India vs Pakistan Asia Cup 2022: भारत-पाकिस्तान के बीच खेले गए क्रिकेट मुकाबले अक्सर दर्शकों की धड़कने बढ़ा देते हैं। अब एक बार फिर दुनियाभर के क्रिकेट प्रेमी, 28 अगस्त 2022 को खेले जाने वाले भारत-पाकिस्तान मैच (India vs Pakistan Cricket Match) का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं। इस मुकाबले से पहले एक ऐसे मुकाबले की ओर नजर डालते हैं जो आज भी दर्शकों के रोंगटे खड़े कर देता है, वह मैच जिसमें समय समय पर खिलाड़ी अपना आपा खोते नजर आए।
India vs Pak Cricket Match: क्या आपको याद है ये मुकाबला?
वैसे तो भारत-पाकिस्तान के बीच खेले जाने वाले सभी मुकाबले रोमांच से भरे होते हैं, हालांकि 19 जून 2010 को खेला गया एशिया कप का ये मुकाबला शायद रोमांचक मैचों की लिस्ट में सबसे ऊपर होगा। इस मुकाबले में पहले बल्लेबाजी करते हुए पाकिस्तान ने भारत को 50 ओवर में 267 रनों का टारगेट दिया, जिसे हासिल करना भारत के लिए ज्यादा मुश्किल नहीं लग रहा था। हालांकि यह रन चेज भारत के लिए किसी मोड़ पर भी आसान नजर नहीं आया।
एक तरफ से भारतीय सलामी बल्लेबाज गौतम गंभीर ने पारी को संभाले रखा और क्रीज पर टिके रहे, हालांकि दूसरे छोर से उन्हें अधिक सपोर्ट नहीं मिल पा रहा था, विकेट लगातार गिर रहे थे और प्रेशर भारतीय टीम पर बढ़ता जा रहा था।
गंभीर ने दिया शोएब को मुंहतोड़ जवाब
मैच के दौरान ऐसे कई मौके आए जब गौतम गंभीर और पाकिस्तान के तेज गेंदबाज शोएब अख्तर आमने-सामने आ गए और अपना आपा खोते नजर आए। यहां तक की बीच बचाव के लिए कई बार अम्पायर को भी आना पड़ा। दरअसर गंभीर का कहना था कि क्रीज पर रन लेते समय शोएब बार-बार उनके बीच में आ रहे थे, जिस कारण से उन्हें सख्ती से उन्हें मना करना पड़ा। इस मैच में गंभीर ने 97 गेंदों पर 83 रनों की शानदार पारी खेली, जिसने भारत को जीत के बेहद करीब पहुंचा दिया था।
अनहोनी को होनी करने आए हरभजन सिंह
ये मैच खिलाड़ियों के बीच आपसी अनबन और जवाबी हमलों के साथ-साथ हरभजन सिंह के उस छक्के के लिए भी जाना जाता है जिसने सभी भारतीयों का दिल जीत लिया। गौतम गंभीर के आउट होने के बाद, भारतीय कप्तान महेंद्र सिंह धोनी (71 गेंदों में 56 रन) और सुरेश रैना ( 27 गेंदों पर 34 रन) बनाकर पवेलियन वापस लौट चुके थे। अब भी जीत की मंजिल भारत के लिए काफी दूर नजर आ रही थी। फिर क्रीज पर आए फिरकी गेंदबाज हरभजन सिंह।
भज्जी ने रचा इतिहास, शोएब ने खोया आपा
हरभजन सिंह ने कुछ ऐसा कर दिखाया जिसकी कल्पना शायद ही किसी ने पहले की हो। उन्होंने आते ही शोएब अख्तर की गेंद को दर्शकों के बीच पहुंचा दिया। यह छक्का यकीनन शोएब अख्तर को कतई पसंद नहीं आया। फिर आखिरी ओवर आया और क्रीज पर थे हरभजन सिंह और प्रवीन कुमार, गेंदबाजी कर रहे थे मोहम्मद आमिर। भारत को जीत के लिए दो गेंदों पर तीन रनों की जरूरत थी और मैच किसी भी तरफ जा सकता था। हालांकि हरभजन सिंह के इरादे कुछ और ही थे उन्होंने आमिर की गेंद पर छक्का मारकर मैच इंडिया के नाम कर दिया।
भारत की जीत के बाद चारों ओर भारतीय समर्थक और खिलाड़ी जश्न मना रहे थे। इस बीच मैच हारने वाले शोएब, हरभजन को ग्राउंड से बाहर निकलने का इशारा करते हुए भी नजर आए, जो कैमरे में कैद हो गया। इन सब विवादों के बावजूद आज भी यह मैच क्रिकेट इतिहास के कुछ सबसे यादगार मैचों में से एक है।


