IndvAus 2nd ODI, Match Updates: भारतीय टीम को फिर मिली करारी शिकस्त, ऑस्ट्रेलिया ने सीरीज में बनाई 2-0 की बढ़त
India vs Australia 2nd ODI: भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच रविवार को दूसरा वनडे खेला गया। ऑस्ट्रेलिया ने यह मुकाबला 51 रन से जीत लिया।
भारत और ऑस्ट्रेलिया तीन मैचों की वनडे सीरीज के दूसरे मुकाबले में टकराए। दोनों टीमों के बीच यह मुकाबला सिडनी क्रिकेट ग्राउंड (एससीडी) में खेला गया। ऑस्ट्रेलिया ने पहले वनडे की तरह इस मैच में भारत को करारी शिकस्त दी।
ऑस्ट्रेलिया ने 51 रन से जीता मैच
ऑस्ट्रेलिया ने भारत के खिलाफ दूसरा वनडे भी अपने नाम कर लिया है। विशाल स्कोर वाले इस मुकाबले में भारत को 51 रन से हार का मुंह देखना पड़ा। इसी जीत के साथ कंगारू टीम ने तीन मैचों की वनडे सीरीज में 2-0 की बढ़त बना ली है। मेजबान टीम ने बीते शुक्रवार को पहले वनडे में भारत को 66 रनों से मात दी थी। ऑस्ट्रेलिया ने रविवार को एससीजी मैदान पर पहले बल्लेबाजी करते हुए भारत के सामने 390 रनों का लक्ष्य रखा था। जवाब में भारतीय टीम निर्धारित 50 ओवर में 9 विकेट गंवाकर 338 रन ही बना पाई।
भारत के लिए कप्तान विराट कोहली (89) ने सबसे ज्यादा रन बनाए। कोहली के अलावा केएल राहुल (76), श्रेयस अय्यर (38), शिखर धवन (30), मयंक अग्रवाल (28), हार्दिक पांड्या (28) रवींद्र जडेजा (24), जसप्रीत बुमराह (0) और मोहम्मद शमी ने 1 रन का योगदान दिया। ऑस्ट्रेलिया के लिए पैट कमिंस ने तीन, जोश हेजलवुड-एडम जाम्पा ने दो-दो और मोइजेज हेनरिक्स-ग्लेन मैक्सवेल ने एक-एक विकेट झटका।
इससे पहले ऑस्ट्रेलिया ने टॉस जीतकर निर्धारित 50 ओवर में 4 विकेट के नुकसान पर 389 रन बनाए थे। ऑस्ट्रेलिया की तरफ से स्टीव स्मिथ (104) ने सर्वाधिक रन बनाए।स्मिथ ने इस सीरीज में लगातार दूसरा शतक जमाया। साथ ही डेविड वॉर्नर (83), मार्नस लाबुशेन (70) और आरोन फिंच (60) ने भी शानदार बल्लेबाजी की। वहीं, एलेक्स कैरी 17 और पैट कमिंस 1 रन बनाकर नाबाद पवेलियन लौटे। भारत के लिए मोहम्मद शमी, जसप्रीत बुमराह, हार्दिक पांड्या ने एक-एक विकेट हासिल किया जबकि ऑस्ट्रेलिया का एक बल्लेबाज रन आउट हुआ।
अंतिम 6 ओवरों में भारत ने बनाए 47 रन
आखिरी 6 ओवरों में भारत को जीत के लिए 99 रन की जरूरत थी। हालांकि, टीम सिर्फ 47 रन ही बना पाई। भारत ने इस दौरान रवींद्र जडेजा (24), हार्दिक पांड्या (28), मोहम्मद शमी (1) और जसप्रीत बुमराह के रूप में चार विकेट खोए।
केएल राहुल बने एडम जाम्पा का शिकार
भारत को पांचवां झटका केएल राहुल के रूप में लगा। उन्होंने शानदार अर्धशतकीय पारी खेली। राहुल ने 66 गेंदों में 4 चौकों और 5 छक्कों के जरिए 76 रन बनाए। वह 44वें ओवर में स्पिनर एडम जाम्पा का शिकार बने। उन्होंने छक्के मारने की कोशिश में हेजलवुड को कैच थमा दिया। उनका विकेट 288 के कुल स्कोर पर गिरा। राहुल ने पांचवें विकेट के लिए हार्दिक पांड्या के साथ 63 रन की साझेदारी की।
