LIVE

IND vs PAK Highlights: भारत ने टी20 वर्ल्‍ड कप की हार का लिया बदला, पाकिस्‍तान को 5 विकेट से रौंदा

Ind vs Pak Highlights, Asia Cup 2022: भारतीय टीम ने रविवार को एशिया कप 2022 के हाई वोल्‍टेज मैच में चिर-प्रतिद्वंद्वी पाकिस्‍तान को 5 विकेट से हराया। पाकिस्‍तान द्वारा मिले 148 रन के लक्ष्‍य को भारत ने दो गेंदें शेष रहते 5 विकेट खोकर हासिल किया। हार्दिक पांड्या ने मैच विजयी छक्‍का जमाया।

टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटलटाइम्स नाउ नवभारत डिजिटलUpdated Aug 29, 2022, 11:53 IST
Follow on Google News
IND vs PAK Highlights: भारत ने टी20 वर्ल्‍ड कप की हार का लिया बदला, पाकिस्‍तान को 5 विकेट से रौंदा

भारत ने रविवार को एशिया कप 2022 के दूसरे मैच में चिर प्रतिद्वंद्वी पाकिस्‍तान को 5 विकेट से हराकर पिछले साल टी20 वर्ल्‍ड कप में मिली शिकस्‍त का बदला लिया। दुबई में खेले गए मुकाबले में पाकिस्‍तान ने पहले बल्‍लेबाजी की और पूरी टीम 147 रन पर ऑलआउट हो गई। जवाब में भारत ने 19.4 ओवर में 5 विकेट खोकर लक्ष्‍य हासिल किया। भारत की तरफ से हार्दिक पांड्या ने मैच विजयी छक्‍का जमाया। वो 17 गेंदों में चार चौके और एक छक्‍के की मदद से 33 रन बनाकर नाबाद रहे।

भारत की पारी का हाल

148 रन के लक्ष्‍य का पीछा करने उतरी भारत की शुरूआत बेहद खराब रही। नसीम शाह ने पहले ओवर की दूसरी गेंद पर केएल राहुल को क्‍लीन बोल्‍ड कर दिया। राहुल खाता नहीं खोल सके। यहां से विराट कोहली (35) और कप्‍तान रोहित शर्मा (12) ने दूसरे विकेट के लिए 49 रन की साझेदारी की। दोनों ही बल्‍लेबाज टाइमिंग करने के लिए संघर्षरत दिखे, लेकिन किसी तरह स्‍कोरबोर्ड चलाने में कामयाब रहे। विराट कोहली ने जरूर कुछ आकर्षक शॉट्स खेलकर फैंस का दिल जीता। 

मोहम्‍मद नवाज ने आठवें ओवर की आखिरी गेंद पर रोहित शर्मा को लांग ऑफ पर इफ्तिकार अहमद के हाथों कैच आउट कराकर भारत को दूसरा झटका दिया। नवाज ने अपने अगले ओवर में विराट कोहली भी लांग ऑफ में अहमद के हाथों कैच आउट कराया। यहां से रवींद्र जडेजा (35) और सूर्यकुमार यादव (18) ने भारतीय पारी संभालने का प्रयास किया। दोनों ने चौथे विकेट के लिए 36 रन जोड़े। नसीम शाह ने सूर्यकुमार यादव को क्‍लीन बोल्‍ड करके भारत की मुश्किलें बढ़ा दी।

यादव के आउट होने के बाद हार्दिक पांड्या (33*) बल्‍लेबाजी करने आए। उन्‍होंने जडेजा के साथ मिलकर भारतीय टीम को फंसे हुए मैच से निकालने का काम किया। जडेजा और पांड्या ने टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचाया। भारत को आखिरी ओवर में 7 रन की दरकार तब नवाज ने जडेजा को बोल्‍ड करके अपना तीसरा शिकार किया। फिर हार्दिक पांड्या ने लांग ऑन के ऊपर से छक्‍का जमाकर भारत की जीत पर मुहर लगाई। पाकिस्‍तान की तरफ से मोहम्‍मद नवाज ने सबसे ज्‍यादा तीन विकेट लिए। नसीम शाह को दो विकेट मिले।

INDIA vs PAKISTAN Asia Cup 2022 LIVE Cricket Score Online: Watch here

पाकिस्‍तन की पारी का हाल

इससे पहले भुवनेश्वर कुमार और हार्दिक पंड्या की शानदार गेंदबाजी के दम पर भारत ने एशिया कप टी20 क्रिकेट टूर्नामेंट के बहुचर्चित मुकाबले में रविवार को पाकिस्तान को 147 रन पर आउट कर दिया। भारतीय कप्तान रोहित शर्मा ने टॉस जीतकर गेंदबाजी का फैसला किया, जिसे भुवनेश्वर और हार्दिक की अगुवाई में गेंदबाजों ने सही साबित कर दिखाया।

भुवनेश्वर ने चार ओवर में 26 रन देकर चार विकेट लिये जिसमें पाकिस्तानी कप्तान बाबर आजम (10) का बेशकीमती विकेट शामिल था। वहीं हार्दिक ने चार ओवर में 25 रन देकर तीन विकेट चटकाये और पाकिस्तानी मध्यक्रम की कमर तोड़ दी। युवा तेज गेंदबाज अर्शदीप सिंह ने 33 रन देकर दो विकेट लिये। भारत-पाकिस्तान मैच में खेलने का अर्शदीप का यह पहला अनुभव था। भारत के लिये सभी दस विकेट तेज गेंदबाजों ने चटकाये।

भुवनेश्वर कुमार का पहला ओवर काफी सनसनीखेज रहा जिसमें पाकिस्तान के मोहम्मद रिजवान के पक्ष में डीआरएस के दो फैसले गए। इसी ओवर में बाबर ने स्ट्रेट ड्राइव पर चौका जड़ा। अंपायर ने रिजवान को दूसरी गेंद पर पगबाधा आउट दे दिया था लेकिन डीआरएस का फैसला बल्लेबाज के पक्ष में रहा। रिजवान ने 42 गेंद में 43 रन बनाये। चार गेंद बाद रिजवान ने विकेट के पीछे कैच थमाया लेकिन 'अल्ट्रा एज' देखने के बाद फैसला उनके पक्ष में रहा। भुवनेश्वर और अर्शदीप ने शुरूआती स्पैल में पिच से मिल रही मदद का पूरा फायदा उठाया।

भुवनेश्वर ने दूसरे ओवर में बाबर को बाउंसर डालकर चौका दिया और पुल शॉट खेलने के प्रयास में वह शॉर्ट फाइन लेग पर अर्शदीप को कैच दे बैठे। भारत ने तीसरे तेज गेंदबाज के तौर पर आवेश खान को उतारा और उन्होंने पहले ही ओवर में भारत को सफलता दिलाई। रिजवान ने उन्हें छक्का और चौका लगाया लेकिन पांचवीं गेंद पर आवेश ने फखर जमां को विकेट के पीछे दिनेश कार्तिक के हाथों लपकवाया जिन्हें अनुभव के आधार पर इस बड़े मुकाबले में ऋषभ पंत की जगह उतारा गया है।

