वेस्टइंडीज क्रिकेट के 'पितामह' एवर्टन वीक्स का हुआ निधन 

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Jul 2, 2020, 08:30 AM IST

Sir Everton Weekes passes away: वेस्टइंडीज क्रिकेट के पितामह कहे जाने वाले पूर्व दिग्गज बल्लेबाज एवर्टन वीक्स का बुधवार को निधन हो गया वो 95 वर्ष के थे।

वेस्टइंडीज क्रिकेट के 'पितामह' एवर्टन वीक्स का हुआ निधन 

बारबाडोस: वेस्टइंडीज क्रिकेट की नींव रखने वाले अहम खिलाड़ियों में शुमार दिग्गज बल्लेबाज एवर्टन वीक्स का बुधवार को निधन हो गया। वो 95 वर्ष के थे। उन्हें कैरेबियाई क्रिकेट का जनक माना जाता है। 1948 से 1958 के बीच वीक्स ने वेस्टइंडीज के लिए 48 टेस्ट मैच खेले और 58.61 के औसत से 4,455 रन बनाए।  उनका सर्वाधिक स्कोर 207 रन रहा। बारबाडोस में जन्मे वीक्स ने वहीं अपने जीवन की अंतिम सांस भी ली। 

उनके निधन पर वेस्टइंडीज क्रिकेट बोर्ड ने ट्वीट कर शोक जताया और कहा, हमारे आइकन, हीरो सर एवर्टन वीक्स नहीं रहे। उनके निधन पर शोक जाहिर करके हमारा दिल बेहद भारी है। हमारी संवेदनाएं उनके परिवार, दोस्तों और दुनियाभर में फैले उनके फैन्स के साथ हैं। भगवान उनकी आत्मा को शांति दे। 

एवर्टन वीक्स के निधन के बाद पूरे क्रिकेट जगत में शोक की लहर दौड़ गई है। तकरीबन 10 साल तक इंटरनेशनल क्रिकेट खेलने वाले वीक्स ने अपने दौर में बल्ले से बड़े धमाके किए थे। टेस्ट क्रिकेट में उनके नाम 15 शतक जड़े थे। उनके नाम आज भी लगातार पांच शतक जड़ने का रिकॉर्ड दर्ज है। ये कारनामा भी उन्होंने करियर के 10 टेस्ट मैच पूरे होने से पहले कर दिखाया था। 

करियर के चौथे टेस्ट मैच में उन्होंने 141 रन की पारी खेली थी। इसके बाद भारत दौरे पर आई कैरेबियाई टीम के लिए वो बेहद अहम बल्लेबाज साबित हुए। उन्होंने भारत के खिलाफ 128, 194, 162 और 101 रन की पारियां खेलीं। उनके पास लगातार छठा शतक लगाने का भी मौका था लेकिन वो इस पारी में 90 रन बनाकर आउट हो गए। करियर के 15 टेस्ट शतक में से 7 उन्होंने भारत के खिलाफ जड़े। 

प्रथम श्रेणी क्रिकेट में भी मचाया था धमाल
वीक्स ने प्रथम श्रेणी क्रिकेट में भी बल्ले से धमाल मचाया था। उन्होंने 152 प्रथम श्रेणी मैचों में 55.34 की औसत से 12,010 रन बनाए थे। जिसमें 36 शतक और 54 अर्धशतक शामिल थे। प्रथम श्रेणी में उन्होंने तिहरा शतक भी जड़ा था। 304 रन की नाबाद पारी उनका सर्वश्रेष्ठ प्रथम श्रेणी स्कोर भी था।

2009 में आईसीसी ने किया था हॉल ऑफ फेम में शामिल  
एवर्टन वीक्स को साल 1995 में नाइटहुड की उपाधि दी गई थी। आईसीसी ने उन्हें साल 2009 में आईसीसी हॉल ऑफ फेम में शामिल किया था। उन्होंने साल 1957-58 में पाकिस्तान के खिलाफ टेस्ट सीरीज के दौरान चोटिल होने के बाद संन्यास ले लिया था। बतौर खिलाड़ी क्रिकेट को अलविदा कहने के बाद बतौर कोच भी भूमिका अदा की। उन्होंने आईसीसी के लिए बतौर प्रशासक और मैच रेफरी भी काम किया। साल 1979 में आयोजित दूसरे वनडे विश्व कप में वो कनाडा की टीम के कोच भी रहे थे। 



End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!