केएल राहुल ने बनाया अर्धशतक
पांचवें नंबर पर खेलने आए विकेटकीपर बल्लेबाज केएल राहुल अर्धशतक बना लिया है। उन्होंने 52 गेंदों में 3 चौकों और 3 छक्कों के दम पर 50 रन बनाए। वॉर्नर के वनडे करियर का यह 8वीं फिफ्टी है। 39 ओवर का खेल समाप्त हो गया है और भारत का स्कोर 254/4 है।
विराट कोहली ने खेली 89 रन की पारी
भारत का चौथा विकेट कप्तान विराट कोहली के तौर पर गिरा। उन्होंने 87 गेंदों का सामना करते हुए 89 रन की दमदार पारी खेली। उन्होंने 7 चौके और 2 बेहतरीन छक्के ठोके। लग रहा था कि कोहली अपना शतक पूरा कर लेंगे, लेकिन वह 35वें ओवर में अपना गंवा बैठे। उन्हें जोश हेजलवुड ने अपना शिकार बनाया। कोहली बाउंड्री मारने की फिराक में थे, मगर मिडविकेट पर मोइजेज हेनरिक्स को कैच पकड़ा दिया। हेनरिक्स ने डाइव लगाकर हैरान कर देने वाला कैच लपका। कोहली का विकेट 225 के कुल स्कोर पर गिरा। उन्होंने चौथे विकेट के लिए केएल राहुल के साथ 72 रन की पार्टनरशिप की।
200 रन के पार पहुंची भारतीय टीम
भारतीय टीम ने 200 रन का आंकड़ा पार कर लिया है। कोहली (78*) और केएल राहुल (25*) बल्लेबाजी कर रहे हैं। दोनों चौथे विकेट के लिए 50 रन से अधिक की साझेदारी कर चुके हैं। 32 ओवर के बाद भारत का स्कोर 203/3 है।
30 ओवरों में भारत ने बनाए 186 रन
विराट कोहली (72*) और केएल राहुल (14) क्रीज पर हैं। दोनों ऑस्ट्रेलियाई गेंदबाजों को बेहद संभलकर खेल रहे हैं। 30 ओवर का खेल पूरा हो गया है और भारत ने 186 रन बना लिए हैं।
फिफ्टी से चूके श्रेयस अय्यर
भारत को तीसरा झटका श्रेयस अय्यर के रूप में लगा। अय्यर ने टिककर रन बनाए, लेकिन वह अर्धसतक बनाने से चूक गए। उन्होंने 36 गेंदों में 38 रन बनाकर अपना विकेट खो दिया। उन्होंने पारी में 5 चौके जमाए। उन्हें मोइजेज हेनरिक्स ने 24वें ओवर में पवेलियन की राह दिखाई। वह गेंद को बाउंड्री के पार भेजना चाहते थे, मगर मिडविकेट पर स्टीव स्मिथ ने डाइव लगाकर शानदार कैच पकड़ लिया। उनका विकेट 153 के कुल स्कोर पर गिरा। अय्यर ने तीसरे विकेट के लिए विराट कोहली के साथ 93 रन जोड़े।
कोहली ने जमाया 59वां अर्धशतक
तीसरे नंबर पर बल्लेबाजी करने आए विराट कोहली ने अर्धशतक जड़ दिया है। कोहली ने संभलकर खेलते हुए 23वें ओवर में जाकर फिफ्टी बनाई। उन्होंने 53 गेंदों में अपने 50 रन पूरे किए। उन्होंने इस दौरान 1 चौके और 1 छक्का लगाया। कोहली के वनडे करियर का यह 50वां अर्धशतक है।
20 ओवर के बाद भारत का स्कोर 126
भारतीय टीम की रन गति थोड़ी हो गई है। हालांकि, राट कोहली (35*) और श्रेयस अय्यर (30*) क्रीज पर जमे हुए हैं। दोनों की बड़ी सूझबूझ से भारतीय पारी को बढ़ा रहे हैं। 20 ओवर का खेल हो चुका है, जिसके बाद भारत का स्कोर 126/2 है।