दर्शकों के शोर में भारतीयों ने बल्ले पर गेंद लगने की आवाज नहीं सुनी, लेकिन फखर खुद मैदान छोड़कर चले गए। इस समय पाकिस्तान का स्कोर छह ओवर में दो विकेट पर 43 रन था। रिजवान ने तीसरे विकेट के लिये इफ्तिकार अहमद (22 गेंद में 28 रन) के साथ 45 रन जोड़े। हार्दिक ने दोनों बल्लेबाजों को आउट करके पाकिस्तान को बड़े स्कोर की ओर बढ़ने से रोक दिया। इसके बाद उन्होंने एक और शॉर्ट गेंद पर खुशदिल शाह का भी विकेट लिया। पाकिस्तान के लिये 11वें नंबर के बल्लेबाज शाहनवाज दहानी ने आखिरी दो ओवरों में भुवनेश्वर और अर्शदीप के खिलाफ दो छक्के जड़कर टीम को 150 के पास पहुंचाया। भारत ने आखिरी पांच ओवर में पांच विकेट लिये, लेकिन 45 रन भी दिये।

ऐसी हैं दोनों टीम: 

भारत की प्‍लेइंग 11 - रोहित शर्मा (कप्‍तान), केएल राहुल, विराट कोहली, सूर्यकुमार यादव, दिनेश कार्तिक, हार्दिक पांड्या, रवींद्र जडेजा, भुवनेश्‍वर कुमार, आवेश खान, युजवेंद्र चहल और अर्शदीप सिंह।

INDIA vs PAKISTAN T20 Live Cricket Streaming: Watch Live Telecast Online

पाकिस्तान की प्‍लेइंग 11 - बाबर आजम (कप्‍तान), मोहम्‍मद रिजवान, फखर जमान, इफ्तिकार अहमद, खुशदिल शाह, आसिफ अली, शादाब खान, मोहम्‍मद नवाज, नसीम शाह, हैरिस रउफ और शाहनवाज दहानी।

INDIA vs PAKISTAN Match LIVE Full Scorecard: Watch here

AUG 28, 2022 23:48 IST

भारत की शानदार जीत

भारत ने रविवार को एशिया कप 2022 के दूसरे मैच में चिर प्रतिद्वंद्वी पाकिस्‍तान को 5 विकेट से हराकर पिछले साल टी20 वर्ल्‍ड कप में मिली शिकस्‍त का बदला लिया। दुबई में खेले गए मुकाबले में पाकिस्‍तान ने पहले बल्‍लेबाजी की और पूरी टीम 147 रन पर ऑलआउट हो गई। जवाब में भारत ने 19.4 ओवर में 5 विकेट खोकर लक्ष्‍य हासिल किया। भारत की तरफ से हार्दिक पांड्या ने मैच विजयी छक्‍का जमाया। वो 17 गेंदों में चार चौके और एक छक्‍के की मदद से 33 रन बनाकर नाबाद रहे।

AUG 28, 2022 23:20 IST

भारत को जीत के लिए 3 ओवर में 32 रन की जरूरत

भारत और पाकिस्‍तान के बीच एशिया कप 2022 का मुकाबला बेहद रोमांचक हो गया है। भारतीय टीम को जीत के लिए 18 गेंदों में 32 रन की जरूरत है जबकि उसके 6 विकेट शेष हैं।

AUG 28, 2022 23:00 IST

नसीम शाह ने दिया जोरदार झटका

नसीम शाह ने 15वें ओवर में भारतीय टीम को जोरदार झटका दिया है। उन्‍होंने दूसरी गेंद पर सूर्यकुमार यादव को क्‍लीन बोल्‍ड किया। सूर्या ने 18 गेंदों में एक चौके की मदद से 18 रन बनाए। भारत को जीत के लिए 34 गेंदों में 59 रन की जरूरत है जबकि उसके 6 विकेट बचे हैं।

AUG 28, 2022 22:40 IST

पाकिस्‍तान की जबर्दस्‍त वापसी

मोहम्‍मद नवाज ने रोहित शर्मा (12) और विराट कोहली (35) को आउट करके भारतीय टीम को फिर दबाव में ला खड़ा किया है। रोहित और कोहली दोनों के कैच इफ्तिकार अहमद ने पकड़े। कोहली ने 34 गेंदों में तीन चौके और एक छक्‍के की मदद से 35 रन बनाए। रोहित शर्मा ने 18 गेंदों में 1 छक्‍के की मदद से 12 रन बनाए।

AUG 28, 2022 22:12 IST

विराट ने खेले आकर्षक शॉट्स

भारतीय टीम को खराब शुरूआत से विराट कोहली और रोहित शर्मा ने उबारा है। दोनों के बीच अब तक 28 रन की साझेदारी हो चुकी है। विराट कोहली ने इस बीच कुछ आकर्षक बाउंड्री जमाई और लय में लौटने की राह दिखाई। भारत ने 5 ओवर में 1 विकेट खोकर 29 रन बना लिए हैं। विराट कोहली 24* और रोहित शर्मा 4* रन बनाकर खेल रहे हैं।

AUG 28, 2022 21:48 IST

केएल राहुल बिना खाता खोले आउट

पाकिस्‍तान द्वारा मिले 148 रन के लक्ष्‍य का पीछा करने उतरी भारतीय टीम की शुरूआत बिगड़ गई है। डेब्‍यूटेंट नसीम शाह ने ओवर की दूसरी गेंद पर केएल राहुल को क्‍लीन बोल्‍ड कर दिया। नसीम ने लेंथ गेंद डाली, जो राहुल के बल्‍ले का अंदरूनी किनारा लेकर स्‍टंप्‍स में जा लगी। चौथी गेंद पर विराट कोहली को भी जीवनदान मिला। नसीम शाह की ऑफ स्‍टंप के बाहर की गेंद पर कोहली ने बल्‍ला अड़ाया। दूसरी स्लिप में फखर जमान ने कैच लेने का शानदार प्रयास किया, लेकिन इसे लपक नहीं पाए।

AUG 28, 2022 21:31 IST

भारत को मिला 148 रन का लक्ष्‍य

पाकिस्‍तान की पारी 19.5 ओवर में 147 रन पर ऑलआउट हुई। अर्शदीप सिंह ने शाहनवाज दहानी को बोल्‍ड करके पाक पारी का अंत किया। दहानी ने 6 गेंदों में दो छक्‍के की मदद से 16 रन बनाए। भारत की तरफ से भुवनेश्‍वर कुमार ने सबसे ज्‍यादा चार विकेट झटके। हार्दिक पांड्या ने तीन विकेट लिए। अर्शदीप सिंह के खाते में दो जबकि आवेश खान के खाते में एक सफलता आई। भारत को जीत के लिए 148 रन का लक्ष्‍य मिला है।

