शहर

Nanded News: रेणुका माता मंदिर का दर्शन कर लौट रहे श्रद्धालुओं का टेम्पो खाई में गिरा, 3 लोगों की दर्दनाक मौत

Nanded Road Accident News: महाराष्ट्र के नांदेड़ के माहुर में में रेणुका माता मंदिर से लौट रहे यवतमाल के श्रद्धालुओं का टेम्पो केरोली घाट पर खाई में गिर गया। हादसे में तीन श्रद्धालुओं की मौत हो गई, जबकि तीन घायल हैं। घायलों का सरकारी अस्पताल में इलाज जारी है।

Image

नांदेड़ हादसा (फोटो साभार- TNN)

Nanded Road Accident News: महाराष्ट्र के नांदेड़ जिले के माहुर में शुक्रवार सुबह बड़ा सड़क हादसा हो गया। रेणुका माता मंदिर के दर्शन कर लौट रहे श्रद्धालुओं से भरा टेम्पो अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरा। हादसे में तीन श्रद्धालुओं की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी घायलों को माहुर के सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

रेणुका माता का दर्शन कर लौट रहे थे श्रद्धालु

जानकारी के अनुसार हादसा सुबह करीब 5 बजे केरोली घाट पर हुआ। यवतमाल जिले से छह श्रद्धालु रेणुका माता के दर्शन के लिए माहुर आए थे। दर्शन के बाद सभी टेम्पो से यवतमाल लौट रहे थे। इसी दौरान केरोली घाट के एक तीखे मोड़ पर ड्राइवर ने संतुलन खो दिया और टेम्पो सीधे खाई में गिर गया।

क्रेन से किया गया रेस्क्यू

हादसे की सूचना पर पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और रेस्क्यू शुरू किया। खाई गहरी और रास्ता दुर्गम होने से राहत कार्य में काफी परेशानी हुई। पुलिस ने क्रेन की मदद से टेम्पो में फंसे लोगों को बाहर निकाला। इस दौरान तीन लोगों की मौत की पुष्टि हुई, जबकि तीन घायलों को बाहर निकालकर अस्पताल भेजा गया। घायलों का माहुर के ग्रामीण अस्पताल में इलाज चल रहा है। बताया जा रहा है कि सभी मृतक और घायल यवतमाल जिले के निवासी हैं।

खतरनाक मोड़ बना हादसे की वजह

शुरुआती जांच में सामने आया है कि केरोली घाट के खतरनाक मोड़ पर चालक टेम्पो पर काबू नहीं रख पाया, जिससे यह भीषण हादसा हुआ। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। हादसे के बाद पूरे इलाके में मातम पसरा है। बता दें कि माहुर का केरोली घाट बेहद खतरनाक और दुर्गम माना जाता है। यहां अक्सर सड़क हादसे होते रहते हैं। प्रशासन ने पहले भी चेतावनी बोर्ड लगाए हैं, लेकिन तेज रफ्तार और तीखे मोड़ हादसों की वजह बनते हैं। स्थानीय लोगों ने घाट पर सुरक्षा रेलिंग और बेहतर सड़क की मांग की है।

Aditya Sahu
आदित्य साहूauthor

आदित्य साहू टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में स्पोर्ट्स और ट्रेडिंग कंटेंट लिखतें हैं। जर्नलिज्म में मास्टर्स की डिग्री हासिल करने के बाद वह पिछले 10 सालों से मीडिया में सक्रिय हैं। स्पोर्ट्स इवेंट की रियल टाइम कवरेज, डाटा टॉपिक्स और अनोखे कंटेंट आइडियाज को आकर्षक और एंगेजिंग तरीके से प्रस्तुत करना आदित्य की खासियत है। उनकी कॉपी राइटिंग और इंटरेस्टिंग हेडलाइन बनाने की क्षमता उन्हें डिजिटल दुनिया में अलग पहचान देती है। 15,000 से अधिक बायलाइन स्टोरी पब्लिश कर चुके आदित्य का लक्ष्य हर खबर को यूनिक एंगल और स्टोरीटेलिंग के रोचक अंदाज में पेश करना है।

और पढ़ें
End of Article