भारतीय टीम ने पूरा किया सैंकड़ा
भारतीय टीम ने अपना सैकड़ा पूरा कर लिया है। भारत ने 15.4 ओवर में 100 रन बनाए। टीम को इस दौरान 1 अतिरिक्त रन मिला। भारत ने पचासा 37 गेंदों में बनाया था और फिर अगले 50 रन बनाने के लिए टीम ने 57 गेंदें खेलीं। 16 ओवर के बाद बारत का स्कोर 101/2 है। विराट कोहली (24*) और श्रेयस अय्यर (17*) क्रीज पर हैं।
फिर बड़ी पारी नहीं खेल पाए मयंक
शिखर धवन के आउट होने के बाद सलामी बल्लेबाज मयंक अग्रवाल भी अगले ओवर में पवेलियन लौट गए। पहले वनडे में 22 रन बनाने वाले मयंक फिर बड़ी पारी नहीं खेल सके। उन्होंने 28 रन बनाकर अपना विकेट खो दिया। मयंक ने 18 गेंदों की पारी में 2 चौके और 1 छक्का जमाया। वह नौवें ओवर में पैट कमिंस का शिकार बने। वह गेंद को पिच पर पड़ने के बाद समझ नहीं पाए और विकेट के पीछ एलेक्स कैरी को कैच थमा दिया। उनका विकेट 60 के कुल स्कोर पर गिरा।
शिखर धवन 30 रन बनाकर लौटे पवेलियन
भारत का पहला विकेट शिखर धवन के तौर पर गिरा। पिछले मैच में 74 रन बनाने वाले धवन इस बार ज्यादा टिककर बल्लेबाजी नहीं कर पाए। वह 23 गेंदों में 30 रन बनाकर अपना विकेट गंवा बैठे। उन्होंने तीन चौके लगाए। उन्हें जोश हेजलवुड ने आठवें ओवर में मिशेल स्टार्क के हाथों लपकवाया। धवन ने मयंक अग्रवाल के साथ पहले विकेट के लिए 58 रन की साझेदारी की।
भारत ने 5 ओवर में बनाए 37 रन
बड़े लक्ष्य का पीछा करते हुए भारतीय टीम ने अच्छा आगाज किया। भारत ने शुरुआती 5 ओवरों में ऑस्ट्रेलियाई गेंदबाजों का डटकर सामना किया और 37 रन जुटा लिए। भारतीय सलामी बल्लेबाज मयंक अग्रवाल 18 और शिखर धवन 28 रन बनाकर खेल रहे हैं।
लक्ष्य का पीछा करने आए मयंक और धवन
लक्ष्य का पीछा करने के लिए मयंक अग्रवाल और शिखर धवन उतरे हैं। वहीं, ऑस्ट्रेलिया की तरफ से मिशेल स्टार्क ने गेंदबाज की कमान संभाली। उनके पहले ओवर में मयंक ने दो चौकों के जरिए 8 रन बटोरे।
भारत को मिला 390 रन का बड़ा लक्ष्य
ऑस्ट्रेलिया ने भारत को 390 रन का बड़ा लक्ष्य दिया है। ऑस्ट्रेलिया ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी की और निर्धारित 50 ओवर में 4 विकेट के नुकसान पर 389 रन का स्कोर खड़ा किया। ऑस्ट्रेलिया के लिए सबसे ज्याद रन स्टीव स्मिथ (104) ने बनाए। डेविड वॉर्नर (83), मार्नस लाबुशेन (70) और आरोन फिंच (60) ने भी अहम योगदान दिया। वहीं, ग्लेन मैक्सवेल 63 रन और मोइजेज हेनरिक्स 2 रन बनाकर नाबाद रहे। भारत की ओर से मोहम्मद शमी, जसप्रीत बुमराह और हार्दिक पांड्या ने एक-एक विकेट चटकाया जबकि ऑस्ट्रेलिया का एक बल्लेबाज रन आउट होकर पवेलियन लौटा।
लाबुशेन ने खेली 70 रन की पारी
