जेसन होल्‍डर ने 4 गेंदों में चटकाए 4 विकेट, वेस्‍टइंडीज ने इंग्‍लैंड को रौंदकर सीरीज पर किया कब्‍जा

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Jan 31, 2022, 09:13 AM IST

West Indies vs England, 5th T20i Highlights: जेसन होल्‍डर ने 4 गेंदों में 4 विकेट लेकर वेस्‍टइंडीज को पांचवें व अंतिम टी20 इंटरनेशनल मैच में इंग्‍लैंड पर 17 रन की जीत दिलाई। इसी के साथ वेस्‍टइंडीज ने 3-2 से सीरीज अपने नाम की।

जेसन होल्‍डर ने 4 गेंदों में चटकाए 4 विकेट, वेस्‍टइंडीज ने इंग्‍लैंड को रौंदकर सीरीज पर किया कब्‍जा
Photo Credit: Twitter

बारबाडोस: जेसन होल्‍डर (4 गेंदों में 4 विकेट) के आखिरी ओवर में हैट्रिक की बदौलत वेस्टइंडीज ने पांचवें व अंतिम टी20 इंटरनेशनल मैच में इंग्लैंड को 17 रन से मात दी। बारबाडोस में खेले गए मुकाबले में वेस्टइंडीज ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 4 विकेट पर 179 रन का मजबूत स्कोर बनाया और फिर होल्डर की शानदार हैट्रिक के दम पर इंग्लैंड को एक गेंद शेष रहते 162 रन पर ऑलआउट कर दिया। इसी के साथ वेस्‍टइंडीज ने पांच टी20 इंटरनेशनल मैचों की सीरीज 3-2 से अपने नाम की।

180 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी इंग्लैंड की टीम 19.5 ओवर में 162 रन पर ऑलआउट हुई। मे​हमान टीम के लिए जेम्स विंस ने 35 गेंदों पर 7 चौके और एक छक्का की मदद से 55 रन बनाए और वह टीम के सर्वश्रेष्‍ठ स्‍कोरर रहे। इसके अलावा सैम बिलिंग्स ने 41 रनों का योगदान दिया। कैरेबियाई ऑलराउंडर होल्डर ने क्रिस जॉर्डन (7), आदिल राशिद (0) और शाकिब महमूद (0) को आउट करके अपनी हैट्रिक पूरी की। इसके अलावा उन्होंने सैम बिलिंग्स (41) और कार्यवाहक कप्तान मोइन अली (14) के विकेट लेकर मैच में अपना पंजा पूरा किया। होल्‍डर ने पारी के आखिरी ओवर में हैट्रिक पूरी की।

होल्डर इसके टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट में 4 गेंदों पर 4 विकेट लेने वाले दुनिया के चौथे गेंदबाज बने। इससे पहले, अफगानिस्तान के लेग स्पिनर राशिद खान, श्रीलंका के तेज गेंदबाज लसिथ मलिंगा और आयरलैंड के कर्टिस कैंपर यह कारनामा कर चुके हैं। कैंपर ने पिछले साल ही टी20 विश्व कप में चार गेंदों पर 4 विकेट झटके थे। 

पोलार्ड ने खेली कप्‍तानी पारी

इससे पहले टॉस जीतकर पहले बल्‍लेबाजी करने उतरी वेस्‍टइंडीज को ब्रेंडन किंग (34) और काइल मेयर्स (31) ने 59 रन की साझेदारी करके ठोस शुरूआत दिलाई। राशिद ने मेयर्स को सॉल्‍ट के हाथों कैच आउट कराकर इस साझेदारी को तोड़ा। लियाम लिविंगस्‍टोन ने जल्‍द ही रोमारियो शेफर्ड (6) को महमूद के हाथों कैच आउट कराकर कैरेबियाई टीम को दूसरा झटका दिया। फिर लिविंगस्‍टोन ने किंग को जॉर्डन के हाथों झिलवाकर इंग्‍लैंड को तीसरी सफलता दिलाई।

इसके बाद राशिद ने निकोलस पूरण (21) को बोल्‍ड कर दिया। 105/4 के स्‍कोर से विंडीज को कप्‍तान किरोन पोलार्ड (41*) और रोवमैन पॉवेल (35*) ने पांचवें विकेट के लिए 74 रन की सााझेदारी करके विशाल स्‍कोर तक पहुंचाया। पोलार्ड ने 25 गेंदों पर दो चौके और एक छक्के की मदद से नाबाद 41 और पॉवेल ने 17 गेंदों पर शानदार 4 छक्के और एक चौके की बदौलत नाबाद 35 रन बनाए। इंग्‍लैंड की तरफ से आदिल राशिद और लियाम लिविंगस्‍टोन को दो-दो विकेट मिले।

End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!