AUG 28, 2022 21:15 IST

अर्शदीप सिंह को मिली पहली सफलता

अर्शदीप सिंह ने पारी के 18वें ओवर की पहली ही गेंद पर मोहम्‍मद नवाज को विकेटकीपर दिनेश कार्तिक के हाथों कैच आउट कराकर अपना पहला शिकार किया। मोहम्‍मद नवाज ने 3 गेंदों में 1 रन बनाया। 

AUG 28, 2022 21:10 IST

भुवी ने पाक के किए खस्‍ता हाल

भुवनेश्‍वर कुमार ने पारी के 17वें ओवर में पाकिस्‍तान को छठा झटका दिया। उन्‍होंने तीसरी गेंद पर आसिफ अली को लांग ऑफ पर सूर्यकुमार यादव के हाथों कैच आउट कराया। भुवी ने धीमी गति की गेंद डाली, जिस पर अली बड़ा शॉट खेलने गए। उनकी टाइमिंग अच्‍छी नहीं रही और सूर्या ने कैच पकड़ने में कोई गलती नहीं की। आसिफ अली ने 7 गेंदों में 9 रन बनाए। 17 ओवर के बाद पाकिस्‍तान का स्‍कोर 114/6। शादाब खान 6* और मोहम्‍मद नवाज 1* रन बनाकर खेल रहे हैं।
 

AUG 28, 2022 20:56 IST

हार्दिक पांड्या ने एक ओवर में पाक को दिए दो जोरदार झटके

पाकिस्‍तान की टीम मुश्किलों से घिर गई है। हार्दिक पांड्या ने पारी के 15वें ओवर की पहली ही गेंद पर मोहम्‍मद रिजवान को डीप थर्ड मैन में आवेश खान के हाथों कैच आउट कराया। हार्दिक ने एक बार फिर बाउंसर का उपयोग किया, जिस पर रिजवान अपर कट खेलने गए। डीप थर्ड मैन पर मौजूद आवेश खान ने कैच लेने में कोई गड़बड़ी नहीं की। रिजवान ने 42 गेंदों में चार चौके और एक छक्‍के की मदद से 43 रन बनाए। हार्दिक पांड्या ने अपना दूसरा शिकार किया। दो गेंद बाद हार्दिक पांड्या ने डीप प्‍वाइंट पर खुशदिल शाह को रवींद्र जडेजा के हाथों कैच आउट कराया। खुशदिल शाह ने सात गेंदों में दो रन बनाए। भारत ने पाकिस्‍तान के पांचों विकेट बाउंसर पर लिए।

AUG 28, 2022 20:44 IST

हार्दिक पांड्या बने जोड़ी ब्रेकर

हार्दिक पांड्या ने पारी के 13वें ओवर में भारत को तीसरी सफलता दिलाई। उन्‍होंने बाउंसर डालकर इफ्तिकार अहमद (28) को विकेटकीपर दिनेश कार्तिक के हाथों कैच आउट कराया। अहमद ने 22 गेंदों में दो चौके और एक छक्‍के की मदद से 28 रन बनाए। 13 ओवर में पाकिस्‍तान का स्‍कोर 90/3। मोहम्‍मद रिजवान 38* और खुशदिल शाह 1* रन बनाकर खेल रहे हैं।

AUG 28, 2022 20:10 IST

पाकिस्‍तान का दूसरा विकेट गिरा

आवेश खान ने पारी के छठें ओवर में पाकिस्‍तान को दूसरा करारा झटका दिया। खान ने छठे ओवर की पांचवीं गेंद पर फखर जमान को विकेटीकपर दिनेश कार्तिक के हाथों कैच आउट कराया। फखर जमान 6 गेंदों में दो चौके की मदद से 10 रन बनाकर आउट हुए। आवेश खान ने 13 रन देकर एक विकेट लिया। 6 ओवर के बाद पाकिस्‍तान का स्‍कोर 43/2। मोहम्‍मद रिजवान 20* और इफ्तिकार अहमद 1* रन बनाकर खेल रहे हैं।

AUG 28, 2022 19:50 IST

भुवी ने किया बाबर का शिकार

भुवनेश्‍वर कुमार ने पारी के तीसरे ओवर में भारतीय टीम को तगड़ी सफलता दिलाई। उन्‍होंने ओवर की चौथी गेंद पर पाक कप्‍तान बाबर आजम को शॉर्ट फाइन लेग पर अर्शदीप सिंह के हाथों कैच आउट कराया। बाबर आजम ने 9 गेंदों में दो चौके की मदद से 10 रन बनाए। 

AUG 28, 2022 19:43 IST

भारतीय टीम का एशिया कप स्‍क्‍वाड

AUG 28, 2022 19:39 IST

भारत ने गंवाया रिव्‍यु

भारतीय टीम के लिए पारी का पहला ओवर भुवनेश्‍वर कुमार ने डाला। ओवर की आखिरी गेंद पर भारतीय टीम ने मोहम्‍मद रिजवान के कैच आउट की जोरदार अपील की। भारतीय टीम ने रिव्‍यु लिया, लेकिन रीप्‍ले में साफ दिखा कि रिजवान के बल्‍ले को बिना छुए गेंद विकेटकीपर के दस्‍तानों में गई। पाकिस्‍तान सुरक्षित। भारत ने गंवाया एक रिव्‍यु। 1 ओवर के बाद पाकिस्‍तान का स्‍कोर 6/0। बाबर आजम 5* और मोहम्‍मद रिजवान 1* रन बनाकर खेल रहे हैं।

AUG 28, 2022 19:26 IST

एशिया कप की ट्रॉफी के साथ दोनों कप्‍तान

AUG 28, 2022 19:11 IST

भारत की प्‍लेइंग 11

AUG 28, 2022 19:10 IST

विराट कोहली नंबर-1

AUG 28, 2022 19:10 IST

पाकिस्‍तान की प्‍लेइंग 11

बाबर आजम (कप्‍तान), मोहम्‍मद रिजवान, फखर जमान, इफ्तिकार अहमद, खुशदिल शाह, आसिफ अली, शादाब खान, मोहम्‍मद नवाज, नसीम शाह, हैरिस रउफ और शाहनवाज दहानी।

AUG 28, 2022 19:09 IST

भारत की प्‍लेइंग 11

रोहित शर्मा (कप्‍तान), केएल राहुल, विराट कोहली, सूर्यकुमार यादव, दिनेश कार्तिक, हार्दिक पांड्या, रवींद्र जडेजा, भुवनेश्‍वर कुमार, आवेश खान, युजवेंद्र चहल और अर्शदीप सिंह।