ऑस्ट्रेलिया को चौथा झटका मार्नस लाबुशेन के रूप में लगा। लाबुशेन ने शानदार अर्धशतकीय पारी खेली और ऑस्ट्रेलिया को बड़े स्कोर तक पहुंचाने में अहम निभाई। उन्होंने 61 गेंदों में 5 चौकों के दम पर 70 रन की पारी खेली। उन्हें 49वें ओवर में जसप्रीत बुमराह ने आउट किया। वह बड़ा शॉट जमाने के प्रयास में मिडऑफ पर मयंक अग्रवाल के हाथों लपके गए। उनका विकेट 372 के कुल स्कोर पर गिरा। लाबुशेन ने चौथे विकेट के लिए ग्लेन मैक्सवेल के साथ 80 रन की पार्टनरशिप की। मैक्सवेल 29 गेंदों में 63 रन बनाकर नाबाद लौटे। उन्होंने इस दौरान 4 चौके और 4 छक्के जड़े।
लाबुशेन-मैक्सवेल के बीच अर्धशतकीय साझेदारी
तीन विकेट गिरने के बाद मार्नस लाबुशेन और ग्लेन मैक्सेवल ने ऑस्ट्रेलियाई पारी को आगे बढ़ाया। दोनों ने तेजी से रन जुटाए हुए चौथे विकेट के लिए शानदार अर्धशतकीय साझेदारी। लाबुशेन और ग्लेन मैक्सेवल ने 29 गेंदों में 50 रन बनाए। 47 ओवरों का खेल होने के बाद ऑस्ट्रेलिया का स्कोर 351/3 पर पहुंच गया है।
मार्नस लाबुशेन ने भी जड़ा अर्धशतक
डेविड वॉर्नर के आउट होने पर बल्लेबाजी के लिए आए मार्नस लाबुशेन ने अर्धशतक बना लिया है। उन्होंने 46 गेंदों में 3 चौकों की बदलौत अपना पचासा जड़ा। लाबुशेन पिछले मैच में दो रन ही बना पाए थे, लेकिन दूसरे मुकाबले में वह अच्छी लय में नजर आए। लाबुशेन के वनडे करियर का यह तीसरा अर्धशतक है। 44 ओवरों का खेल समाप्त हो चुका है, जिसके बाद ऑस्ट्रेलिया का स्कोर 314/3 है।
स्मिथ ने फिर खेली तूफानी शतकीय पारी
ऑस्ट्रेलिया का तीसरा विकेट दिग्गज बल्लेबाज स्टीव स्मिथ के रूप में गिरा। पहले वनडे में ताबड़तोड़ शतक जड़ने वाले स्मिथ ने फिर तूफानी शतकीय पारी खेली। उनके वनडे करियर का यह 11वां शतक हैं। उन्होंने 64 गेंदों में 104 रन बनाए। स्मिथ ने अपनी पारी में 14 चौके और 2 छक्के मारे। उन्हें 42वें ओवर में हार्दिक पांड्या ने पवेलियन भेजा। उन्होंने गलत शॉट खेलकर शॉर्ट थर्ड मैन पर शमी को कैच थमाया। उन्होंने तीसरे विकेट के लिए मार्नस लाबुशेन के साथ 136 रन की अहम पार्टनरशिप की। उनका विकेट 292 के कुल स्कोर पर गिरा।
ऑस्ट्रेलिया ने 38 ओवर में बनाए 250 रन
ऑस्ट्रेलिया के दो विकेट गिरने के बाद स्मिथ (65*) और लाबुशेन (37*) ने मोर्चा संभाला हुआ है। दोनों बिना गलती किए ऑस्ट्रेलियाई पारी को शानदार अंदाज में आगे बढ़ा रहे हैं। 38 ओवरों का खेल होने के बाद मेजबाज टीम के 250 रन पूरे हो चुके हैं।
स्टीव स्मिथ ने बनाई 26वीं वनडे फिफ्टी
तीसरे नंबर पर बल्लेबाजी के लिए आए स्टीव स्मिथ ने अर्धशतक जड़ दिया है। उन्होंने 38 गेंदों में अपने 50 रन बनाए। उन्होंने इस दौरान 5 चौके और 1 छक्का लगाया। स्मित के वनडे करियर की यह 26वीं फिफ्टी है। ऑस्ट्रेलिया का स्कोर 34 ओवर में 220/2 पर पहुंच गया है।
200 रन के पार पहुंची कंगारू टीम
