जोश हेजलवुड ने कह दी ऐसी सनसनीखेज बात, खटाई में पड़ सकता है ऑस्ट्रेलियाई टीम का पाकिस्तान दौरा

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Feb 2, 2022, 02:11 PM IST

Josh Hazlewood on Australia tour of Pakistan: ऑस्ट्रेलियाई तेज गेंदबाज जोश हेजलवुड ने पाकिस्तान के खिलाफ आगामी दौरे को लेकर चौंकाने वाला दावा किया है।

जोश हेजलवुड ने कह दी ऐसी सनसनीखेज बात, खटाई में पड़ सकता है ऑस्ट्रेलियाई टीम का पाकिस्तान दौरा

ऑस्ट्रेलिया को अगले महीने से पाकिस्तान में तीन टेस्ट, तीन वनडे और एक टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच खेलना है। दोनों टीमों के बीच पहला मैच 3 मार्च को खेला जाएगा। लेकिन ऑस्ट्रेलियाई टीम के दौरे से पहले तेज गेंदबाज जोश हेजलवुड ने सनसनीखेज दावा कर डाला है। कंगारू गेंदबाज का कहना है कि ऑस्ट्रेलियाई के कई खिलाड़ी सुरक्षा कारणों की वजह से पाकिस्तान दौरे पर जाने से इनकार कर सकते हैं। बता दें कि न्यूजीलैंड और इंग्लैंड ने सुरक्षा कारणों का हवाला देकर पिछले साल पाकिस्तान दौरा रद्द कर दिया था। 

खटाई में पड़ सकता है दौरा?

क्रिकेट डॉट कॉम डॉट एयू के मुताबिक, हेजलवुड ने कहा, 'कई चीजें हैं। क्रिकेट ऑस्ट्रेलया और एसीए ने बैकग्राउंड में काफी काम किया है। ऐसे में खिलाड़ियों का विश्वास काफी अधिक है। लेकिन निश्चित रूप से खिलाड़ियों से कुछ चिंताएं भी होंगी। मुझे बिलकुल आश्चर्य नहीं होगा अगर कुछ खिलाड़ी दौरे पर जाने से इनकार कर देते हैं।' हेजलवुड ने कहा, 'यह बहुत स्वाभाविक है। लोग अपने परिवारों के साथ दौरो पर जाने को लेकर चर्चा करेंगे। इसके बाद उनके पास जवाब होगा और हर कोई उसका सम्मान करेगा।'

1998 में आखिरी पाकिस्तान दौरा

बता दें कि ऑस्ट्रेलिया ने पिछले साल नवंबर में पाकिस्तान दौरे पर जाने के लिए हामी भरी थी। ऑस्ट्रेलियाई ने आखिरी बार 1998 में मार्क टेलर की अगुवाई में पाकिस्तान का दौरा किया था। ऑस्ट्रेलिया ने पाकिस्तान के अपने पिछले दौर पर टेस्ट सीरीज में 1-0 से जीत दर्ज की थी। इसके बाद 2002 में ऑस्ट्रेलिया ने दौरे से ठीक पहले पाकिस्तान में हुए आत्मघाती हमले के कारण यात्रा करने से इनकार कर दिया था। जिसके बाद उस सीरीज को कोलंबो और यूएई में खेला गया था।

गौरतलब है कि साल 2009 में लाहौर में श्रीलंकाई टीम की बस पर हुए आतंकी हमले ने पाकिस्तान में सालों से चल रहे अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट को खत्म कर दिया था। इसके बाद पाकिस्तान ने कई टीमों की यूएई में मेजबान की। वहीं, पीसीबी ने पाकिस्तान में कई टीमों की सीरीज आयोजित कर हालात बेहतर होने का हवाला दिया। लेकिन उसके बावजूद कई बड़ी टीम पाकिस्तान दौरे पर आने से कतराती नजर आईं। हालांकि, पिछले  साल दक्षिण अफ्रीका ने दो टेस्ट और तीन टी20 अंतरराष्ट्रीय मैचों की सीरीज खेली थी।

End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!