रवि शास्त्री ने दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ पहले टी20 के लिए चुनी भारत की प्लेइंग-11

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Jun 6, 2022, 07:30 AM IST

भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कोच रवि शास्त्री ने दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ दिल्ली में खेले जाने वाले सीरीज के पहले टी20 मैच के लिए अपनी भारतीय प्लेइंग-11 का ऐलान कर दिया है।

रवि शास्त्री ने दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ पहले टी20 के लिए चुनी भारत की प्लेइंग-11

नई दिल्ली: भारत और दक्षिण अफ्रीका( India vs South Africa) के बीच पांच मैचों की टी20 सीरीज का आगाज 9 जून से दिल्ली के अरुण जेटली क्रिकेट स्टेडियम में होने जा रहा है। दोनों टीमों के खिलाड़ी आईपीएल 2022( IPL 2022) की थकान दूर करने का बाद सीरीज के लिए तैयारियों में जुटे हैं और नेट्स पर जमकर पसीना बहा रहे हैं। बीसीसीआई(BCCI) ने सीरीज के लिए अहम खिलाड़ियों को आराम दिया है और युवा खिलाड़ियों को मौका दिया है। 

ऐसे में किन खिलाड़ियों को केएल राहुल की कप्तानी वाली टीम की प्लेइंग-11 में पहले वनडे में जगह मिलेगी इसको लेकर कयास लग रहे हैं। ऐसे में टीम इंडिया के पूर्व कोच रवि शास्त्री( Ravi Shastri) ने दक्षिण अफ्रीका( South Africa Cricket team) के खिलाफ पहले टी20 के लिए अपनी भारतीय प्लेइंग-11 का ऐलान कर दिया है। 

राहुल और रुतुराज करेंगे पारी का आगाज
शास्त्री ने टीम में बतौर ओपनर कप्तान केएल राहुल और रुतुराज गायकवाड़ को चुना है। ईशान किशन तीसरे नंबर पर बल्लेबाजी करने उतरेंगे। वेस्टइंडीज और श्रीलंका के खिलाफ धमाल मचाने वाले श्रेयस अय्यर को उन्होंने नंबर चार पर बल्लेबाजी के लिए चुना है। टीम में विकेटकीपर की भूमिका में ऋषभ पंत होंगे और वो पांचवें नंबर पर बल्लेबाजी के लिए उतरेंगे। 

हार्दिक होंगे टीम में बॉलिंग ऑलराउंडर
वहीं ऑलराउंडर हार्दिक पांड्या को छठे नंबर पर बल्लेबाजी के लिए शास्त्री ने चुना है। वो फिनिशर की भूमिका में होंगे। हार्दिक टीम में शामिल फास्ट बॉलिंग ऑलराउंडर होंगे। जो कम से कम दो ओवर टीम के लिए डाल सकते हैं। टीम में स्पिन गेंदबाजी के लिए शास्त्री ने अक्षर पटेल को चुना है जो अच्छी बल्लेबाजी भी कर लेते हैं। दिल्ली कैपिटल्स के लिए मौजूदा सीजन में अक्षर ने गेंद से ज्यादा बल्ले से धमाल मचाया। वहीं दूसरे स्पिनर के रूप में उनकी पसंद आईपीएल के परपल कैप विजेता युजवेंद्र चहल हैं।

भुवनेश्वर संभालेंगे गेंदबाजी की कमान, उमरान-अर्शदीप में से एक को मिलेगा मौका 
टीम की तेज गेंदबाजी की कमान शास्त्री ने अनुभवी भुवनेश्वर कुमार के हाथों में सौंपी है। उनके साथ हर्षल पटेल गेंदबाजी करते नजर आएंगे। उमरान मलिक और अर्शदीप सिंह जैसे युवा गेंदबाजों में से किसी एक को मौका देने की रवि शास्त्री ने बात कही है। 

रवि शास्त्री की पहले टी20 के लिए भारतीय प्लेइंग-11:
केएल राहुल(कप्तान), रुतुराज गायकवाड़, ईशान किशन, श्रेयस अय्यर, ऋषभ पंत, हार्दिक पांड्या, अक्षर पटेल, भुवनेश्वर कुमार, युजवेंद्र चहल, अर्शदीप सिंह/उमरान मलिक, हर्षल पटेल।

End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!