ऑस्ट्रेलियाई टीम ने 200 रन का आंकड़ा छू लिया है। ऑस्ट्रेलिया ने 31.4 ओवर में 200 रन बनाए और इस दौरान टीम को 4 रन अतिरिक्त के मिले। स्मिथ (46*) और लाबुशेन (10*) गेंदबाजों का डटकर सामना कर रहे हैं। 32 ओवर के बाद ऑस्ट्रेलिया का स्कोर 209/2 है।
30 ओवरों के बाद ऑस्ट्रेलिया का स्कोर 187/2
आरोन फिंच और डेविड वॉर्नर के आउट होने के बाद स्टीव स्मिथ और मार्नस लाबुशेन क्रीज पर हैं। स्मिथ 33 और लाबुशेन 7 रन बनाकर खेल रहे हैं। 30 ओवरों का खेल समाप्त हो चुका है और ऑस्ट्रेलिया का स्कोर 187/2 है।
शतक से चूके ओपनर डेविड वॉर्नर
फिंच के आउट होने के बाद वॉर्नर भी ज्यादा देर क्रीज पर नहीं टिके। पहले वनडे में 69 रन की पारी खेलने वाले वॉर्नर ने भारतीय गेंदबाजों की जमकर बखिया उधेड़ी। लग रहा था कि वॉर्नर अपना शतक पूरा लेंगे, लेकिन वह 26वें ओवर की तीसरी गेंद पर रन आउट हो गए। उन्हें श्रेयस अय्यर ने मुस्तैदी से फील्डिंग करते हुए बेहतरीन थ्रो के जरिए पवेलियन की राह दिखाई। वॉर्नर ने 77 गेंदों में 83 रन बनाए। उनका विकेट 156 के कुल स्कोर पर गिरा।
आरोन फिंच बने शमी का शिकार
ऑस्ट्रेलिया को पहला झटका आरोन फिंच के रूप में लगा। पारी का आगाज करने आए फिंच ने वॉर्नर के साथ मिलकर ऑस्ट्रेलियाई टीम को मजबूत शुरुआत दी। दोनों ने पहले विकेट के लिए 142 रन की साझेदारी की। पहले वनडे में शानदार शतकीय पारी खेलने वाले फिंच ने एक बार फिर अपना जलवा दिखाया। उन्होंने 69 गेंदों में 60 रन की पारी खेली। उन्होंने इस दौरान 6 चौके और 1 छक्का मारा। फिंच को मोहम्मद शमी ने 23वें ओवर में अपना शिकार बनाया। वह बड़ा शॉट मारने चाहते थे, लेकिन एक्स्ट्रा कवर पर विराट कोहली को कैच थमा बैठे।
कप्तान आरोन फिंच ने भी जड़ी फिफ्टी
डेविड वॉर्नर के बाद आरोन फिंच ने भी फिफ्टी जड़ दी है। उन्होंने 21वें ओवर में जाकर अपना अर्धशतक पूरा किया। उन्होंने 60 गेंदों में 1 चौकों और 1 छक्के की मदद से पचासा बनाया। फिंच के वनडे करियर का यह 29वां अर्धशतक है।
20 ओवरों का खेल हुआ पूरा
वॉर्नर और फिंच के सामने भारतीय गेंदबाजों को काफी संघर्ष करना पड़ रहा है। ऑस्ट्रेवलियाई सलामी बल्लेबाज मजबूती से क्रीज पर जमे हैं। 20 ओवरों का खेल होने के बाद ऑस्ट्रेलिया का स्कोर 117/0 है।
ऑस्ट्रेलिया ने छुआ 100 का आंकड़ा
ऑस्ट्रेलिया ने 100 रन का आंकड़ा छू लिया है। टीम ने 16 ओवर में जाकर सैकड़ा बनाया। मेजबान टीम ने 48 गेंदों में अपने 50 रन बनाए थे और उसने अगले 50 रन बनाने के लिए 49 गेंदें खेली। 16 ओवर के बाद ऑस्ट्रेलिया का स्कोर 101/0 है। वॉर्नर (59*) और आरोन फिंच (38*) टिककर बल्लेबाजी कर रहे हैं।
डेविड वॉर्न ने जमाया अर्धशतक
सलामी बल्लेबाज डेविड वॉर्नर ने अर्धशतक जड़ दिया है। उन्होंने 39 गेंदों में 6 चौकों और 2 छक्के के जरिए 50 रन बनाए। वॉर्नर के वनडे करियर का यह 23वां अर्धतक है।
शुरुआती 10 ओवरों में नहीं गिरा विकेट
