।

मौजूदा सीजन में सबसे तेज गेंद डालने के मामले में गुजरात टाइटंस के अल्‍जारी जोसेफ चौथे स्‍थान पर काबिज हैं। जोसेफ ने 151.8 किमी प्रति घंटे की गति से गेंद डाली। इस लिस्‍ट में पांचवें स्‍थान पर लखनऊ सुपरजायंट्स के मोहसिन खान जमे हुए हैं, जिन्‍होंने 151 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से गेंद डाली थी।

मौजूदा सीजन में सबसे तेज गेंद डालने वाले गेंदबाज

  • लोकी फर्ग्‍यूसन (गुजरात टाइटंस) - 157.3 किमी प्रति घंटा
  • उमरान मलिक (सनराइजर्स हैदराबाद) - 157 किमी प्रति घंटा
  • एनरिच नॉर्ट्जे (दिल्‍ली कैपिटल्‍स) - 152.6 किमी प्रति घंटा
  • अल्‍जारी जोसेफ (गुजरात टाइटंस) - 151.8 किमी प्रति घंटा
  • मोहसिन खान (लखनऊ सुपरजायंट्स) - 151 किमी प्रति घंटा।

आईपीएल इतिहास में सबसे तेज गेंद डालने का रिकॉर्ड शॉन टैट के नाम दर्ज है। पूर्व ऑस्‍ट्रेलियाई तेज गेंदबाज ने 157.71 किमी प्रति घंटे की गति से गेंद डाली थी। लोकी फर्ग्‍यूसन दूसरे स्‍थान पर पहुंच गए हैं। फर्ग्‍यूसन ने 157.3 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से गेंद डाली। सनराइजर्स हैदराबाद के तेज गेंदबाज उमरान मलिक तीसरे स्‍थान पर हैं, जिन्‍होंने 157 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से गेंद डाली। चौथे नंबर पर एनरिच नॉर्ट्जे हैं, जिन्‍होंने 156.22 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से गेंदें डाली। फिर डेल स्‍टेन 154.4 किमी प्रति घंटे के साथ पांचवें स्‍थान पर काबिज हैं।

End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!