एन श्रीनिवासन ने शशांक मनोहर को बताया 'भारत विरोधी', कहा- उन्होंने विश्व क्रिकेट में कम किया भारत का रुतबा 

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Jul 2, 2020, 03:15 PM IST

N Srinivasan attacked Shashank Manohar: बीसीसीआई के पूर्व अध्यक्ष एन श्रीनिवासन ने शशांक मनोहर के आईसीसी अध्यक्ष पद से हटते ही करारा हमला किया है। श्रीनिवासन का मानना है कि उनका रुख भारत विरोधी था।

एन श्रीनिवासन ने शशांक मनोहर को बताया 'भारत विरोधी', कहा- उन्होंने विश्व क्रिकेट में कम किया भारत का रुतबा 

चेन्नई: बीसीसीआई के पूर्व अध्यक्ष और चेन्नई सुपर किंग्स के बॉस एन श्रीनिवासन ने बुधवार को आईसीसी के अध्यक्ष पद से इस्तीफा देने वाले शशांक मनोहर की जमकर निशाने पर लिया है और उन्हें भारत विरोधी बताया है। श्रीनिवासन का कहना है कि शशांक मनोहर के आईसीसी का अध्यक्ष रहते भारतीय क्रिकेट का दुनिया में रुतबा और महत्व कम हुआ है। 

बुधवार को आईसीसी ने कहा कि शशांक मनोहर ने अध्यक्ष पद से इस्तीफा दे दिया है। उन्होंने 2 साल तक ये जिम्मेदारी संभाली। आईसीसी बोर्ड ने बैठक में तय किया है कि उपाध्यक्ष इमरान ख्वाजा नए अध्यक्ष के चुनाव तक अध्यक्ष पद की जिम्मेदारियों का निर्वहन करेंगे। 

आईसीसी अध्यक्ष रहते कम किया भारत का रुतबा 
श्रीनिवासन ने कहा कि मनोहर ने भारतीय क्रिकेट को बहुत वित्तीय नुकसान पहुंचाया है। भारतीय क्रिकेट जगह उनके आईसीसी से इस्तीफा देने से बेहद खुश होगा। श्रीनिवासन ने मूल रूप से नागपुर से ताल्लुक रखने वाले पेशेवर वकील शशांक मनोहर की आलोचना करते हुए कहा, जब 2015 में  बीसीसीआई परेशानियों में घिरा था तब वो भागकर आईसीसी में चले गए और जब पूरी दुनिया कोरोना संकट का सामना कर ही है तो बीच राह में आईसीसी के अध्यक्ष पद से भी इस्तीफा देकर भाग गए। 

शशांक मनोहर का था भारत विरोधी रुख
श्रीनिवासन ने कहा, मेरा व्यक्तिगत तौर पर मानना है कि उन्होंने भारतीय क्रिकेट को बहुत नुकसान पहुंचाया है। भारतीय क्रिकेट से जुड़ा हर शख्स उनकी आईसीसी से विदाई से बेहद खुश होगा। उन्होंने भारतीय क्रिकेट को वित्तीय तौर पर बहुत नुकसान पहुंचाया है। उन्हें आईसीसी में भारत की संभावनाओं को आहात किया। उनका रुख भारत विरोधी था और उन्होंने विश्व क्रिकेट में भारत के रुतबे को कम किया है।' श्रीनिवासन ने आगे कहा, अब वो इसलिए आईसीसी से भाग रहे हैं क्योंकि उन्हें मालूम है कि भारतीय नेतृत्व उनके सामने नहीं झुकेगा। 

End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!