युवराज सिंह ने माही को दी संन्यास के ऐलान के बाद स्पेशल विदाई

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Aug 16, 2020, 11:27 PM IST

Yuvraj Singh's tribute to MS Dhoni: युवराज सिंह ने स्पेशल अंदाज में महेंद्र सिंह धोनी को संन्यास के ऐलान के बाद भविष्य के लिए शुभकामनाएं दी हैं।

युवराज सिंह ने माही को दी संन्यास के ऐलान के बाद स्पेशल विदाई

नई दिल्ली: टीम इंडिया के पूर्व धमाकेदार बल्लेबाज युवराज सिंह ने टीम इंडिया के पूर्व कप्तान एमएस धोनी को अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट संन्यास के ऐलान के एक दिन बाद स्पेशल अंदाज में विदाई दी है। युवराज और धोनी के बीच मैदान पर शानदार साझेदारी एक दशक से ज्यादा समय तक नजर आई। धोनी की कप्तानी में टीम इंडिया ने दो बार विश्व कप जीता और दोनों ही मौकों पर युवराज ने टीम को विश्व चैंपियन बनाने में अहम भूमिका निभाई। दोनों ने एक साथ मिलकर टीम इंडिया को कई यादगार जीत दिलाई। धोनी ने जब वानखेड़े स्टेडियम में श्रीलंका के खिलाफ विश्व विजयी छक्का लगाता था तो उस वक्त दूसरे छोर पर युवराज सिंह थे। 

मैदान के बाहर और मैदान के अंदर धोनी के साथ अपनी जुगलबंदी को याद करते हुए युवराज ने ट्वीट कर कहा, शानदार करियर के लिए बधाई एमएस धोनी! एक साथ साल 2007 और 2011 में देश के लिए विश्व कप ट्रॉफी उठाने और बहुत सी साझेदारी निभाने में मजा आया। भविष्य के लिए आपको मेरी ओर से शुभकामनाएं। 

युवराज ने जो वीडियो साझा किया है उसमें दोनों के बीच की मस्ती और साझेदारी की झलक दिख रहा। पाकिस्तान दौरे पर दोनों के बीच साल 2006 में शुरू हुआ साझेदारी का सिलसिला साल 2017 में चैंपियंस ट्रॉफी तक चलता रहा। दोनों ने एक साथ भारत को कई विजय दिलाई। इस वीडियो में युवराज ने फिल्म स्वदेश का गीत यूं हीं चला चल राही के साथ कोलाज बनाया है। 

शानदार रही दोनों की बीच साझेदारी 
युवराज और धोनी ने वनडे क्रिकेट में 67 बार एक साथ बल्लेबाजी की। दोनों ने इस दौरान 51.75 की औसत से 3105 रन जोड़े। जिसमें 13 अर्धशतकीय और 10 शतकीय साझेदारियां शामिल रहीं। दोनों खिलाड़ियों ने अपने आखिरी वनडे शतक एक ही मैच में इंग्लैंड के खिलाफ 2017 में जड़े थे। दोनों ने कटक में चौथे विकेट के लिए 256 रन की साझेदारी की थी। इस दौरान युवराज ने 150 और धोनी ने 134 रन की पारी खेली थी। 


End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!