ऑस्ट्रेलियाई टीम एक बार फिर अच्छी शुरुआत करने में सफल रही। शुरुआती 10 ओवरों में भारतीय गेंदबाज ऑस्ट्रेलियाई सलामी बल्लेबाजों पर कोई छाप नहीं छोड़ पाए। डेविड वॉर्नर (39*) और आरोन फिंच (17*) टिके हुए हैं। पॉवरप्ले में ऑस्ट्रेलिया ने बिना विकेट गंवाए 59 रन बनाए।
ऑस्ट्रेलिया का पचासा हुआ पूरा
डेविड वॉर्नर 37* और आरोन फिंच 11* रन बनाकर क्रीज पर। फिंच की तुलना में वॉर्नर तेजी से रन बना रहे हैं। दोनों भारतीय गेंदाबजों का पहले वनडे की तरह सामना कर रहे हैं। ऑस्ट्रेलिया ने 48 गेंदों में अपना पचासा पूरा कर लिया। 8 ओवरों का खेल होने के बाद कंगारू टीम का स्कोर 50/0 है।
पांच ओवरों में ऑस्ट्रेलिया ने बनाए 27
भारतीय गेंदबाज शुरुआती पांच ओवरों में विकेट हासिल करने में कामयाब नहीं रहे। सलामी बल्लेबाज डेविड वॉर्नर (18*) और आरोन फिंच (8*) संभलकर बल्लेबाजी कर रहे हैं। दोनों ने मोहम्मद शमी, जसप्रीत बुमराह और नवदीप सैनी को खुश होने का कोई मौका नहीं दिया। शमी, बुमराह ने दो-दो और सैनी ने एक ओवर डाला। 5 ओवर के बाद ऑस्ट्रेलिया का स्कोर 27/0 रन है। टीम को तीन रन अतिरिक्त मिले।
मोहम्मद शमी ने संभाली गेंदबाजी की कमान
ऑस्ट्रेलिया की तरफ से पारी का आगाज करने डेविड वॉर्नर और आरोन फिंच आए। वहीं, भारत की ओर से गेंदबाजी की कमान तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी ने संभाली। उन्होंने पहले ओवर में 4 रन दिए।
ऑस्ट्रेलिया ने किया एक बदलाव
ऑस्ट्रेलिया ने एक बार फिर टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया है। ऑस्ट्रेलिया ने अपनी टीम में एक बदलाव किया है। मार्कस स्टोइनिस के चोटिल होने के कारण मोइजेज हेनरिक्स को प्लेइंग इलेवन में शामिल किया गया है। वहीं, भारतीय कप्तान विराट कोहली बिना बदलाव के साथ मैदान पर उतरे हैं।
प्लेइंग इलेवन
भारत: विराट कोहली (कप्तान), शिखर धवन, मयंक अग्रवाल, श्रेयस अय्यर, केएल राहुल (विकेटकीपर), हार्दिक पांड्या, रवींद्र जडेजा, नवदीप सैनी, मोहम्मद शमी, जसप्रीत बुमराह, युजवेंद्र चहल।
ऑस्ट्रेलिया: आरोन फिंच (कप्तान), डेविड वॉर्नर, स्टीव स्मिथ, मार्नस लाबुशेन, मोइजेज हेनरिक्स, एलेक्स कैरी (विकेटकीपर), ग्लेन मैक्सवेल, पैट कमिंस, मिशेल स्टार्क, जोश हेजलवुड और एडम जाम्पा।
ऑस्ट्रेलियाई टीम का पलड़ा भारी
भारत के खिलाफ ऑस्ट्रेलियाई टीम का पलड़ा भारी है। दोनों टीमों के बीच अब तक कुल 146 वनडे मैच खेले गए हैं जिसमें से ऑस्ट्रेलिया ने 79 जीते जबकि भारतीय टीम 52 मुकाबलों में बाजी मारने में सफल रही। इसके अलावा 15 मैचों का कोई नतीजा नहीं निकला। भारतीय टीम का ऑस्ट्रेलियाई सरजमीं पर रिकॉर्ड अच्छा नहीं रहा है। भारत ने ऑस्ट्रेलिया में 52 वनडे में से महज 13 मैच अपने किए वहीं कंगारू टीम ने 37 मुकाबले जीत हासिल की। दो मैच बेनतीजा रहे।

