जसकरण मल्होत्रा को दुनियाभर से मिल रहे हैं बधाई संदेश, लेकिन इस भारतीय के फोन का है इंतजार

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Sep 12, 2021, 06:41 PM IST

Jaskaran Malhotra 6 sixes in an over: हाल ही में वनडे क्रिकेट में 6 गेंद में 6 छक्के जड़ने के बाद सुर्खियों में आए अमेरिकी विकेटकीपर बल्लेबाज जसकरण मल्होत्रा को युवराज सिंह के फोन कॉल का बेसब्री से इंतजार है। 

जसकरण मल्होत्रा को दुनियाभर से मिल रहे हैं बधाई संदेश, लेकिन इस भारतीय के फोन का है इंतजार
Photo Credit: Twitter

नई दिल्ली: हाल ही में अमेरिका के लिए खेलने वाले भारतीय मूल के विकेटकीपर बल्लेबाज जसकरण मल्होत्रा ने वनडे क्रिकेट में एक ओवर में 6 छक्के  जड़ने का अनोखा कारनामा कर दिखाया जो उनसे पहले एक बल्लेबाज कर सका था। हर्षल गिब्स साल 2007 के वनडे विश्वकप में नीदरलैंड के खिलाफ वनडे क्रिकेट में 6 गेंद में 6 छक्के जड़ने वाले दुनिया के पहले बल्लेबाज बने थे।

हालांकि अंतरराष्ट्रीय टी20 क्रिकेट में युवराज सिंह 6 गेंद में 6 छक्के जड़ने वाले दुनिया के पहले बल्लेबाज बने थे। उन्होंने पहले टी20 वर्ल्ड कप के दौरान इंग्लैंड के खिलाफ स्टुअर्ट ब्रॉड की गेंद पर यह कारनामा कर दिखाया था। वहीं हाल ही में वेस्टइंडीज के टी20 टीम के कप्तान किरोन पोलार्ड ने भी हाल ही में श्रीलंका के खिलाफ 6 गेंद में 6 छक्के जड़ने का कारनामा अकीला धनंजय की गेंद पर किया था। 

जसकरण को अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में गेंद पर 6 छक्के जड़ने का कारनामा करने के बाद दुनियाभर से शुभकामना संदेश मिल रहे हैं लेकिन टीम इंडिया के सिक्सर किंग युवराज सिंह ने उन्हें अबतक बधाई नहीं दी है। जसकरण बेसब्री से युवराज सिंह के फोन का इंतजार कर रहे हैं। 

युवराज के साथ है चंडीगढ़ कनेक्शन 
संयोगवश युवराज और जसकरण दोनों ही मूल रूप से पंजाब के चंडीगढ़ के रहने वाले हैं। दोनों का जन्म भी यहीं पर हुआ और दोनों ने करियर में शुरुआती क्रिकेट यहीं पर खेली। ऐसे में युवराज सिंह से बधाई संदेश पाने के लिए जसकरण आतुर हैं। उन्होंने कहा, मैं जानता हूं कि युवराज पाजी मुझे जल्दी ही कॉल करेंगे। मुझे उनके फोन का बेसब्री से इंतजार है। 

173 रन की खेली धमाकेदार पारी 
जसकरण ने पपुआ न्यू गिनी के खिलाफ 173 रन की पारी के दौरान छह छक्के जड़ने का कारनामा पारी के 50वें ओवर में किया था। इस पारी के दौरान उन्होंने 124 गेंद में 173 रन बनाए और 16 गगनचुंबी छक्के जड़े। इस पारी के दौरान उनके बल्ले से केवल 4 चौके निकले। जसकरण की यह पारी पांचवें पायदान पर बल्लेबाजी करते हुए वनडे क्रिकेट में किसी भी बल्लेबाज द्वारा खेली गई सबसे बड़ी पारी है। 

कैसे जड़े एक ओवर में 6 छक्के
जसकरण ने बताया कि जब उन्होंने 4 गेंद में लगातार 4 छक्के जड़े उसके बाद उनके मन में 6 छक्के जड़ने का विचार मन में आया। इसके बाद उन्होंने गौड़ी टौकी की गेंदों पर 6 छक्के जड़ने का कारनामा कर दिखाया। 


End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!