AUG 28, 2022 19:08 IST

बाबर आजम ने टॉस के बाद क्‍या कहा

पाकिस्‍तान के कप्‍तान बाबर आजम ने टॉस के बाद कहा, 'हम पहले गेंदबाजी करना चाहते थे, लेकिन यह हमारे हाथ में नहीं है। तीन तेज गेंदबाज, दो स्पिनर्स और नसीम शाह अपना डेब्‍यू कर रहे हैं।'

AUG 28, 2022 19:07 IST

रोहित ने टॉस के बाद क्‍या कहा

रोहित शर्मा ने टॉस जीतने के बाद कहा, 'मुझे नहीं लगता कि टॉस महत्‍वपूर्ण हैं। यहां कुछ सालों से खेल रहे हैं। मेरा विचार था कि यहां पर अच्‍छा विचार होगा कि हमारे सामने लक्ष्‍य हो। पिच पर कुछ घास है और हम उसका फायदा उठाना चाहते हैं। ऋषभ पंत दुर्भाग्‍यवश बाहर हैं। हम कार्तिक के साथ खेल रहे हैं। आवेश खान तीसरे तेज गेंदबाज हैं।'

AUG 28, 2022 19:05 IST

भारत ने जीता टॉस

भारतीय टीम के कप्‍तान रोहित शर्मा ने रविवार को एशिया कप 2022 के दूसरे मुकाबले में पाकिस्‍तान के खिलाफ टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया है। भारतीय टीम ने ऋषभ पंत पर दिनेश कार्तिक को तरजीह दी है। 

AUG 28, 2022 18:58 IST

कोहली पर होंगी फैंस की नजरें

AUG 28, 2022 18:40 IST

पाकिस्‍तान के लिए डेब्‍यू कर रहे हैं नसीम शाह

AUG 28, 2022 18:36 IST

स्‍टेडियम में पहुंची भारतीय टीम

AUG 28, 2022 17:46 IST

विराट कोहली की उपलब्धि पर टीम के साथ‍ियों का क्‍या है कहना

AUG 28, 2022 17:22 IST

रोहित शर्मा का वायरल वीडियो

भारतीय कप्तान रोहित शर्मा का एक वीडियो इंटरनेट पर खूब वायरल हो रहा है जिसमें उन्हें एक फैन को जवाब देते हुए देखा जा सकता है, एक फैन को भारत पाक मुकाबले से पहले भारत के एक प्रैक्टिस सत्र के बाद रोहित शर्मा से ऑटोग्राफ वाली जर्सी मांगते हुए सुना जा सकता है। एक छोटी क्लिप में, रोहित एक फैन को एक ऑटोग्राफ वाली टीशर्ट देने का वादा कर रहो हैं। इस वीडियो में रोहित कर रहे हैं ‘दूंगा दूंगा पक्का दूंगा,’। फिर एक दूसरे फैन ने पूछा, "रोहित भाई कब देंगे?’, तो उन्होंने तुरंत जवाब दिया- ‘अरे सीरीज तो खत्म होने दो भाई ..’ इस वीडियो को देखकर लोग तरह तरह के कमेंट कर रहे हैं।
AUG 28, 2022 16:51 IST

थोड़ा इंतजार का मजा लीजिए...

AUG 28, 2022 16:32 IST

पुजारा की पंत और कार्तिक में से कौन है पसंद और क्‍यों?

भारतीय बल्‍लेबाज चेतेश्वर पुजारा ने दिनेश कार्तिक और ऋषभ पंत में से किसी एक को प्‍लेइंग 11 में शामिल करना बड़ा सिरदर्द बताया। मगर दोनों में से किसी एक को ही अगर मौका देने की बात हो तो पुजारा ने पंत को कार्तिक पर तरजीह देने की बात की है। 

चेतेश्वर पुजारा ने भारत बनाम पाकिस्‍तान मुकाबले से पहले ईएसपीएन क्रिकइंफो के टी20 टाइम आउट प्रोग्राम में कहा, 'पहली बात तो टीम प्रबंधन के लिए यह बड़ा सिरदर्द है क्‍योंकि पंत और कार्तिक दोनों ही टी20 प्रारूप में अच्‍छा प्रदर्शन कर रहे हैं। मुश्किल बात यह है कि आप पांचवें नंबर पर बल्‍लेबाजी कराना चाहते हैं या फिर आप छठे या सातवें नंबर पर फिनिशर चाहते हैं।'

भारतीय टेस्‍ट स्‍पेशलिस्‍ट ने आगे कहा, 'तो मैं कहूंगा कि अगर आपको नंबर-5 पर बल्‍लेबाजी करने वाला चाहिए तो ऋषभ पंत बेहतर विकल्‍प हैं। मगर आपकी बल्‍लेबाजी को ऐसा क्रम चाहिए जिसमें बहुत अच्‍छा फिनिशर हो, जो 10 या 20 गेंदों में 40-50 रन बनाकर दे तो फिर कार्तिक बेहतर विकल्‍प होंगे।'

AUG 28, 2022 16:03 IST

भारतीय खिलाड़ियों का अभ्यास- PHOTOS

टीम इंडिया के खिलाड़ियों ने पिछले कुछ दिनों से भारत-पाकिस्तान एशिया कप मुकाबले के लिए जमकर पसीना बहाया है।
AUG 28, 2022 15:37 IST

इस बार नहीं है पिछले मैच का हीरो

टी20 विश्व कप 2021 में जब भारत और पाकिस्तान अंतिम बार टकराए थे तब पाकिस्तान ने 10 विकेट से जीत दर्ज की थी। उस मैच में जो पाकिस्तानी खिलाड़ी स्टार बना था, वो आज के मैच में नहीं खेल सकेगा। हम बात कर रहे हैं तेज गेंदबाज शाहीन अफरीदी की जो पैर में चोट के कारण इस मैच से बाहर हैं। पिछली बार शाहीन ने भारत के खिलाफ 31 रन देकर 3 विकेट लिए थे।

AUG 28, 2022 15:35 IST

आखिरी बार का स्कोर

भारत और पाकिस्तान की टीमें आखिरी बार 24 अक्टूबर 2021 को टी20 विश्व कप में इसी दुबई के मैदान पर टकराई थीं। उस मैच में भारत ने पहले बैटिंग करते हुए 7 विकेट खोकर 151 रन बनाए थे। जवाब में पाकिस्तान की टीम ने बिना कोई विकेट खोए लक्ष्य हासिल कर लिया था।

AUG 28, 2022 15:20 IST

पाकिस्तान के घातक खिलाड़ी

पाकिस्तानी टीम में भी कुछ घातक खिलाड़ी मौजूद हैं जिनसे टीम इंडिया को संभलकर रहना होगा। इनमें तीन खिलाड़ी जिनका नाम सबसे ऊपर आता है, वो हैं- बाबर आजम, मोहम्मद रिजवान और शादाब खान।

