जोस बटलर ने उड़ाए युवा शौकीन के होश, एक ओवर में जड़े लगातार चार छक्के [VIDEO]

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated May 1, 2022, 07:10 AM IST

Jos Buttler vs Hrithik Shokeen: जोस बटलर ने 21 साल के ऋतिक शौकीन की गेंदों पर लगातार चार छक्के जड़कर उनके होश उड़ा दिए। 

जोस बटलर ने उड़ाए युवा शौकीन के होश, एक ओवर में जड़े लगातार चार छक्के [VIDEO]

मुंबई: आईपीएल 2022 में इंग्लैंड के विकेट कीपर बल्लेबाज जोस बटलर का बल्ला जमकर रन उगल रहा है। शनिवार को मुंबई इंडियन्स के खिलाफ उन्होंने धमाकेदार बल्लेबाजी करते हुए 52 गेंद में 67 रन की पारी खेली। इस दौरान उन्होंने 5 चौके और 4 छक्के जड़े और 48 गेंद में लगातार दो छक्के जड़कर अपना सीजन का तीसरा अर्धशतक पूरा किया।

राजस्थान रॉयल्स की टीम मुंबई इंडियन्स की कसी हुई गेंदबाजी के खिलाफ 15 ओवर में 3 विकेट खोकर 103 रन बना लिए थे। जोस बटलर 46 गेंद में 43 रन बनाकर खेल रहे थे। ऐसे में मुंबई के कप्तान रोहित शर्मा ने गेंद युवा स्पिनर ऋतिक शौकीन के हाथों में थमा दी। 

चार गेंद में जड़े चार छक्के
पिच पर पैर जमा चुके बटलर ने अपने सामने एक कम अनुभवी गेंदबाज को पाकर उनके खिलाफ हल्ला बोलने की ठान ली। शौकीन की पहली गेंद को बटलर ने मिड ऑन की दिशा में छक्के के लिए भेज दिया। दूसरी गेंद को बटलर ने गेंदबाज के ऊपर से ही छक्के के लिए भेज दिया और अपना अर्धशतक पूरा किया। 

इसके बाद तीसरी गेंद को मिड ऑन की दिशा में भेजकर बटलर ने छक्कों की हैट्रिक पूरी की। इसके बाद शौकीन ने ऑफ स्टंप के बाहर फुल टॉस फेंकी जिसे बटलर ने मिड ऑफ की दिशा में छक्के के लिए भेजकर छक्कों का चौका पूरा कर लिया। लेकिन इसके बाद शौकीन ने शानदार वापसी करते हुए पांचवीं गेंद ऑफ स्टंप के बाहर फेकी जिसे अंपायर ने व्हाइड करार नहीं दिया और इस गेंद पर कोई रन नहीं गया।

छठी गेंद पर शौकीन की गेंद पर गंवाया विकेट
ओवर की आखिरी गेंद भी ऑफ स्टंप के बाहर व्हाइड लेंथ की डाली जो बल्ले पर सही तरीके से नहीं लगी और सीधे मिड ऑफ बाउंड्री पर खड़े सूर्यकुमार यादव के हाथों में पहुंच गई और जोस बटलर की आतिशी पारी यहीं थम गई। यह ओवर बेहद नाटकीय रहा और इसमें बहुत सारा ड्रामा हर गेंद पर देखने को मिला। बटलर 52 गेंद में 67 रन बनाकर पवेलियन वापस लौट गए। इस ओवर में शौकीन ने 24 रन खर्च किए और बटलर का अहम विकेट लेकर मैच को मुंबई के पक्ष में मोड़ दिया। 


End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!