SL vs ZIM: जिम्‍बाब्‍वे ने दूसरे वनडे में बड़ा उलटफेर करके श्रीलंका को रौंदा, सीरीज में की 1-1 से बराबरी

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Jan 19, 2022, 08:18 AM IST

Zimbabwe beat Sri Lanka in 2nd Odi: जिम्‍बाब्‍वे क्रिकेट टीम ने मंगलवार को पल्‍लेकेले में खेले गए दूसरे वनडे में श्रीलंका को 22 रन से हरा दिया। इस जीत के साथ ही जिम्‍बाब्‍वे ने तीन मैचों की सीरीज 1-1 से बराबर की। दासुन शनाका का शतक बेकार गया।wba

SL vs ZIM: जिम्‍बाब्‍वे ने दूसरे वनडे में बड़ा उलटफेर करके श्रीलंका को रौंदा, सीरीज में की 1-1 से बराबरी

पल्‍लेकेले: जिम्‍बाब्‍वे ने मंगलवार को पल्‍लेकेले स्‍टेडियम में उलटफेर करते हुए श्रीलंका को 22 रन से मात दी और तीन मैचों की सीरीज में 1-1 की बराबरी कर ली है। श्रीलंका और जिम्‍बाब्‍वे के बीच सीरीज का तीसरा व आखिरी वनडे शुक्रवार को पल्‍लेकेले में ही खेला जाएगा। जिम्‍बाब्‍वे ने पहले बल्‍लेबाजी की और निर्धारित 50 ओवर में 8 विकेट खोकर 302 रन बनाए। जवाब में श्रीलंकाई टीम 50 ओवर में 9 विकेट खोकर 280 रन बना सकी। श्रीलंकाई कप्‍तान दासुन शनाका (102) के शतक पर पानी फिरा। क्रेग इरविन (91) को उनकी शानदार पारी के लिए प्‍लेयर ऑफ द मैच चुना गया।

जिम्बाब्वे ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया जो सही साबित हुआ। जिम्बाब्वे के ओपनर कैटानो और चकाबवा ने पहले विकेट के लिए 59 रन जोड़े। कैटानो 26 रन बनाकर आउट हो गए। उनके बाद चकाबवा भी 47 रन के निजी स्कोर पर आउट हो गए। धाकड़ शुरुआत का फायदा क्रेग इरविन और सीन विलियम्स ने उठाया और तीसरे विकेट के लिए शतकीय भागीदारी निभाई। विलियम्स 48 रन बनाकर आउट हुए, लेकिन इरविन अर्धशतक जमाने के बाद क्रीज पर बने रहे। वह 91 रन के निजी स्कोर पर आउट हुए। 

उनके बाद सिकंदर रजा ने एक छोर संभालकर तेज बल्लेबाजी की और 46 गेंद में 56 रन बनाते हुए टीम का स्कोर 300 के पार पहुंचाने में मदद की। इस तरह जिम्बाब्वे ने 8 विकेट पर 302 रन बनाए। श्रीलंका के लिए वैनडर्से ने सबसे ज्यादा 3 विकेट हासिल किये। जवाब में खेलते हुए श्रीलंका की शुरुआत खराब रही। कुसल मेंडिस महज 7 रन बनाकर आउट हो गए। उनके बाद पथुम निसंका भी 16 रन के निजी स्कोर पर चलते बने। दिनेश चंडीमल महज 2 रन के निजी स्कोर पर चलते बने। इस तरह टीम का स्कोर 3 विकेट पर 31 रन हो गया। यहां भी सिलसिला नहीं रुका और चरित असालंका 23 रन के निजी स्कोर पर चलते बने।

इसके बाद दसुन शनाका और कामिंदु मेंडिस ने मोर्चा संभाला और पांचवें विकेट के लिए शतकीय भागीदारी निभाई। मेंडिस 57 रन बनाकर आउट हो गए लेकिन शनाका अपनी फिफ्टी के बाद टिके रहे। इस समय टीम की जीत के आसार थे लेकिन शनाका के शतक पूरा करने के बाद 102 के निजी स्कोर पर आउट होने पर पासा पलट गया। चामिका करुणारत्ने ने प्रयास करते हुए 34 रन बनाए लेकिन ये नाकाफी थे। श्रीलंका की टीम 9 विकेट पर 280 रन के स्कोर तक पहुँच पाई और जिम्बाब्वे ने चौंकाते हुए 22 रन से जीत दर्ज की। जिम्बाब्वे के लिए चतारा और मुजराबानी ने 3-3 विकेट हासिल किये।

End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!