AUG 28, 2022 14:44 IST

टीम इंडिया के 5 अहम खिलाड़ी

विराट कोहली, रोहित शर्मा, युजवेंद्र चहल, केएल राहुल और रिषभ पंत।

AUG 28, 2022 13:32 IST

भारत और पाकिस्तान के बीच आखिरी नतीजा

भारत और पाकिस्तान की टीमों के बीच आखिरी बार 24 अक्टूबर 2021 को दुबई अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में टी20 मैच (टी20 विश्व कप) खेला गया था। उस मैच में पाकिस्तान ने 10 विकेट से जीत दर्ज की थी। आईसीसी के किसी विश्व कप में पाकिस्तान की भारत के खिलाफ वो पहली जीत थी।

AUG 28, 2022 13:23 IST

भारत-पाकिस्तान आंकड़े

अब तक दोनों देशों के बीच 9 टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच खेले जा चुके हैं जिसमें 7 मैच भारत ने जीते हैं जबकि 2 मैच पाकिस्तान ने जीते हैं।

AUG 28, 2022 12:28 IST

कोच राहुल द्रविड़ ठीक हुए

टीम इंडिया के मुख्य कोच राहुल द्रविड़ भारत-पाकिस्तान मैच से पहले कोविड-19 से उबरकर एक बार फिर टीम इंडिया से जुड़ गए हैं।

AUG 28, 2022 12:14 IST

भारत के दो बड़े खिलाड़ियों की वापसी

भारत और पाकिस्तान के बीच होने जा रहे मैच में दो भारतीय खिलाड़ियों की मैदान पर वापसी होने जा रही है। एक तरफ विराट कोहली मैदान पर लौटेंगे जो वेस्टइंडीज के खिलाफ सीरीज से पूरी तरह बाहर रहे थे। वहीं दूूसरी तरफ उपकप्तान केएल राहुल भी वापसी कर रहे हैं।

AUG 28, 2022 12:01 IST

एशिया कप के पहले मैच का नतीजा

एशिया कप के पहले मैच में शनिवार को अफगानिस्तान ने श्रीलंका को हराकर बड़ा उलटफेर किया और टूर्नामेंट में विजयी आगाज किया।

AUG 28, 2022 11:41 IST

एशिया की सबसे बड़ी टक्कर

भारत-पाकिस्तान मैच का टीजर वीडियो
AUG 28, 2022 11:39 IST

क्या आज ये भारतीय बनेगा हीरो?

भारत और पाकिस्तान के बीच होने जा रहे एशिया कप मैच में आज एक भारतीय खिलाड़ी से सभी को काफी उम्मीदें रहेंगी। हम बात कर रहे हैं हार्दिक पांड्या की जिन्होंने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में वापसी के बाद लगातार शानदार प्रदर्शन किया है।

AUG 28, 2022 11:31 IST

पाकिस्तानी फैंस की नजरें इस खिलाड़ी पर

पिछले कुछ समय से एक खिलाड़ी जो पाकिस्तानी टीम के लिए ट्रंप कार्ड साबित हुआ है, उसका नाम है मोहम्मद रिजवान। इस विकेटकीपर ओपनर पर एक बार फिर सबकी नजरें टिकी होंगी।

AUG 28, 2022 11:22 IST

भारत-पाक संभावित प्लेइंग-11

इंडिया की संभावित प्लेइंग इलेवन- रोहित शर्मा (c), केएल राहुल, विराट कोहली, सूर्यकुमार यादव, ऋषभ पंत (wk), हार्दिक पांड्या, दिनेश कार्तिक, रवींद्र जडेजा, भुवनेश्वर कुमार, अर्शदीप सिंह, युजवेंद्र चहल

पाकिस्तान की संभावित प्लेइंग इलेवन- बाबर आजम (c), फखर जमान, मोहम्मद रिजवान (wk), खुशदिल शाह, हैदर अली, मोहम्मद नवाज, शादाब खान, हारिस रउफ, नसीम शाह, उस्मान कादिर, शाहनवाज दहानी

AUG 28, 2022 11:20 IST

भारत और पाकिस्तान महामुकाबला आज

आज जब भारत और पाकिस्तान की टीमें एशिया कप में एक बार फिर टकराएंगी तो प्लेइंग-11 पर सबकी नजरें टिकी होंगी।

AUG 28, 2022 04:41 IST

रोहित ने पत्रकार को दिया मजेदार जवाब

रोहित शर्मा से जब प्लेइंग इलेवन के बारे में पूछा गया तो उन्होंने शानदार जवाब दिया। उनसे ओपनर के बारे में पूछा गया तो जवाब दिया कि कल टॉस के बाद देख लेना मेरे साथ ओपन करने कौन आएगा। थोड़ा तो सीक्रेट हमें भी रखने दो यार। भारतीय कप्‍तान ने आगे कहा, 'हमने अपनी प्‍लेइंग 11 निर्धारित नहीं की है। हम आज मैच देखने के बाद फैसला करेंगे। मैच उसी विकेट पर खेला जाएगा।' रोहित ने साथ ही संकेत दिए कि दिनेश कार्तिक को प्‍लेइंग 11 में जगह मिल सकती है। रोहित शर्मा ने कहा, 'सभी युवा गेंदबाजों के पास टीम में जगह पाने का मौका है। हम जिम्‍मेदारी देने के लिए खुले हैं और देखेंगे कि वो कैसे प्रतिक्रिया देते हैं। हम सर्वश्रेष्‍ठ प्‍लेइंग 11 के साथ मैदान संभालने की कोशिश करेंगे। दिनेश कार्तिक ने पिछले कुछ समय में अच्‍छा प्रदर्शन किया है। हमने कुछ चीजें करने का फैसला किया है। हम शायद असफल हो। जहां तक संयोजन की बात है तो आपको कल पता चल जाएगा। हमने ग्रुप में कुछ चीजें आजमाने का फैसला किया है और हम परिणाम की चिंता नहीं करेंगे।'

AUG 28, 2022 00:05 IST

विराट कोहली जमाएंगे 'स्पेशल शतक'

विराट कोहली पाकिस्तान के खिलाफ मैदान पर उतरते ही एक 'स्पेशल शतक' जमाएंगे। दरअसल, कोहली रविवार को अपने अंतरराष्ट्रीय करियर का 100 मैच खेलेंगे। उन्होंने अपने पहला टी20 इंटरनेशनल मैच साल 2010 में जिंबाब्वे के विरुद्ध खेला था।

AUG 27, 2022 22:42 IST

रोहित का मेंटल हेल्‍थ इश्‍यू पर बयान

रोहित शर्मा ने स्‍वीकार किया कि मानसिक स्‍वास्‍थ्‍य एक मामला है कि कई खिलाड़‍ियों को कोविड-19 महामारी के बाद संघर्ष करना पड़ा। भारतीय कप्‍तान ने कहा, 'हम इन चीजों के बारे में बहुत बातें करते हैं। जब कोविड-19 आया तो कई खिलाड़‍ियों के लिए मुश्किल हुई सिर्फ विराट कोहली के लिए ही नहीं। कई खिलाड़ी मानसिक रूप से कड़े समय से गुजरे। बबल में रहना। होटल के बाहर नहीं जाना और इसमें कुछ गलत नहीं है।'

