ICC Women's World Cup 2022: एलिसा हीली ने फाइनल में जड़े धुआंधार 170 रन, नया वर्ल्‍ड रिकॉर्ड बना डाला

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Apr 3, 2022, 11:22 AM IST

Alyssa Healy World Record: ऑस्‍ट्रेलिया महिला क्रिकेट टीम की ओपनर एलिसा हीली ने इंग्‍लैंड के खिलाफ आईसीसी विश्‍व कप 2022 फाइनल में 170 रन की पारी खेलकर इतिहास रच दिया। हीली टूर्नामेंट के एक एडिशन में 500 या ज्‍यादा रन बनाने वाली पहली महिला क्रिकेटर बन गई हैं।

ICC Women's World Cup 2022: एलिसा हीली ने फाइनल में जड़े धुआंधार 170 रन, नया वर्ल्‍ड रिकॉर्ड बना डाला
Photo Credit: AP

क्राइस्‍टचर्च: ऑस्‍ट्रेलिया महिला टीम का ध्‍यान सातवीं बार विश्‍व कप खिताब जीतने पर लगा है। ऑस्‍ट्रेलिया की विकेटकीपर बल्‍लेबाज एलिसा हीली ने शनिवार को क्राइस्‍टचर्च में इंग्‍लैंड के खिलाफ आईसीसी महिला विश्‍व कप 2022 के फाइनल में रिकॉर्ड पारी खेली। एलिसा हीली ने आईसीसी महिला विश्‍व कप 2022 फाइनल में इंग्‍लैंड के खिलाफ 138 गेंदों में 26 चौके की मदद से 170 रन की धुआंधार पारी खेली और नया वर्ल्‍ड रिकॉर्ड बना डाला। एलिसा हीली महिला विश्‍व कप के एक एडिशन में 500 या ज्‍यादा रन बनाने वाली दुनिया की पहली महिला क्रिकेटर बन गई हैं। 

हीली ने न्‍यूजीलैंड की महान महिला बल्‍लेबाज डेबी हॉकली का 25 साल पुराना रिकॉर्ड तोड़ा। हॉकली ने भारत में खेले गए 1997 वर्ल्‍ड कप में 456 रन बनाए थे। मगर शनिवार को हॉकली तीसरे स्‍थान पर खिसक गईं। हीली और उनकी ओपनिंग जोड़ीदार रचेल हेंस ने शीर्ष दो स्‍थान हासिल किए। हीली ने 509 रन बनाए जबकि हेंस ने 497 रन बनाए।

एलिसा हीली ने इंग्‍लैंड की तेज गेंदबाज कैट क्रॉस द्वारा किए पारी के 45वें ओवर में लगातार दो बाउंड्री जमाई और यह उपलब्धि हासिल की। हीली की पारी का अंत अन्‍या श्रबसोल ने 46वें ओवर में किया। इससे पहले हीली की ओपनिंग जोड़ीदार रचेल हेंस ने 14वें ओवर में हॉकली का रिकॉर्ड तोड़ा था। रचेल हेंस आईसीसी महिला विश्‍व कप में 456 रन का स्‍कोर पार करने वाली पहली महिला क्रिकेटर बनी थीं। रचेल हेंस 93 गेंदों में 7 चौके की मदद से 68 रन बनाकर आउट हुई थीं।

आईसीसी महिला विश्‍व कप के एक एडिशन में सबसे ज्‍यादा रन बनाने वाली महिला बल्‍लेबाज

  • एलिसा हीली, ऑस्‍ट्रेलिया, 509 रन, 2022
  • रचेल हेंस, ऑस्‍ट्रेलिया, 497 रन, 2022
  • डेबी हॉकली, न्‍यूजीलैंड, 456 रन, 1997
  • लिंडसे रीलर, ऑस्‍ट्रेलिया, 448 रन, 1988
  • डेबी हॉकली, न्‍यूजीलैंड, 445 रन, 1988

महिला विश्‍व कप फाइनल में सबसे बड़ी ओपनिंग साझेदारी

विकेटकीपर बल्‍लेबाज एलिसा हीली और रचेल हेंस ने इंग्‍लैंड के खिलाफ पहले विकेट के लिए 160 रन की साझेदारी की। यह महिला विश्‍व कप फाइनल में सबसे बड़ी साझेदारी का रिकॉर्ड है।

हीली का एक और रिकॉर्ड

एलिसा हीली महिला विश्‍व कप फाइनल में शतक जमाने वाली दूसरी क्रिकेटर बनी हैं। इससे पहले ऑस्‍ट्रेलिया की महिला बल्‍लेबाज कारेन रोल्‍टन ने विश्‍व कप फाइनल में शतक जमाया था। एलिसा हीली पुरुष/महिला आईसीसी विश्‍व कप फाइनल में सबसे ज्‍यादा रन बनाने वाली बल्‍लेबाज बन गई है। उन्‍होंने एडम गिलक्रिस्‍ट (149) और रिकी पोंटिंग (140*) का रिकॉर्ड तोड़ा।

End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!