तुमको याद रखेंगे: KKR के कोच मैकुलम भी इस खिलाड़ी के धमाके से हैरान, BCCI ने निलंबित भी किया था

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated May 19, 2022, 03:16 PM IST

Who is Rinku Singh, KKR coach Brendon McCullum praises young player: लखनऊ सुपर जायंट्स के खिलाफ बुधवार रात बेशक कोलकाता नाइट राइडर्स 2 रन से हारकर टूर्नामेंट से बाहर हो गई, लेकिन रिंकू सिंह ने ऐसी छाप छोड़ी कि कोलकाता नाइट राइडर्स के दिग्गज कोच ब्रैंडन मैकुलम ने भी जमकर तारीफ की।

तुमको याद रखेंगे: KKR के कोच मैकुलम भी इस खिलाड़ी के धमाके से हैरान, BCCI ने निलंबित भी किया था
Photo Credit: Twitter

कोलकाता नाइट राइडर्स के आईपीएल 2022 के सफर का अंत बहुत निराशाजनक रहा। लखनऊ के खिलाफ मैच में 211 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए वे 208 रन तक तो पहुंच गए लेकिन अंतिम कुछ रन नहीं बना पाने से वे प्लेऑफ की दौड़ से बाहर हो गए। वैसे अगर कोलकाता की टीम इस मैच को रोमांचक बना सकी और इतने बड़े स्कोर के करीब पहुंच सकी तो इसमें एक खिलाड़ी का बड़ा योगदान रहा और वो हैं रिंकू सिंह (Rinku Singh)। अंतिम क्षणों में उनकी धुआंधार पारी ने ही मैच को रोमांचक बनाया। अब हर जगह रिंकू की चर्चा है। कोच ब्रैंडन मैकुलम ने उनको लेकर बड़ी बात कह दी है।

इस मैच में रिकू सिंह ने चार छक्के और दो चौके जड़ते हुए 15 गेंदों में 40 रनों की पारी खेली, लेकिन अंतिम ओवर में जब तीन रन बाकी थे तब वो एविन लिविस के एक जोरदार कैच का शिकार हो गए। रिंकू सिंह अब तक आईपीएल में एक ऐसे खिलाड़ी के रूप में मौजूद थे जिन्हें कभी ज्यादा मौके नहीं दिए गए, अब जब उनके धमाके को सबने देखा तो सभी प्रभावित हुए। इसमें  कोलकाता नाइट राइडर्स (केकेआर) के मुख्य कोच ब्रैंडन मैकुलम का नाम भी शामिल है।

ब्रैंडन मैकुलम का बयान

कोलकाता के कोच मैकुलम ने कहा है कि टीम अब उनके प्रदर्शन को आने वाले सालों में याद रखेगी। मैकुलम ने कहा, ‘‘निश्चित रूप से वो (रिंकू) सत्र की हमारी खोज रहा है। रिंकू ऐसा खिलाड़ी है जिस पर केकेआर आगामी कुछ वर्षों में ध्यान लगायेगी, इसमें कोई शक नहीं है और हम उसे वास्तव में आगे बढ़ते हुए देखेंगे।"

कौन हैं रिंकू सिंह? बीसीसीआई निलंबित भी कर चुका है

अलीगढ़ (उत्तर प्रदेश) के 24 वर्षीय खिलाड़ी रिंकू सिंह घरेलू क्रिकेट में उत्तर प्रदेश के लिए खेलते हैं। उनको मई 2019 में बीसीसीआई ने तब तीन महीने के लिए निलंबित कर दिया था जब उन्होंने अबु धाबी में रमादान टी20 टूर्नामेंट में बिना इजाजत हिस्सा ले लिया था। 

उन्होंने अब तक 30 प्रथम श्रेणी मैचों में 2307 रन बनाए हैं जिसमें 5 शतक और 16 अर्धशतक शामिल हैं। वहीं लिस्ट-ए क्रिकेट के 41 मैचों में 1414 रन और 68 टी20 मैचों में 1155 रन बना चुके हैं। रिंकू को आईपीएल 2017 में पहली बार पंजाब की टीम ने खरीदा था। इसके बाद 2018 में कोलकाता की टीम ने उनको 80 लाख रुपये में खरीदा। पिछले साल वो घुटने की चोट के कारण आईपीएल से बाहर रहे थे। इस बार की आईपीएल नीलामी में कोलकाता नाइट राइडर्स ने उनको 55 लाख रुपये में खरीद लिया।

End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!