AUG 27, 2022 22:08 IST

पाकिस्‍तान की तैयारियां जोरों पर

AUG 27, 2022 21:56 IST

रोहित शर्मा की प्रेस कांफ्रेंस

AUG 27, 2022 21:11 IST

विराट ने बांधे बाबर की तारीफों के पुल

भारतीय टीम के पूर्व कप्‍तान विराट कोहली ने पाकिस्‍तान के कप्‍तान बाबर आजम की जमकर तारीफ की। कोहली ने कहा कि बाबर आजम संभवत: क्रिकेट के सभी प्रारूपों में दुनिया के सर्वश्रेष्‍ठ बल्‍लेबाजों में से एक हैं। कोहली ने कहा, 'मेरी उनसे पहली बार बातचीत 2019 वर्ल्‍ड कप में मैच के बाद हुई थी। उनसे और इमाद वसीम से। इमाद वसीम को मैं अंडर-19 क्रिकेट के समय से जानता हूं। हमने एक-दूसरे के खिलाफ खेला है। इमाद ने कहा कि बाबर मुझसे बात करना चाहता है। हम बैठें और मैच के बारे में बातें की। मैंने देखा कि वो काफी इज्‍जत करते हैं और यह अब तक नहीं बदला जबकि वो निरंतर प्रदर्शन कर रहे हैं और संभवत दुनिया के सर्वश्रेष्‍ठ बल्‍लेबाजों में से एक है। वो शानदार प्रतिभा हैं और मैंने हमेशा उन्‍हें खेलते देखने का आनंद उठाया। मैंने उनकी सोच या बर्ताव में मेरे लिए कभी बदलाव नहीं देखा, जो किसी शख्‍स की बहुत अच्‍छी आदत है कि वो बहुत जमीन से जुड़ा हुआ है।'

AUG 27, 2022 20:15 IST

वसीम जाफर ने चुनी भारत की प्‍लेइंग 11

क्रिकेट विशेषज्ञ इस समय भारत-पाकिस्‍तान के बीच हेड टू हेड रिकॉर्ड, दोनों टीमों के प्रमुख खिलाड़ी, बाबर आजम और विराट कोहली के बीच तुलना पर चर्चा कर रहे हैं। भारत-पाकिस्‍तान मुकाबले के बढ़ते उत्‍साह के बीच पूर्व भारतीय ओपनर वसीम जाफर ने भारत की प्‍लेइंग 11 का अनुमान लगाया है। वसीम जाफर के बारे में बता दें कि इन्‍होंने फैंस से सोशल मीडिया किंग की उपाधि हासिल कर रखी है। जाफर अपने चुटीले और मस्‍तीभरे ट्वीट के लिए जाने जाते हैं। जाफर जब क्रिकेट खेलते थे तो काफी गंभीर थे और संन्‍यास के बाद उनका यह अवतार फैंस को काफी पसंद है।

वसीम जाफर ने जो प्‍लेइंग 11 चुनी, वो आप यहां क्लिक करके पढ़ सकते हैं

AUG 27, 2022 19:44 IST

रोहित शर्मा एशिया कप के मुकाबले में पाकिस्‍तान को करेंगे हैरान, कुछ अलग हटकर करने का किया दावा

रोहित शर्मा ने शनिवार को मैच की पूर्व संध्‍या पर प्रेस कांफ्रेंस में कहा, 'टीम का माहौल शानदार है। नया टूर्नामेंट और नई शुरूआत। पहले जो हुआ, उस पर हम कुछ नहीं सोचेंगे। पाकिस्‍तान के खिलाफ चुनौतीपूर्ण होगा। हम एक समय में एक ही मैच को लेकर चलेंगे। हमने अब तक प्‍लेइंग 11 तय नहीं की है। हम आज का मैच देखने के बाद फैसला करेंगे। मैच इसी विकेट पर होना है। हमने कुछ नहीं चीजें करने का फैसला किया है। हम शायद सफल नहीं होंगे। जहां तक टीम संयोजन का सवाल है तो आपको कल पता चल जाएगा। हमने परिणाम की परवाह किए बिना कुल अलग हटकर करने का सोचा है।'

AUG 27, 2022 19:18 IST

रोहित शर्मा ने बाबर आजम से किया सवाल, पाक कप्‍तान ने जानिए क्‍या दिया जवाब

भारत और पाकिस्‍तान के बीच रविवार को एशिया कप 2022 का हाई वोल्‍टेज मुकाबला दुबई में खेला जाएगा। इस कड़े मुकाबले से पहले भारत और पाकिस्‍तान के कप्‍तान रोहित शर्मा व बाबर आजम के बीच ट्रेनिंग सेशन के दौरान मजेदार बातचीत हुई। इस दौरान रोहित शर्मा ने बाबर आजम से एक मजेदार सवाल किया, जिसका पाक कप्‍तान ने बिना झिझके जवाब दिया।

इस लिंक पर क्लिक करके जानिए आखिर क्‍या है पूरा मामला

AUG 27, 2022 18:55 IST

नहीं कर सकते विराट को हल्के में लेने की भूल: सकलैन मुश्ताक

पाकिस्तान क्रिकेट टीम के हेड कोच सकैलन मुश्ताक ने भारत के खिलाफ मुकाबले से पहले कहा है कि वो विराट कोहली को हल्के में लेने की भूल नहीं कर सकते। भले ही वो फॉर्म में नहीं हैं लेकिन वो पिछले 12-15 साल से क्रिकेट की दुनिया पर राज कर रहे है और बड़ी पारी खेलने के लिए बेताब हैं। ऐसे में निश्चित तौर पर वो ऐसे खिलाड़ी हैं जिन्हें कमतर आंका जाए। 

AUG 27, 2022 18:48 IST

भारत एशिया कप में जड़ चुका है पाकिस्तान के खिलाफ जीत की हैट्रिक

टीम इंडिया ने पाकिस्तान के खिलाफ एशिया कप में खेले पिछले तीन मुकाबलों में जीत हासिल की है। यानी एशिया कप में भारत के पास पाकिस्तान के खिलाफ जीत का चौका जड़ने का शानदार मौका है। 

AUG 27, 2022 18:43 IST

आठवीं बार खिताब अपने नाम करने उतरेगी टीम इंडिया

टीम इंडिया ने इससे पहले आयोजित 14 बार आयोजित हो चुके एशिया कप में में 7 बार खिताब टीम इंडिया के नाम रहा है। इसमें से एक बार भारत ने टूर्नामेंट में भाग नहीं लिया था। ऐसे में टीम इंडिया 15वें संस्करण में आठवीं बार खिताब जीतने के इरादे से उतरेगी। 

