IPL 2022: जो फैंस के दिल में थी बात, वो बुमराह के होंठों पर आई, मुंबई के शर्मनाक प्रदर्शन की असल वजह बताई

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Apr 12, 2022, 05:55 PM IST

Jasprit Bumrah on Mumbai Indians: सोशल मीडिया पर मुंबई इंडियंस (एमआई) के फैंस के बीच कई दिनों से चर्चा थी कि टीम बदलाव के दौर से गुजर रही है। अब जसप्रीत बुमराह ने भी इस बात पर मुहर लगा दी है।

IPL 2022: जो फैंस के दिल में थी बात, वो बुमराह के होंठों पर आई, मुंबई के शर्मनाक प्रदर्शन की असल वजह बताई

पुणे: मुंबई इंडियंस के उप-कप्तान जसप्रीत बुमराह का मानना है कि उनकी टीम इंडियन प्रीमियर लीग के मौजूदा सत्र में ‘बदलाव के दौर’ से गुजर रही है और फ्रेंचाइजी से जुड़े नये खिलाड़ियों को यह समझने की जरूरत है कि इस प्रतिस्पर्धी टूर्नामेंट में दबाव की स्थिति से कैसे निपटा जाता है।

मुंबई की टीम मौजूदा सत्र के अपने शुरुआती चारों मैच हार चुकी है। पांच बार की चैम्पियन टीम को गेंदबाजी में विकल्प की काफी कमी खल रही है। बुमराह ने कहा, 'यह बदलाव का दौर है और हर टीम को इससे गुजरना होता है। हर क्रिकेटर इसे समझता है। टीम में कई नये खिलाड़ी है और हम इसी तरह के दौर से गुजर रहे है।' 

उन्होंने कहा, 'आईपीएल में सफलता के लिए आपको इस लीग के प्रारूप को समझते हुए दबाव से निपटने के बारे में सीखना होगा।' बुमराह के लिए यह महत्वपूर्ण है कि टीम अतीत पर जोर देने के बजाय वर्तमान में रहे।

 उन्होंने कहा, 'हमें बीती चीजों को छोड़कर वर्तमान में रहना होगा। यह सही है कि अभी तक चीजें योजना के अनुसार नहीं हुई हैं, लेकिन हम संघर्ष करते रहते हैं और सफलता के तरीके  खोजते रहते हैं।'

उन्होंने कहा कि इस आईपीएल में टॉस की भूमिका काफी अहम रही है।  बुमराह ने कहा, 'अगर यह मेरे  हाथ में होता तो मैं हर मैच में टॉस जीतना चाहता। यह वास्तव में मदद करता है।'

End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!