Rohit Sharma khel Ratna Awards: रोहित शर्मा को मिलेगा खेल रत्‍न, हो गई घोषणा

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Aug 18, 2020, 03:30 PM IST

Rohit Sharma Khel Ratna awards: टीम इंडिया के ओपनर रोहित शर्मा को इस साल राजीव गांधी खेल रत्‍न अवॉर्ड से सम्‍मानित किया जाएगा। इस बात की मंगलवार को आधिकारिक पुष्टि हो गई है।

Rohit Sharma khel Ratna Awards: रोहित शर्मा को मिलेगा खेल रत्‍न, हो गई घोषणा

नई दिल्‍ली: टीम इंडिया के ओपनर रोहित शर्मा को इस साल राजीव गांधी खेल रत्‍न अवॉर्ड से सम्‍मानित किया जाएगा। इस बात की मंगलवार को आधिकारिक पुष्टि हो गई है। राष्‍ट्रीय खेल पुरस्‍कार के लिए बनाई गई चयन समिति ने रोहित शर्मा के नाम पर मुहर लगा दी है। राष्‍ट्रीय खेल पुरस्‍कार समिति में वीरेंद्र सहवाग और पूर्व हॉकी कप्‍तान सरदार सिंह शामिल थे। ये लोग साई के हेडक्‍वार्टर में मिले।

बता दें कि इस साल कोरोना वायरस महामारी के कारण राष्‍ट्रीय खेल पुरस्‍कार ऑनलाइन आयोजित हो सकता है। सभी विजेता 29 अगस्‍त को लॉग इन करके अपने नामों की घोषणा होते हुए सुनेंगे। पता हो कि राष्‍ट्रीय खेल पुरस्‍कार खेल दिवस के मौके पर 29 अगस्‍त को दिए जाते हैं। इस दिन महान हॉकी खिलाड़ी मेजर ध्‍यानचंद का जन्‍मदिन होता है। 

खेल रत्‍न भारत के किसी नागरिक को दिया जाने वाला सर्वोच्‍च खेल सम्‍मान है। राष्‍ट्रीय खेल पुरस्‍कार समिति ने रोहित शर्मा के अलावा महिला पहलवान विनेश फोगाट, टेबल टेनिस चैंपियन मनिका बत्रा, पैरालंपियन चैंपियन मरियप्‍पन थांगावेलू के नाम की सिफारिश भी खेल रत्‍न पुरस्‍कार के लिए की गई है। यह सिर्फ दूसरा मौका है जब एक साथ चार एथलीटों को शीर्ष खेल पुरस्‍कार से सम्‍मानित किया जा रहा है। इससे पहले 2016 में स्‍टार महिला शटलर पीवी सिंधू, जिम्‍नास्‍ट दीपा कर्माकर, निशानेबाज जीतू राय और महिला पहलवान साक्षी मलिक को खेल रत्‍न से सम्‍मानित किया गया था। 

पता हो कि रोहित शर्मा खेल रत्‍न पाने वाले चौथे भारतीय क्रिकेटर होंगे। इससे पहले सचिन तेंदुलकर (1997-98), एमएस धोनी (2007) और विराट कोहली कोहली (2018) को खेल रत्‍न से सम्‍मानित किया जा चुका है। राष्‍ट्रीय खेल पुरस्‍कार के लिए 12 सदस्‍यीय चयन समिति ने सोमवार को द्रोणाचार्य और ध्‍यानचंद पुरस्‍कार के लिए नामों की सिफारिश की थी, जबकि मंगलवार को राजीव गांधी खेल रत्‍न और अर्जुन अवॉर्ड के नामों को पक्‍का किया है।

खेल रत्‍न के लिए इन्‍हें इसलिए चुना गया

टीम इंडिया के विस्‍फोटक ओपनर रोहित शर्मा ने पिछले कुछ समय से क्रिकेट के तीनों प्रारूपों में धमाकेदार प्रदर्शन किया है। रोहित शर्मा ने पिछले साल विश्‍व कप में रिकॉर्ड पांच शतक जमाए थे। इसके अलावा टेस्‍ट और टी20 इंटरनेशनल मैचों में भी उन्‍होंने बेजोड़ प्रदर्शन किया था। 

विनेश फोगाट ने 2018 कॉमनवेल्‍थ गेम्‍स एशियाई गेम्‍स में गोल्‍ड जबकि 2019 एशियाई रेसलिंग चैंपियनशिप्‍स में ब्रॉन्‍ज मेडल जीता था। थांगावेलू ने 2016 रियो पैरालंपिक्‍स में टी42 हाई जंप श्रेणी में गोल्‍ड मेडल जीता था। t42 घुटने के विच्छेदन के ऊपर एकल के साथ एथलीटों पर लागू होता है या एक विकलांगता जो तुलनीय है। वहीं मनिका बत्रा का नाम इसलिए नामांकित किया गया क्‍योंकि उन्‍होंने 2018 में कॉमनवेल्‍थ गेम्‍स में गोल्‍ड जबकि एशियाई गेम्‍स में ब्रॉन्‍ज मेडल जीता था।

End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!