AUG 27, 2022 18:37 IST

पिछले 12 महीने में ऐसा रहा है पाकिस्तान और भारत का टी20 में प्रदर्शन

भारत और पाकिस्तान के बीच रविवार को दुबई में खेले जाने वाले मुकाबले से पहले पिछले 12 महीने में भारत ने जहां 29 मैच खेले और इसमें से 22 में जीत हासिल की है। वहीं पाकिस्तान पिछले 12 महीने में 13 टी20 मैच खेले जिसमें से केवल 2 में उसे हार का मुंह देखना पड़ा है। 

AUG 27, 2022 18:29 IST

वन मैन ऑर्मी नहीं है पाकिस्तान की टीम: बाबर आजम

बाबर ने कहा, हमारी टीम मैच विनर्स से भरी पड़ी है। वो शाहीन अफरीदी की गैरमौजूदगी में टीम के लिए उठ खड़े होंगे और अपने कंधों पर अतिरिक्त जिम्मेदारी लेंगे। पिछले साल विश्व कप के दौरान हमने यह साबित कर दिया था कि हम वन मैन टीम नहीं हैं। पांच लीग मैच में हमारी टीम के पांच अलग-अलग खिलाड़ी मैन ऑफ द मैच बने थे। 

AUG 27, 2022 18:26 IST

मैच विनर्स से भरी है हमारी टीम: बाबर आजम

बाबर आजम ने भारत के खिलाफ एशिया कप में पहले मुकाबले से पहले कहा है कि उनकी टीम में कई प्रतिभाशाली क्रिकेटर और मैच विनर हैं। उन्होंने अपनी टीम के ऊपर भरोसा जताया है। बाबर ने कहा, मैं हमेशा से मानता हूं कि पाकिस्तान के लिए खेलने और प्रदर्शन करने के लिए मुझे और किसी मॉटिवेशन की जरूरत नहीं है। वैश्विक स्तर पर अपनी टीम का प्रतिनिधित्व करना मेरे लिए बड़े सम्मान और गर्व की बात है। मैं हमेशा अपने देश को गौरान्वित करना चाहता हूं। 

AUG 27, 2022 18:17 IST

एशिया कप के फाइनल में नहीं हुई भारत पाकिस्तान की भिड़ंत

भारत और पाकिस्तान के बीच एशिया कप के 14 संस्करणों में खिताबी जंग में भारत और पाकिस्तान का आमना सामना नहीं हुआ है। इस बार लेकिन ऐसा होने की पूरी संभावना है।

AUG 27, 2022 18:09 IST

इन दो को विराट ने बताया पाकिस्तान के खिलाफ अपनी सर्वश्रेष्ठ पारियां

एशिया कप में साल 2013 में खेली 183 रन की और साल 2016 में मीरपुर में खेली 49 रन की पारी को पाकिस्तान के खिलाफ सर्वश्रेष्ठ बताया है। विराट ने कहा है कि ये दो पारियां उनके लिए यादगार रहेंगी। विराट ने साल 2013 में पाकिस्तान के खिलाफ लक्ष्य का पीछा करते हुए 148 गेंद में 183 रन की पारी खेली थी और टीम की जीत में अहम भूमिका अदा की थी। वहीं साल 2016 में टी20 फॉर्मेट में खेले गए एशिया कप में विराट ने जीत के लिए 84 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए भारत को 5 विकेट से जीत दिलाई थी। 8 रन पर भारत ने 3 विकेट गंवा दिए थे। इसके बाद विराट ने एक छोर थामकर 51 गेंद में 49 रन की पारी खेली थी। 

AUG 27, 2022 17:44 IST

पाक के खिलाफ विराट का रहा है दबदबा

पाकिस्तान के खिलाफ खेले 9 टी20 मैच में से भारत के लिए पांच बार टॉप स्कोरर विराट कोहरी रहे हैं। ऐसा उन्होंने केवल 7 मैच खेलकर किया है। अन्य खिलाड़ी केवल 4 बार पाकिस्तान के खिलाफ टीम इंडिया के लिए टॉप स्कोरर रहे हैं जिसमें से 2 मैच विराट ने नहीं खेले। 

AUG 27, 2022 17:36 IST

विराट ने बाबर को बताया मौजूदा वक्त का सबसे बेहतरीन बल्लेबाज

विराट कोहली ने बाबर आजम को मौजूदा दौर का तीनों फॉर्मेट में सबसे सफल बल्लेबाज बताते हुए कहा, बाबर संभवत: वर्तमान में तीनों फॉर्मेट के सर्वश्रेष्ठ बल्लेबाज हैं। मुझे उनकी बल्लेबाजी देखने में मजा आता है। 
 

AUG 27, 2022 17:32 IST

जो दबाव का सामना अच्छी तरह करेगा वो सर्वश्रेष्ठ बनकर उभरेगा

AUG 27, 2022 17:27 IST

बाबर और रोहित की हुई मैच की पूर्व संध्या पर मुलाकात

AUG 27, 2022 16:33 IST

पाकिस्तान के खिलाफ मुकाबले के लिए वसीम जाफर ने चुनी भारत की प्लेइंग-11

रोहित शर्मा, केएल राहुल, विराट कोहली, सूर्यकुमार यादव, दिनेश कार्तिक/ऋषभ पंत, रवींद्र जडेजा, भुवनेश्वर कुमार, रवि बिश्नोई, युजवेंद्र चहल, अर्शदीप सिंह। (अगर पंत खेले तो वो पांचवें नंबर पर करेंगे बल्लेबाजी)

AUG 27, 2022 16:28 IST

पिछले पांच मुकाबलों में भारत का पलड़ा रहा है भारी

भारत और पाकिस्तान के बीच खेले गए पिछले पांच मैच में से चार में भारतीय टीम को जीत मिली है जबकि 1 में पाकिस्तान को जीत मिली है। यह मुकाबला पिछले साल टी20 विश्व कप के दौरान खेला गया था। 

AUG 27, 2022 15:48 IST

एक महीने तक विराट कोहली ने नहीं छुआ बल्ला

विराट कोहली ने कहा, मुझे याद स्वीकार करने में कोई हिचक नहीं कि मैं मानसिक रूप से कमजोर पड़ गया था। पिछले 10 वर्षों में पहली बार मैंने एक महीने तक अपने बल्ले को छुआ तक नहीं। मुझे यह अहसास हुआ कि मैं कुछ अवसरों पर दिखावे का जोश दिखा रहा था।

AUG 27, 2022 14:56 IST

पाकिस्तान के खिलाफ टी20 में चलता है विराट का बल्ला 

विराट कोहली का अंतरराष्ट्रीय टी20 में पाकिस्तान के खिलाफ बल्ला चलता है। उन्होंने पाकिस्तान के खिलाफ अबतक खेले 7 मैच की 7 पारियों में 77.78 के औसत और 118.25 के स्ट्राइक रेट से 311 रन बनाए हैं। उन्हों पाकिस्तान के खिलाफ तीन अर्धशतक जड़े हैं। नाबाद 78 उनका सर्वाधिक स्कोर रहा है। 

AUG 27, 2022 14:17 IST

IND vs PAK: क्या भारत के लिए फिर खतरा बनेगी रिजवान-बाबर की जोड़ी?

