आईसीसी ने 'प्लेयर ऑफ द मंथ' के उम्मीदवारों का किया ऐलान, बाबर आजम समेत ये खिलाड़ी दौड़ में शामिल

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Apr 6, 2022, 04:48 PM IST

ICC Player of the Month nominations for March: अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) ने 'प्लेयर ऑफ द मंथ' के उम्मीदवारों का ऐलान कर दिया है। पुरुष और महिला वर्ग में तीन-तीन खिलाड़ी दौड़ में शामिल हैं।

आईसीसी ने 'प्लेयर ऑफ द मंथ' के उम्मीदवारों का किया ऐलान, बाबर आजम समेत ये खिलाड़ी दौड़ में शामिल

दुबई: पाकिस्तान के कप्तान बाबर आजम, वेस्टइंडीज के क्रेग ब्रेथवेट और ऑस्ट्रेलिया के पैट कमिंस को मार्च में उनके शानदार व्यक्तिगत प्रदर्शन के बाद आईसीसी महीने के सर्वश्रेष्ठ पुरुष खिलाड़ी के लिए नामांकित किया गया है। महिला वर्ग में हाल ही संपन्न हुए विश्व कप में शानदार प्रदर्शन करने वाली इंग्लैंड की गेंदबाज सोफी एक्लेस्टोन, ऑस्ट्रेलिया की रन-मशीन राचेल हेन्स और दक्षिण अफ्रीका की लौरा वोल्वार्ड्ट पुरस्कार हासिल करने की दौड़ में हैं। विजेताओं की घोषणा अगले सप्ताह की जाएगी। 

बाबर ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ किया प्रभावित 

बाबर ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ हालिया श्रृंखला में अपने शानदार प्रदर्शन से प्रभावित किया। उन्होंने इस महीने टेस्ट में  390 रन बनाए, जिसमें दूसरे टेस्ट में रिकॉर्ड तोड़ 196 की पारी भी शामिल है। उनकी इस पारी से पाकिस्तान मैच ड्रॉ कराने में सफल रहा। उन्होंने मार्च में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ  दो एकदिवसीय मैचों में 57 और 114 रन बनाकर टीम की बल्लेबाजी को मजबूती दी। दूसरे एकदिवसीय में उनकी शतकीय पारी से पाकिस्तान ने 349 रनों के लक्ष्य का सफलतापूर्वक पीछा किया। वह दूसरी बार इस पुरस्कार के लिए नामित हुए है और  अप्रैल 2021 में इस खिताब को जीत चुके है। 

वेस्टइंडीज के कप्तान और सलामी बल्लेबाज ब्रेथवेट ने इंग्लैंड के खिलाफ हाल ही में समाप्त हुई सफल डब्ल्यूटीसी (विश्व टेस्ट चैम्पियनशिप) श्रृंखला के दौरान 85.25 की औसत से 341 रन बनाए। उन्होंने इस दौरान दूसरे टेस्ट में इंग्लैंड की पहली पारी में कड़े स्कोर के जवाब में 489 गेंदों में 160 रन बनाकर मैच ड्रॉ कराने में अहम भूमिका निभाई थी। कमिंस ने पाकिस्तान में डब्ल्यूटीसी टेस्ट श्रृंखला के दौरान प्रतिकूल परिस्थितियों में अपनी गेंदबाजी का लोहा मनवाया।

एक्लेस्टोन को दूसरी बार किया गया नामांकित 

बल्लेबाजी के लिए आसान पिच पर उन्होंने तीसरे टेस्ट मैच में पहली पारी में 56 रन देकर 5 विकेट लेने के बाद दूसरी पारी में 23 रन देकर तीन विकेट लिए और टीम की जीत पक्की की। तीन मैचों की श्रृंखला में 22.50 की औसत से 12 विकेट लेने के कारण वह पहली बार इस पुरस्कार के लिए नामांकित हुए है। महिलाओं की श्रेणी में, एक्लेस्टोन को उनकी उत्कृष्ट गेंदबाजी प्रदर्शन के बाद दूसरी बार नामांकित किया गया। उन्होंने अपनी टीम को विश्व कप के फाइनल में पहुंचने में अहम भूमिका निभाई। इस महीने उन्होंने 12.85 की औसत से 20 विकेट लिए।

इस विश्व कप के दौरान ऑस्ट्रेलिया को अजेय रखने में हेन्स ने बड़ी भूमिका निभाई । उन्होंने इस दौरान आठ मैचों में 61.28 की औसत और 84.28 की शानदार स्ट्राइक रेट से 429 रन बनाए। वोल्वार्ड्ट के शानदार प्रदर्शन से दक्षिण अफ्रीका सेमीफाइनल में पहुंचने में सफल रहा।  वह टूर्नामेंट के दौरान सबसे अधिक रन बनाने वाले खिलाड़ियों की सूची में शामिल है। उन्होंने पांच अर्धशतक की मदद से 433 रन बनाए, जिसमें उनका औसत  54.12 का रहा।

End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!