सौरव गांगुली और जय शाह इस साल BCCI को कह देंगे अलविदा? जानिए क्या है वजह

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Jan 18, 2022, 11:21 AM IST

BCCI President and Secretary Tenure: बीसीसीआई अध्यक्ष सौरव गांगुली और सचिव जय शाह का कार्यकाल इस साल अक्टूबर में समाप्त होने वाला है।

सौरव गांगुली और जय शाह इस साल BCCI को कह देंगे अलविदा? जानिए क्या है वजह
Photo Credit: Twitter

एक तरफ जहां इन दिनों विराट कोहली का अचानक टेस्ट कप्तानी छोड़ने का फैसला सुर्खियों में हैं तो दूसरी तरफ बीसीसीआई अध्यक्ष सौरव गांगुली के इस साल समाप्त होने वाले कार्यकाल की चर्चा शुरू हो गई है। उनका कार्यकाल अक्टूबर में खत्म होने जा रहा है। गांगुली के साथ ही सचिव जय शाह का कार्यकाल भी पूरा होने वाला है। दोनों अक्टूबर 2019 में निर्विरोध बीसीसीआई के अध्यक्ष और सचिव चुने गए थे। अब सबकी निगाहें इस बात पर टिकी होंगी कि भारतीय क्रिकेट बोर्ड का कोई नया अध्यक्ष और सचिव बनेगा या फिर गांगुली और शाह ही जिम्मेदारी संभालेंगे।

स्पोर्ट्स तक की रिपोर्ट के अनुसार, सौरव गांगुली और जय शाह का तीन साल का कार्यकाल अक्टूबर में समाप्त होने के बाद बीसीसीआई में नए अध्यक्ष और नए सचिव के आने की संभावना है। गौरतलब है कि गांगुली के कार्यकाल के दौरान उपलब्धियां और विवाद दोनों ही देखने को मिले हैं। गांगुली के रहते राहुल द्रविड़ और वीवीएस लक्ष्मण को अहम जिम्मेदारी सौंपी गई, जिसे उपलब्धि कहा जा सकता है। द्रविड़ भारतीय टीम के हेड कोच बने तो लक्ष्मण को नेशनल क्रिकेट एकडेमी (एनसीए) का अध्यक्ष बनाया गया। वहीं, कोहली के टी20 कप्तानी छोड़ने और उनसे वनडे की कमान छीनने पर काफी विवाद हुआ।

बता दें कि न्यायमूर्ति आरएम लोढ़ा समिति सुधारों के आधार पर तैयार नए बीसीसीआई संविधान में कोई भी व्यक्ति जो राज्य संघ के साथ बीसीसीआई का लगातार छह साल तक पदाधिकारी रहा हो, उसके लिए तीन साल तक विश्राम अवधि (कूलिंग ऑफ पीरियड) में जाना अनिवार्य होगा। गांगुली बंगाल क्रिकेट के संघ के संयुक्त सचिव और बाद में अध्यक्ष रह चुके हैं। दूसरी ओर, जय शाह गुजरात क्रिकेट संघ के सचिव रहे। हालांकि, इससे पहले जब दोनों का बीसीसीआई में कार्यकाल 2018 में खत्म हुआ था तो बीसीसीआई ने कूलिंग ऑफ पीरियड नियम में संशोधन कर कार्यकाल को बढ़ाने की स्वीकृति दी।

End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!