24 अक्टूबर 2021 को खेले गए टी20 वर्ल्ड कप के मुकाबले में भारत के जबड़े से जीत छीनने में बाबर आजम और मोहम्मद रिजवान की सलामी जोड़ी की अहम भूमिका रही थी। जीत के लिए मिले 152 रन के लक्ष्य को पाकिस्तान ने 17.5 ओवर में बगैर किसी नुकसान के हासिल कर लिया था। रिजवान ने 55 गेंद में 79* और बाबर आजम ने 52 गेंद में 68* रन बनाकर नाबाद रहे थे।

AUG 27, 2022 13:40 IST

विराट कोहली जड़ें शतक लेकिन पाकिस्तान के खिलाफ नहीं: शादाब

पाकिस्तान के उपकप्तान शादाब खान ने शुक्रवार को कहा है कि विराट कोहली एशिया कप में शतक जड़ें लेकिन पाकिस्तान के खिलाफ नहीं। मैंने उनके खेल में कोई तब्दीली नहीं देखी है और चाहता हूं कि वो इस टूर्नामेंट में बड़ी पारी खेलें। 

AUG 27, 2022 13:28 IST

विराट के लिए करियर बदलने वाला साबित हो सकता है एशिया कप: दानिश कनेरिया

दानिश कनेरिया ने कहा कि विश्व कप कुछ ही महीने में होने वाला है। ऐसे में अगर विराट कोहली एशिया कप में शानदार प्रदर्शन करते हैं तो यह उनके लिए करियर को बदलने वाला साबित होगा। एक बार वो फॉर्म में आ गए तो अगल तीन चार साल तक फॉर्म में बने रहेंगे। 

AUG 27, 2022 12:30 IST

टी20 मैचों का सैकड़ा पूरा करेंगे विराट

विराट कोहली रविवार को जैसे ही पाकिस्तान के खिलाफ दुबई में मैच खेलने उतरेंगे वो अंतरराष्ट्रीय टी20 मैचों का शतक पूरा कर लेंगे। इसके साथ ही वो तीनों फॉर्मेट में 100 या उससे ज्यादा मैच खेलने वाले पहले भारतीय बन जाएंगे। 

AUG 27, 2022 11:49 IST

IND vs PAK: एशिया कप में ऐसी रही है भारत पाकिस्तान के बीच भिड़ंत

भारत और पाकिस्तान के बीच एशिया कप में अबतक कुल 14 मैच खेले गए हैं। जिसमें से 8 में भारत और 5 में पाकिस्तान विजयी हुआ है। जबकि साल 1997 में खेले गया एक मुकाबला बराबरी पर समाप्त हुआ था। 

AUG 27, 2022 11:29 IST

विराट को टीम के साथ-साथ खुद के लिए बनाने होंगे रन: गांगुली

बीसीसीआई अध्यक्ष सौरव गांगुली ने एशिया कप के आगाज से पहले फॉर्म से जूझ रहे विराट कोहली के बारे में कहा है कि उन्हें टीम के साथ-साथ खुद के लिए भी रन बनाने होंगे। आशा करता हूं कि उनके लिए ये सीजन सुखद होगा। हम सभी को विश्वास है कि वो वापसी करने में सफल होंगे। 

AUG 27, 2022 11:25 IST

भारत से मुकाबले से पहले पाकिस्तानी खिलाड़ी भी जमकर बहा रहे हैं पसीना

AUG 27, 2022 11:21 IST

विराट ने कहा, किसी भी कीमत पर टीम को दिलाना चाहता हूं जीत

AUG 27, 2022 11:14 IST

ऐसी रही है दोनों के बीच टी20 में भिड़ंत

भारत और पाकिस्तान के बीच अंतरराष्ट्रीय टी20 में अबतक कुल 9 मैच खेले गए हैं। जिसमें से 7 बार जीत टीम इंडिया के और 2 बार पाकिस्तान के हाथ लगी है। 

AUG 27, 2022 11:08 IST

हसन अली को मिला मोहम्मद वसीम की जगह मौका

फॉर्म से जूझ रहे ऑलराउंडर हसन अली को एशिया कप के लिए नहीं चुना गया था लेकिन मोहम्मद वसीम की चोट ने इस अनुभवी खिलाड़ी के लिए एक बार फिर से टीम के दरवाजे खोल दिए हैं। उन्हें टीम में शामिल किए जाने का पीसीबी ने आधिकारिक तौर पर ऐलान कर दिया है। 

AUG 27, 2022 11:06 IST

मोहम्मद वसीम जूनियर भी हुए बाहर

पाकिस्तानी टीम के तेज गेंदबाज मोहम्मद वसीम जूनियर पीठ की मांसपेशियों में खिंचाव की वजह से एशिया कप से बाहर हो गए हैं। पीठ में दर्द की शिकायत के बाद उनका एमआरआई कराया गया था जिसकी रिपोर्ट आने के बाद वो टूर्नामेंट से बाहर हो गए। 

AUG 27, 2022 11:02 IST

नहीं हैं दोनों टीमों के दिग्गज गेंदबाज

भारत और पाकिस्तान दोनों ही टीमें गेंदबाजी में अपने सबसे अहम हथियार के बगैर मैदान में उतरेंगी। पाकिस्तान की टीम के अगुआ गेंदबाज शाहीन अफरीदी चोट की वजह से टूर्नामेंट में नहीं खेल रहे हैं। वहीं चोटिल जसप्रीत बुमराह को टूर्नामेंट के लिए टीम में जगह नहीं दी गई है। 

AUG 27, 2022 11:01 IST

हिसाब चुकता करने पर होगी रोहित की सेना की नजर

रोहित शर्मा की कप्तानी वाली भारतीय टीम की नजर टी20 विश्व कप 2021 के पहले मुकाबले में पाकिस्तान के खिलाफ 10 विकेट से मिली करारी हार का हिसाब चुकता करने पर होगी। 

AUG 27, 2022 11:00 IST

IND vs PAK: नौ महीने बाद होगा आमना सामना

भारत और पाकिस्तान की क्रिकेट टीमें नौ महीने के अंतराल के बाद एक दूसरे से भिड़ेंगी। पिछले साल दुबई में ही दोनों टीमें टी20 विश्व कप के दौरान एक दूसरे से भिड़ी थीं। उस मैच में पाकिस्तान ने भारत को 10 विकेट से मात दी थी।