CSK vs SRH: चेन्नई सुपर किंग्स की धमाकेदार वापसी, हैदराबाद को हराकर उम्मीदें कायम रखीं

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Oct 13, 2020, 11:18 PM IST

IPL 2020, CSK vs SRH: आईपीएल में मंगलवार को चेन्नई सुपर किंग्स और सनराइजर्स हैदराबाद के बीच दूसरे चरण का पहला मैच खेला गया। चेन्नई ने हैदराबाद को इस मैच में हराकर टूर्नामेंट में अपनी उम्मीदें कायम रखीं।

CSK vs SRH: चेन्नई सुपर किंग्स की धमाकेदार वापसी, हैदराबाद को हराकर उम्मीदें कायम रखीं
Photo Credit: Twitter

CSK vs SRH: मंगलवार को दुबई के मैदान पर आईपीएल 2020 का दूसरा चरण शुरू हो गया जहां सभी टीमें एक दूसरे के खिलाफ फिर से खेलेंगी। इस दूसरे लेग के पहले मैच में चेन्नई सुपर किंग्स और सनराइजर्स हैदराबाद की टीमें आमने-सामने थीं। चेन्नई सुपर किंग्स ने इस मैच में पहली बार टॉस जीतकर बल्लेबाजी करने का फैसला किया। पहले बल्लेबाजी करते हुए चेन्नई ने 20 ओवर में 6 विकेट के नुकसान पर 167 रन का स्कोर खड़ा किया। जवाब में उतरी हैदराबाद की टीम 20 ओवर में 8 विकेट पर 147 रन ही बना सकी और 20 रन से मैच गंवा दिया। इसके साथ ही चेन्नई सुपर किंग्स ने टूर्नामेंट में अपनी तीसरी जीत के साथ अपनी उम्मीदों को बरकरार रखा है।  

धोनी ने किए बड़े फैसले

एमएस धोनी ने सीजन में इससे पहले तीन बार टॉस जीता था और हर बार गेंदबाजी चुनी थी। इस बार करो या मरो के मैच में उन्होंने बल्लेबाजी का फैसला लिया। टीम में जगदीश सुचित की जगह पीयूष चावला को शामिल किया और ओपनिंग करने के लिए शेन वॉटसन की जगह इंग्लिश ऑलराउंडर सैम कुरेन को फाफ डुप्लेसिस के साथ भेजा।

सैम कुरेन ने दी अच्छी शुरुआत

सीजन में अब तक चेन्नई के लिए सबसे ज्यादा रन बनाने वाले फाफ डुप्लेसिस इस बार 0 पर संदीप शर्मा की गेंद पर विकेट के पीछे कैच आउट हो गए। इसके बाद सैम कुरन और शेन वॉटसन ने मोर्चा संभालते हुए शानदार बल्लेबाजी की। सैम कुरन ने 21 गेंदों पर 31 रनों की पारी खेली जिसमें 2 छक्के और 3 चौके शामिल रहे। उनको संदीप शर्मा ने बोल्ड किया।

शेन वॉटसन और रायुडू की साझेदारी

इसके बाद शेन वॉटसन ने अंबाती रायुडू के साथ मिलकर तेजी से स्कोर को आगे बढ़ाया। अंबाती रायुडू ने खलील अहमद की गेंद पर कैच आउठ होने से पहले 34 गेंदों में 41 रनों की पारी खेली। जबकि शेन वॉटसन ने 38 गेंदों में 42 रनों की पारी खेली। वॉटसन ने 3 छक्के और 1 चौका जड़ा। वहीं रायुडू ने 2 छक्के और 3 चौके जड़े। दोनों के बीच तीसरे विकेट के लिए 81 रनों की साझेदारी हुई।

इसके बाद महेंद्र सिंह धोनी ने 13 गेंदों पर 21 रनों की पारी खेली जिसमें एक छक्का और 2 चौके शामिल थे। जबकि अगली गेंद पर ड्वेन ब्रावो शून्य पर आउट होकर पवेलियन लौट गए। जडेजा ने 10 गेंदों पर 1 छक्के और 3 चौकों के साथ नाबाद 25 रनों की पारी खेली और चेन्नई का स्कोर 20 ओवर में 6 विकेट पर 167 रन तक पहुंच सका। हैदराबाद की तरफ से खलील, नटराजन और संदीप ने 2-2 विकेट लिए।

हैदराबाद का जवाब

जवाब में उतरी सनराइजर्स हैदराबाद की टीम की शुरुआत अच्छी नहीं रही और 27 रन के अंदर डेविड वॉर्नर (9) और मनीष पांडे (4) जल्दी आउट हो गए। जॉनी बेयरस्टो भी 23 रन ही बना सके जबकि प्रियम गर्ग 16 रन बनाकर आउट हो गए और विजय शंकर 12 रन पर आउट हो गए। गनीमत रही कि अनुभवी कीवी कप्तान केन विलियमसन ने 39 गेंदों में 57 रनों की शानदार पारी खेलकर माहौल बना दिया लेकिन उनके आउट होने के बाद हैदराबाद की टीम व फैंस की धड़कनें बढ़ गईं।

हालांकि अंत में राशिद खान (14) के कुछ शॉट्स काम नहीं आए और नदीम भी 5 रन बनाकर आउट हो गए। जिसके साथ ही हैदराबाद की टीम 8 विकेट खोकर सिर्फ 147 रन पर अटक गई और 20 रन से मैच गंवा दिया। चेन्नई की तरफ से कर्ण शर्मा और ब्रावो ने 2-2 विकेट लिए जबकि कुरन, जडेजा और शार्दुल ठाकुर ने 1-1 विकेट लिए।

दोनों टीमें

चेन्नई सुपर किंग्सः महेंद्र सिंह धोनी (कप्तान), सैम कुरन, फाफ डुप्लेसिस, शेन वॉटसन, अंबाती रायुडू, महेंद्र सिंह धोनी, रवींद्र जडेजा, ड्वेन ब्रावो, पीयूष चावला, दीपक चाहर, शार्दुल ठाकुर और कर्ण शर्मा।

सनराइजर्स हैदराबादः डेविड वॉर्नर (कप्तान), जॉनी बेयरस्टो, मनीष पांडे, केन विलियमसन, प्रियम गर्ग, विजय शंकर, राशिद खान, संदीप शर्मा, खलील अहमद, टी नटराजन और शाहबाज नदीम।

End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!