पाकिस्‍तान ने पूर्व कप्‍तान ने की विराट कोहली की जमकर आलोचना, बोले- भारतीय बल्‍लेबाज में विश्‍वास नहीं दिखा

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Aug 30, 2022, 03:27 PM IST

Inzamam Ul Haq critises Virat Kohli: पाकिस्‍तान के पूर्व कप्‍तान इंजमाम उल हक ने विराट कोहली की आलोचना की है। इंजमाम ने कहा कि विराट कोहली क्रीज पर सेट होने के बावजूद सहज नजर नहीं आए। कोहली ने पाकिस्‍तान के खिलाफ 35 रन बनाए थे।

पाकिस्‍तान ने पूर्व कप्‍तान ने की विराट कोहली की जमकर आलोचना, बोले- भारतीय बल्‍लेबाज में विश्‍वास नहीं दिखा

कराची: पाकिस्‍तान के पूर्व कप्‍तान इंजमाम उल हक ने एशिया कप के मुकाबले में विराट कोहली की सोच की आलोचना की है। भारत ने रविवार को पाकिस्‍तान को 5 विकेट से मात दी। टीम इंडिया ने पिछले साल टी20 वर्ल्‍ड कप में पाकिस्‍तान से मिली हार का बदला चुकाया। पाकिस्‍तान के खिलाफ एशिया कप के मुकाबले में विराट कोहली ने 34 गेंदों में तीन चौके और एक छक्‍के की मदद से 35 रन बनाए। वैसे, कोहली को उनकी पारी की दूसरी ही गेंद पर जीवनदान मिला था जब स्‍लिप में फखर जमान ने उनका कैच टपकाया था। 

इंजमाम उल हक ने अपने यूट्यूब चैनल पर कहा, 'विराट कोहली पर काफी दबाव था। आमतौर पर सेट बल्‍लेबाज को आउट करना मुश्किल होता है, लेकिन मैं यह देखकर हैरान था कि क्रीज पर जमने के बाद भी कोहली विश्‍वास से भरे नहीं दिखे।' इंजमाम ने ऋषभ पंत को प्‍लेइंग 11 से बाहर करने पर भी सवाल किया। रोहित शर्मा के नेतृत्‍व वाली भारतीय टीम ने दिनेश कार्तिक को पंत पर तरजीह दी।

पाकिस्‍तान के पूर्व कप्‍तान ने कहा, 'भारत का मिडिल और लोअर मिडिल ऑर्डर बहुत मजबूत है। यह एशिया कप में उन्‍हें अन्‍य टीमों से जुदा करता है। मैं हैरान था कि भारत ने ऋषभ पंत को बेंच पर बैठाया। पंत, पांड्या और जडेजा का सयोजन काफी खतरनाक है। इस पिच पर आखिरी ओवर में 11 रन का पीछा करना मुश्किल था, लेकिन भारतीय बल्‍लेबाजों ने अच्‍छा खेला।' इंजमाम उल हक ने पाकिस्‍तान चयन समिति से चौथे और पांचवें नंबर पर विशेषज्ञ बल्‍लेबाजों को रखने की मांग की।

पाकिस्‍तान के पूर्व कप्‍तान ने कहा, 'चयन समिति और प्रबंधन को मिडिल ऑर्डर के बारे में कुछ करना चाहिए। फखर जमान जब तीसरे नंबर पर आउट हुए तो टीम बिखरती हुई नजर आई। उन्‍हें चौथे और पांचवें नंबर के लिए मजबूत बल्‍लेबाजों की जरुरत है। आसिफ अली और खुशदिल शाह लोअर मिडिल ऑर्डर में जमते हैं।'

End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!