T20 World Cup 2021: क्‍या भारत के खिलाफ खेलेंगे मार्टिन गप्टिल? कीवी ओपनर की फिटनेस पर आया बड़ा अपडेट

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Oct 31, 2021, 01:22 PM IST

New Zealand opener Martin Guptill fitness update; न्यूजीलैंड के दिग्गज सलामी बल्लेबाज मार्टिन गप्टिल की फिटनेस को लेकर बड़ा अपडेट आया है।

T20 World Cup 2021: क्‍या भारत के खिलाफ खेलेंगे मार्टिन गप्टिल? कीवी ओपनर की फिटनेस पर आया बड़ा अपडेट
Photo Credit: AP, File Image

आज टी20 विश्व कप 2021 में न्यूजीलैंड और भारत की टक्कर होगी। दोनों टीमों का मुकाबला शाम साढ़े सात बजे से दुबई अंतरराष्ट्रीय में खेला जाएगा। इस हाई-वोल्टेज मैच से पहले केन विलियमसन की अगुवाई वाली न्यूजीलैंड टीम के लिए एक अच्छी खबर आई है। कीवी टीम के अनुभवी सलामी बल्लेबाज मार्टिन गप्टिल की चोट ठीक हो गई है और वो भारत के खिलाफ मैदान पर उतरने के लिए पूरी तर फिट हैं। गप्टिल रविवार को होने वाले मुकाबले में सेलेक्शन के लिए उपलब्ध रहेंगे।

गप्टिल के पैर में रऊफ की गेंद लगी थी

गप्टिल के पाकिस्तान के खिलाफ मैच के दौरान चोट लगी थी। उनके बाएं पैर का अंगूठा चोटिल हो गया था। कीवी ओपनर के अंगूठे में तेज गेंदबाज हारिस रऊफ की गेंद लगी थी। उन्होंने 20 गेंदों में 3 चौकों की मदद से 17 रन की पारी खेली थी। गुप्टिल को रऊफ ने छठे ओवर में बोल्ड किया था। न्यूजीलैंड की मीडिया ने न्यूजीलैंड टीम के कोच गैरी स्टीड के हवाले से कहा, 'गप्टिल ने शुक्रवार को ट्रेनिंग की और फिर शनिवार रात दोबारा ट्रेनिंग की। ऐसे में यह देखकर अच्छा लगा कि वह उपलब्ध हैं और सेलेक्शन के लिए फिट हैं।'

भारत-न्यूजीलैंड के लिए 'करो या मरो' मैच

गैरी स्टीड ने लॉकी फर्ग्युसन के चोटिल होने पर स्क्वाड में शामिल किए गए एडम मिल्ने के प्लेइंग इलेवन में खेलने की संभावना जताई है। कोच ने कहा कि तेज गेंदबाज मिल्ने को भारत के विरुद्ध मौका मिल सकता है। गौरतलब है कि भारत और न्यूजीलैंड ने टूर्नामेंट में निराशाजनक आगाज किया था। दोनों को अपने पहले मैच में पाकिस्तान के हाथों शिकस्त झेलनी पड़ी। ऐसे में ग्रुप-2 का हिस्सा भारत और न्यूजीलैंड 'करो या मरो' के मुकाबले में भिड़ेंगे। हारने वाली टीम की सेमीफाइनल की राह मुश्किल हो जाएगी। भारत अपने ग्रुप की अंक तालिका में पांचवें और न्यूजीलैंड चौथे नंबर पर है।

End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!