एशिया कप 2022 से पहले भारत को लगा तगड़ा झटका, हेड कोच राहुल द्रविड़ हुए कोरोना संक्रमित

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Aug 23, 2022, 11:05 AM IST

Rahul Dravid tests Covid-19 positive: भारतीय टीम के हेड कोच राहुल द्रविड़ कोरोना की चपेट में आ गए हैं। भारत को एशिया कप 2022 में अपना पहला मैच इसी हफ्ते रविवार को खेलना है।

एशिया कप 2022 से पहले भारत को लगा तगड़ा झटका, हेड कोच राहुल द्रविड़ हुए कोरोना संक्रमित
Photo Credit: AP, File Image

भारतीय क्रिकेट टीम को एशिया कप 2022 से पहले बड़ा झटका लगा है। हेड कोच राहुल द्रविड़ कोरोना टेस्ट में पॉजिटिव पाए गए हैं। द्रविड़ उस वक्त कोरोना संक्रमित हुए, जब भारतीय टीम एशिया कप के लिए संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) रवाना होने की तैयारी में है। हालांकि, अभी इस बारे में जानकारी सामने नहीं आई है कि द्रविड़ भारतीय खेमे के साथ कब शामिल होंगे। बता दें कि एशिया कप 27 अगस्त से शुरू होने जा रहा है, जो टी20 फॉर्मेट में खेला जाएगा।

जिंबाब्वे दौरे पर नहीं गए द्रविड़

द्रविड़ जिंबाब्वे दौर पर भारतीय टीम के साथ नहीं गए थे। उनके अलावा बल्लेबाजी कोच विक्रम राठौर और गेंदबाजी कोच पारस म्हाम्ब्रे को दौरे के लिए आराम दिया गया था। द्रविड़ की जगह जिंबाब्वे सीरीज के लिए पूर्व दिग्गज क्रिकेटर वीवीएस लक्ष्मण टीम को कोच बनाया गया था। बता दें कि भारत ने हाल ही में समाप्त हुई तीन मैचों की वनडे सीरीज में जिंबाब्वे को 3-0 से धूल चटाई है। भारत ने जिंबाब्वे को पहले मुकाबले में 10 विकेट, दूसरे मैच में 5 विकेट और तीसरे वनडे में 13 रन से हराया।

पाकिस्तान से होगी भारत की टक्कर

भारतीय टीम एशिया कप में अपने अभियान का आगाज 28 अगस्त को करेगी। भारत की पहली टक्कर दुबई में पाकिस्तान से होगी। एशिया कप में भारत का नेतृत्व 'हिटमैन' रोहित शर्मा करेंगा। कई दिग्गज भारतीय खिलाड़ी आगामी टूर्नामेंट से वापसी करेंगे, जिसमें विराट कोहली भी शामिल हैं। वहीं, धाकड़ तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह चोटिल होने के कारण भारतीय स्क्वाड का हिस्सा नहीं हैं। भारतीय टीम की नजर एशिया कप के ताज की रक्षा करने पर होगी। आखिर बार साल 2018 में जब एशिया कप का आयोजन हुआ था, तब भारत ने फाइनल में बांग्लादेश को तीन विकेट से हराकर ट्र्रॉफी पर कब्जा जामया था। 

एशिया कप 2022 के लिए भारत का स्क्वाड 

रोहित शर्मा (कप्तान), केएल राहुल (उपकप्तान), विराट कोहली, सूर्यकुमार यादव, दीपक हुड्डा, ऋषभ पंत (विकेटकीपर), दिनेश कार्तिक (विकेटकीपर), हार्दिक पांड्या, रवींद्र जडेजा, रविचंद्रन अश्विन, युजवेंद्र चहल, रवि बिश्नोई, भुवनेश्वर कुमार अर्शदीप सिंह और अवेश खान। स्टैंडबाय प्लेयर्स: श्रेयस अय्यर, अक्षर पटेल और दीपक चाहर।

End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!