क्या अनुष्का शर्मा और उनके फैंस ने बेमतलब महान सुनील गावस्कर को बदनाम किया? जानिए पूरी हकीकत

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Sep 25, 2020, 04:35 PM IST

Sunil Gavaskar Commentary: सुनील गावस्‍कर ने वाकई जो कहा, वो वीडियो में कैद है। अनुष्‍का शर्मा सहित उनके फैंस ने इसे अपने तरीके से समझा और रिएक्‍ट किया। सुनील गावस्‍कर को कमेंट्री से हटाने की मांग की गई है।

क्या अनुष्का शर्मा और उनके फैंस ने बेमतलब महान सुनील गावस्कर को बदनाम किया? जानिए पूरी हकीकत

नई दिल्‍ली: भारत के पूर्व महान बल्‍लेबाज सुनील गावस्‍कर इस समय सोशल मीडिया पर काफी ट्रेंड कर रहे हैं क्‍योंकि कहा जा रहा है कि उन्‍होंने विराट कोहली और अनुष्‍का शर्मा के बारे में आपत्तिजनक बयान दिया है। रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर की पारी के दौरान हिंदी कमेंट्री कर रहे गावस्‍कर ने कहा कि कोहली ने लॉकडाउन के दौरान अनुष्‍का शर्मा की गेंदों का सामना किया था।

इसके बाद से सुनील गावस्‍कर ट्विटर यूजर्स और विरुष्‍का के फैंस के निशाने पर हैं। 71 साल के गावस्‍कर के बारे में बीसीसीआई से मांग की गई है कि उन्‍हें कमेंट्री पैनल से बाहर किया जाए। गावस्‍कर के बयान के साथ कई ट्वीट सोशल मीडिया पर वायरल हुए और ट्विटर यूजर्स इस बात पर नाराज हैं कि अनुष्‍का शर्मा को बेवजह इसमें घसीटा गया है।

विराट कोहली पर असल में सुनील गावस्‍कर ने क्‍या कहा

हालांकि, सुनील गावस्‍कर का वो वीडियो साबित कर रहा है कि उन्‍होंने विराट कोहली व उनकी पत्‍नी अनुष्‍का शर्मा के बारे में क्‍या कहा है। इसमें गावस्‍कर का बयान सुनने के बाद आप खुद समझ सकते हैं कि यह आपत्तिजनक अंदाज में कहा गया था या नहीं। जब विराट कोहली पारी के दूसरे ओवर में बल्‍लेबाजी करने आए तो गावस्‍कर ने आरसीबी के कप्‍तान की बल्‍लेबाजी अभ्‍यास के बारे में बातें की। इस दौरान गावस्‍कर ने एक वीडियो के संबंध में कहा कि विराट कोहली ने लॉकडाउन के दौरान सिर्फ अनुष्‍का शर्मा की गेंदों का सामना किया। दरअसल, लॉकडाउन के दौरान विराट-अनुष्‍का का एक वीडियो सामने आया था, जिसमें ये स्‍टार कपल छत पर क्रिकेट खेल रहा था।

चूकि विराट कोहली उस दौरान पूरे समय घर में थे और आउटडोर ट्रेनिंग नहीं की थी। इसे ध्‍यान में रखते हुए गावस्‍कर ने कहा,  'लॉकडाउन था तो सिर्फ अनुष्‍का की बॉलिंग की प्रैक्टिस की उन्‍होंने। वो वीडियो देखी है। उससे तो कुछ नहीं होना है।' 

देखिए ये वीडियो

इससे साबित होता है कि सुनील गावस्‍कर ने विराट कोहली और अनुष्‍का शर्मा के बारे में कोई अभद्र टिप्‍पणी नहीं की थी। मगर फैंस ने उनके बयान को अपने मुताबिक मोड़ा और फिर जमकर खुन्‍नस निकाली। बड़ी बात यह है कि गावस्‍कर की बात पर सहमति जताते हुए साथी कमेंटेटर आकाश चोपड़ा ने कहा कि इनका ये वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हुआ था। ये कपल अपनी प्राइवेसी चाहता था, लेकिन फिर भी यह वीडियो सामने आया। ऐसे में गावस्‍कर गलत है या नहीं, ये बेहतर आप ही अंदाजा लगा सकते हैं।

End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!