IPL 2022 Mega Auction: श्रेयस अय्यर, युजवेंद्र चहल और डेविड वॉर्नर को शीर्ष ड्रॉ में रखे जाने की संभावना

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Jan 22, 2022, 01:40 PM IST

IPL 2022 Mega Auction: आईपीएल 2022 नीलामी के लिए 1200 से अधिक खिलाड़‍ियों ने अपने नाम पंजीकृत कराएं हैं। भारत से लेकर कई विदेशी खिलाड़‍ियों के मालामाल होने की उम्‍मीद लगाई जा रही है। शीर्ष ब्रेकेट में कई दिग्‍गजों को जगह मिलने की उम्‍मीद है।

IPL 2022 Mega Auction: श्रेयस अय्यर, युजवेंद्र चहल और डेविड वॉर्नर को शीर्ष ड्रॉ में रखे जाने की संभावना

नयी दिल्ली: भारतीय बल्लेबाज श्रेयस अय्यर और स्पिनर युजवेंद्र चहल के अलावा ऑस्ट्रेलिया के आक्रामक बल्लेबाज डेविड वॉर्नर को इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) की अगले महीने होने वाली नीलामी में शीर्ष ड्रॉ रखे जाने की संभावना है। इस नीलामी के लिये 1,200 से अधिक खिलाड़ियों ने पंजीकरण कराया है।

श्रेयस और चहल के अलावा 10 टीमें सीनियर सलामी बल्लेबाज शिखर धवन, बल्लेबाज इशान किशन, तेज गेंदबाज शार्दुल ठाकुर और दीपक चाहर, पिछली बार सर्वाधिक विकेट लेने वाले हर्षल पटेल और अवेश खान तथा स्पिनर राहुल चाहर और ऑलराउंडर वाशिंगटन सुंदर जैसे भारतीय खिलाड़ियों पर बोली लगाएंगे।

इन भारतीय खिलाड़ियों के लिये सात से 15 करोड़ रुपये तक की बोली लगायी जा सकती है जबकि विदेशी खिलाड़ियों में वॉर्नर और दक्षिण अफ्रीका के तेज गेंदबाज कगिसो रबाडा, इंग्लैंड के मार्क वुड, ऑस्ट्रेलिया के मिचेल मार्श और पैट कमिन्स तथा न्यूजीलैंड के ट्रेंट बोल्ट पर मोटी बोली लग सकती है। फाफ डु प्लेसिस और ड्वेन ब्रावो जैसे खिलाड़ियों में उनकी फ्रेंचाइजी चेन्नई सुपर किंग्स फिर से दिलचस्पी दिखा सकती है।

आईपीएल ने शनिवार को जारी बयान में कहा, 'कुल 1214 खिलाड़ियों (896 भारतीय और 318 विदेशी) ने आईपीएल 2022 की नीलामी के लिये पंजीकरण करवाया है।' नीलामी 12 और 13 फरवरी को बेंगलुरू में होगी। खिलाड़ियों की नीलामी से पहले विभिन्न टीम ने कुल 33 खिलाड़ियों को रिटेन किया है या चुना हे। मौजूदा आठ आईपीएल फ्रेंचाइजी ने कुल 27 खिलाड़ियों को रिटेन किया है, जिसमें चेन्नई सुपर किंग्स में महेंद्र सिंह धोनी, मुंबई इंडियन्स में रोहित शर्मा और रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर में विराट कोहली शामिल हैं।

आईपीएल की दो नयी टीमों ने छह खिलाड़ियों को चुना है जिनमें हार्दिक पंड्या को अहमदाबाद और केएल राहुल को लखनऊ फ्रेंचाइजी का कप्तान नियुक्त किया गया है। जिन खिलाड़ियों को रिटेन किया गया है उनमें जसप्रीत बुमराह, रवींद्र जडेजा, केन विलियमसन, जोस बटलर, ग्लेन मैक्सवेल आदि भी शामिल हैं। इस बार भूटान के भी एक खिलाड़ी ने पंजीकरण कराया है जबकि अमेरिका के रिकार्ड 14 खिलाड़ियों ने पंजीकरण कराया है।

विदेशों से ऑस्ट्रेलिया के सर्वाधिक 59 और दक्षिण अफ्रीका के 48 खिलाड़ियों ने नीलामी के लिये अपना दावा पेश किया है। इसके अलावा वेस्टइंडीज (41), श्रीलंका (36), इंग्लैंड (30), न्यूजीलैंड (29) और अफगानिस्तान (20) कुछ अन्य देश हैं जहां से कई खिलाड़ियों ने पंजीकरण कराया है। नामीबिया (5), नेपाल (15), नीदरलैंड (1), ओमान (3), स्कॉटलैंड (1), जिम्बाब्वे (2), आयरलैंड (3) और संयुक्त अरब अमीरात (1) के खिलाड़ी भी नीलामी का हिस्सा बनेंगे।

End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!