IPL 2022: इन 5 धुरंधर भारतीय खिलाड़ियों को इनकी टीमों ने छोड़ दिया, अब नीलामी में इन पर लगेगा महंगा दांव

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Dec 1, 2021, 05:00 AM IST

IPL 2022 Players Retention, 5 players to who misses out: आईपीएल की 8 फ्रेंचाइजी ने मंगलवार को अपने रिटेन किए खिलाड़‍ियों की घोषणा कर दी है। फैंस को हैरानी हुई कि इन 5 प्रतिभाशाली क्रिकेटरों को रिटेन नहीं किया गया। आईपीएल 2022 मेगा नीलामी में इन खिलाड़‍ियों का बोलबाला देखने को मिल सकता है।

IPL 2022: इन 5 धुरंधर भारतीय खिलाड़ियों को इनकी टीमों ने छोड़ दिया, अब नीलामी में इन पर लगेगा महंगा दांव

IPL 2022 Retention: आईपीएल 2022 के लिए 8 फ्रेंचाइजी ने मंगलवार को रिटेन किए खिलाड़‍ियों की घोषणा कर दी है। फ्रेंचाइजी ने काफी सोच समझकर खिलाड़‍ियों को रिटेन किया और इन्‍हें रिटेन करने की अपनी वजह भी बताई। जो खिलाड़ी रिटेन किए गए, उन्‍होंने अपने फैंस को संदेश देते हुए बताया कि नए सीजन में किस तरह धमाका करने को बेकरार हैं। हालांकि, प्रत्‍येक फ्रेंचाइजी के पास रिटेन करने की अधिकतम लिमिट चार खिलाड़ी थे। इस कारण कई दिग्‍गज खिलाड़ी रिटेन लिस्‍ट से बाहर हो गए। आईपीएल 2022 के लिए इन खिलाड़‍ियों का रिटेन लिस्‍ट में नाम नहीं देखकर फैंस भी जरूर हैरान हुए। चलिए हम आपको ऐसे ही पांच भारतीय खिलाड़‍ियों के बारे में बताते हैं, जिनके रिटेन किए जाने की पूरी उम्‍मीद थी, लेकिन वह चूक गए।

1) केएल राहुल - केएल राहुल दुनिया के सर्वश्रेष्‍ठ बल्‍लेबाजों में से एक माने जाते हैं। राहुल ने पंजाब किंग्‍स के साथ नाता तोड़ दिया है। खबरों से पता चला है कि राहुल आईपीएल 2022 में पंजाब के साथ नहीं रहना चाहते थे। राहुल की क्षमता से फैंस अच्‍छी तरह वाकिफ हैं। वह लगातार चार साल फ्रेंचाइजी के सबसे ज्‍यादा रन बनाने वाले बल्‍लेबाज रहे। राहुल को पंजाब ने रिटेन नहीं किया क्‍योंकि जानकारी मिली है कि वह नई फ्रेंचाइजी के साथ अपना भाग्‍य आजमाना चाहते हैं। राहुल 2018 में पंजाब फ्रेंचाइजी से जुड़े थे। राहुल को रिटेन नहीं किए जाने की खबर फैंस निराश हैं। राहुल ने आईपीएल में अब तक 94 मैचों में दो शतक और 27 अर्धशतकों की मदद से 3273 रन बनाए हैं।

2) शिखर धवन - शिखर धवन ने दिल्‍ली कैपिटल्‍स के लिए तीन सीजन खेले और तीनों में उन्‍होंने 500 से ज्‍यादा रन का योगदान दिया। धवन की बदौलत दिल्‍ली कैपिटल्‍स ने काफी सफलता हासिल की। धवन का फॉर्म इस समय चिंता का विषय बना हुआ है और उनकी उम्र भी रिटेन नहीं करने की वजह बना। बाएं हाथ के बल्‍लेबाज ने आईपीएल में अब तक 192 मैच खेले, जिसमें दो शतक और 44 अर्धशतकों की मदद से 5784 रन बनाए।

3) श्रेयस अय्यर - दिल्‍ली कैपिटल्‍स को अपने नेतृत्‍व में खिताब के करीब पहुंचाने वाले श्रेयस अय्यर को रिटेन नहीं किया गया। खबरें हैं कि श्रेयस अय्यर अब किसी और फ्रेंचाइजी के लिए खेलना चाहते हैं। अय्यर ने दिल्‍ली के लिए सीजन दर सीजन बेहतरीन प्रदर्शन किया और समय पर टीम को खराब स्थितियों से उबारा। उनकी नेतृत्‍व क्षमता से फैंस अच्‍छी तरह वाकिफ हैं। दिल्‍ली की टीम ऋषभ पंत को कप्‍तान बरकरार रखना चाहती है। हो सकता है कि नए सीजन में अय्यर किसी फ्रेंचाइजी की कप्‍तानी करते हुए नजर आ रहे हो।

4) इशान किशन - रांची के विस्‍फोटक बल्‍लेबाज के बारे में कहा जा रहा था कि इन्‍हें रिटेन किया जाएगा। मगर इशान किशन आईपीएल के मेगा ऑक्‍शन में अपना जलवा बिखेरेंगे। किशन ने मुंबई इंडियंस के लिए कई बेहतरीन और यादगार पारियां खेली हैं। वह टीम की खिताबी जीत में अहम सदस्‍यों में से एक थे। मुंबई इंडियंस की कोशिश नीलामी के समय किशन को अपने साथ दोबारा जोड़ने की होगी। बाएं हाथ के बल्‍लेबाज ने अब तक आईपीएल में 61 मैचों में 9 अर्धशतक की मदद से 1452 रन बनाए हैं।

5) शुभमन गिल - कोलकाता नाइटराइडर्स ने अपने विश्‍वसनीय ओपनर को रिटेन नहीं करके फैंस को तगड़ा झटका दिया। शुभमन गिल मेगा नीलामी में आकर्षण का केंद्र होंगे। गिल ने ओपनिंग पर आकर कई यादगार पारियां खेली और बीते सीजन में केकेआर को फाइनल तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई। शुभमन गिल ने आईपीएल में अब तक कुल 58 मैच खेले, जिसमें 10 अर्धशतकों की मदद से 1417 रन बनाए हैं। देखना दिलचस्‍प होगा कि आईपीएल 2022 की मेगा नीलामी में केकेआर उन्‍हें खरीदती है या नहीं।

End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!