IND vs IRE 1st T20I Playing XI: भारत और आयरलैंड के बीच आज डबलिन में पहला टी20 इंटरनेशनल मैच खेला जाएगा। भारतीय टीम के कई नियमित खिलाड़ी इस समय इंग्लैंड में टेस्ट मैच की तैयारी में जुटे हैं। ऐसे में हार्दिक पांड्या को भारतीय टीम की कमान सौंपी गई है जबकि वीवीएस लक्ष्मण कार्यवाहक हेड कोच की भूमिका निभाएंगे। आयरलैंड की कमान एंडी बालबिर्नी संभालेंगे। यह मुकाबला भारतीय समयानुसार रात 9 बजे से शुरू होगा। टॉस शाम 8:30 बजे होगा।
भारतीय टीम ने अपनी पिछली टी20 इंटरनेशनल सीरीज दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ खेली, जो 2-2 से बराबर रही। सीरीज का निर्णायक मैच बारिश की भेंट चढ़ गया था। भारतीय टीम इन दो मैचों के सहारे ऑस्ट्रेलिया में होने वाले टी20 वर्ल्ड कप के लिए सही संयोजन तैयार करना चाहेगी। भारतीय टीम ने दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ उमरान मलिक और अर्शदीप सिंह को डेब्यू का मौका नहीं दिया था और आयरलैंड के खिलाफ सीरीज में राहुल त्रिपाठी के रूप में एक और नया चेहरा शामिल किया गया है। देखना दिलचस्प होगा कि हार्दिक पांड्या की अगुवाई में आईपीएल 2022 के इन सितारा खिलाड़ियों को डेब्यू का मौका मिलेगा या नहीं।
आयरलैंड की नजरें भी इस साल के टी20 वर्ल्ड कप पर टिकी हैं। पिछले साल यूएई में टी20 वर्ल्ड कप के बाद से आयरलैंड ने किसी पूर्ण सदस्य टीम के खिलाफ टी20 इंटरनेशनल मैच नहीं खेले हैं। इस दौरान आयरलैंड ने कुछ सहायक देशों के खिलाफ टी20 इंटरनेशनल मैच खेले, लेकिन उनका रिकॉर्ड प्रभावी नहीं रहा। पिछले साल वर्ल्ड कप के सुपर 12 चरण से आयरलैंड बाहर हुआ था क्योंकि उसे नामीबिया से शिकस्त मिली थी। इसके बाद उसे अमेरिका से हैरानीभरी शिकस्त मिली। इसके अलावा यूएई के खिलाफ उसे पांच टी20 इंटरनेशनल मैचों में लगातार शिकस्त मिली।
दोनों ही टीमों के खिलाड़ियों के पास आगामी टी20 वर्ल्ड कप में अपनी दावेदारी पेश करने का यह एकदम सही मंच है। दोनों टीमें ऐसे में मैच में अपना पूरा जोर लगाएंगी ताकि खुद को मजबूत साबित कर सकें।
दोनों टीमों की संभावित प्लेइंग 11
आयरलैंड की संभावित प्लेइंग 11 - पॉल स्टर्लिंग, एंडी बालबिर्नी (कप्तान), गारेथ डेलानी, कर्टिस कैंफर, हैरी टेक्टर, लोर्कन टकर, जॉर्ज डॉकरेल, एंडी मैकब्राइन, मार्क एडेर, क्रैग यंग और जोश लिटिल।
भारत की संभावित प्लेइंग 11 - इशान किशन, रुतुराज गायकवाड़, सूर्यकुमार यादव, दीपक हूडा, हार्दिक पांड्या (कप्तान), दिनेश कार्तिक, अक्षर पटेल, हर्षल पटेल, आवेश खान, भुवनेश्वर कुमार और युजवेंद्र चहल।

