इस खिलाड़ी ने IPL 2022 को लेकर किया बड़ा ऐलान, अब नीलामी में इन पर जमकर उड़ाए जाएंगे रुपये

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Jan 20, 2022, 06:51 PM IST

IPL 2022 Updates, Pat Cummins to play in IPL: आईपीएल 2022 की मेगा नीलामी से पहले खिलाड़ियों का टूर्नामेंट के लिए उपलब्ध रहने या नहीं रहने का ऐलान जारी है। ताजा नाम ऑस्ट्रेलियाई टेस्ट कप्तान पैट कमिंस का है।

इस खिलाड़ी ने IPL 2022 को लेकर किया बड़ा ऐलान, अब नीलामी में इन पर जमकर उड़ाए जाएंगे रुपये
Photo Credit: PTI

कार्यभार, बायो-बबल और ऑस्ट्रेलिया में व्यस्त क्रिकेट सीजन को नजर में रखते हुए इंग्लैंड और ऑस्ट्रेलिया के कई खिलाड़ी आईपीएल 2022 से पीछे हटते नजर आ रहे हैं। एक तरफ जहां बेन स्टोक्स और जो रूट जैसे इंग्लैंड के दिग्गजों ने आईपीएल 2022 की नीलामी के लिए खुद को उपलब्ध नहीं बताया है। वहीं दूसरी तरफ ऑस्ट्रेलिया के दिग्गज तेज गेंदबाज पैट कमिंस (Pat Cummins) ने आखिरकार आईपीएल 2022 की नीलामी में हिस्सा लेने व आगामी सीजन में खेलने को लेकर हामी भर दी है।

कई हफ्तों से ये चर्चा थी कि आखिर पैट कमिंस इस बार आईपीएल में खेलेंगे या नहीं। उनको आईपीएल 2020 की नीलामी के दौरान कोलकाता नाइट राइडर्स ने 15.5 करोड़ रुपये में खरीदा था। अब उन्होंने आईपीएल 2022 की नीलामी के विशाल रूप रूप को देखते हुए इसमें हिस्सा लेने का ऐलान कर दिया है।

कमिंस ने कहा, "मैंने नीलामी के लिए हां कर दिया है। इस समय मैं आईपीएल खेलने के लिए तैयार हूं। मुझे किसी और को कोई सलाह नहीं देनी है। मुझे लगता है कि उसके बारे में (कार्यभार) आपको खुद सचेत रहना होता है। कुछ खिलाड़ी बाकी खिलाड़ियों से इसको बेहतर तरीके से हैंडल कर लेते हैं। आपको पता होना चाहिए कि आप किस चीज के लिए खुद को तैयार कर रहे हैं।"

पैट कमिंस ने साफ शब्दों में कहा है कि बेशक कार्यभार कैसा भी रहे लेकिन खिलाड़ियों को इस बात को लेकर जागरुक रहना चाहिए कि अभी बायो-बबल व्यवस्था में कुछ समय और बिताना ही होगा। ऑस्ट्रेलिया के नए टेस्ट कप्तान पैट कमिंस इस समय शानदार लय में दिख रहे हैं और आईपीएल नीलामी के दौरान उन पर जमकर पैसों की बारिश हो सकती है।

गौरतलब है कि आईपीएल 2020 में सबसे महंगे गेंदबाज के रूप में खरीदे जाने के बाद पैट कमिंस का प्रदर्शन कुछ खास नहीं रहा था, उन्होंने उस सीजन में सिर्फ 12 विकेट लिए थे जो कि उनके स्तर के हिसाब से कम था। हालांकि इसके बावजूद आईपीएल 2021 के लिए केकेआर ने उनको टीम में रिटेन किया। आईपीएल 2021 के पहले चरण में पैट कमिंस मौजूद रहे थे लेकिन जब टूर्नामेंट दूसरे चरण के लिए यूएई शिफ्ट हुआ तो पैट कमिंस ने जाने से इंकार कर दिया था। अब केकेआर ने उनको टीम से अलग कर दिया है।

End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!