झूलन गोस्‍वामी ने रचा इतिहास, महिला विश्‍व कप इतिहास में सबसे ज्‍यादा विकेट लेने वाली गेंदबाज बनीं

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Mar 12, 2022, 01:34 PM IST

Jhulan Goswami creates history in ICC Women's World Cup: भारतीय महिला क्रिकेट टीम की तेज गेंदबाज झूलन गोस्‍वामी ने वेस्‍टइंडीज के खिलाफ मैच में वर्ल्‍ड रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया है। झूलन ने अन‍िसा मोहम्‍मद का विकेट लेकर उपलब्धि हासिल की।

झूलन गोस्‍वामी ने रचा इतिहास, महिला विश्‍व कप इतिहास में सबसे ज्‍यादा विकेट लेने वाली गेंदबाज बनीं

हैमिल्‍टन: भारतीय टीम की अनुभवी तेज गेंदबाज झूलन गोस्‍वामी ने शनिवार को वेस्‍टइंडीज के खिलाफ अनिसा मोहम्‍मद का विकेट लेकर वर्ल्‍ड रिकॉर्ड बना दिया है। झूलन गोस्‍वामी आईसीसी महिला वर्ल्‍ड कप इतिहास में सबसे ज्‍यादा विकेट लेने वाली गेंदबाज बन गई हैं। झूलन ने वेस्‍टइंडीज की पारी के 36वें ओवर की पांचवीं गेंद पर मोहम्‍मद को स्‍थानापन्‍न खिलाड़ी तानिया भाटिया के हाथों कैच आउट कराकर यह उपलब्धि अपने नाम की। 39 साल की झूलन गोस्‍वामी का यह महिला विश्‍व कप में 40वां शिकार रहा।

झूलन गोस्‍वामी ने ऑस्‍ट्रेलिया की लिन फुल्‍सटन का रिकॉर्ड तोड़कर यह कीर्तिमान अपने नाम किया है। लिन फुल्‍सटन के नाम पहले यह रिकॉर्ड दर्ज था, जिन्‍होंने 20 मैचों में 39 विकेट चटकाए थे। झूलन गोस्‍वामी 2005 से महिला वर्ल्‍ड कप में हिस्‍सा ले रही हैं और यह उनका पांचवां टूर्नामेंट हैं। गोस्‍वामी ने 31 मैच में 40वां शिकार किया। 

बता दें कि महिला वर्ल्‍ड कप इतिहास में सबसे ज्‍यादा विकेट लेने के मामले में तीसरे स्‍थान पर इंग्‍लैंड की कैरोल होजस हैं, जिन्‍होंने 24 मैचों में 37 विकेट झटके हैं। इंग्‍लैंड की क्‍लेर टेलर 26 मैचों में 36 विकेट के साथ इस लिस्‍ट में चौथे स्‍थान पर काबिज हैं। ऑस्‍ट्रेलिया की कैथरीन फिट्जपैट्रिक 25 मैचों में 33 विकेटों के साथ इस लिस्‍ट में पांचवें स्‍थान पर काबिज हैं। भारत की अनुभवी तेज गेंदबाज झूलन गोस्‍वामी ने अब तक 198 वनडे मैचों में 249 विकेट चटकाए हैं, जिसमें दो बार एक पारी में पांच या ज्‍यादा विकेट लेना शामिल है।

बता दें कि भारतीय टीम की कप्‍तान मिताली राज ने वेस्‍टइंडीज के खिलाफ शनिवार को टॉस जीतकर पहले बल्‍लेबाजी करने का फैसला किया। ओपनर स्मृति मंधाना (123) और उपकप्तान हरमनप्रीत कौर (109) के शतकों की बदौलत भारत ने आईसीसी महिला वनडे विश्व कप में वेस्टइंडीज के खिलाफ आठ विकेट पर 317 रन बनाये, जो टूर्नामेंट के इतिहास में उसका सर्वोच्च स्कोर है। जवाब में वेस्‍टइंडीज की पारी  40.3 ओवर में 162 रन पर ऑलआउट हुई।  

End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!