AUS vs BAN: धमाकेदार एंट्री, अंतरराष्ट्रीय करियर के पहले ही मैच में नाथन एलिस ने ली हैट्रिक

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Aug 6, 2021, 09:12 PM IST

Debutant Nathan Ellis takes hattrick: ऑस्ट्रेलिया के लिए शुक्रवार को टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में डेब्यू करने वाले गेंदबाज नाथन एलिस ने पहले ही मैच में हैट्रिक लेकर नया रिकॉर्ड बना दिया।

AUS vs BAN: धमाकेदार एंट्री, अंतरराष्ट्रीय करियर के पहले ही मैच में नाथन एलिस ने ली हैट्रिक
Photo Credit: Twitter

पांच टी20 मैचों की सीरीज के तीसरे टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच में बांग्लादेश और ऑस्ट्रेलिया की टीमें शुक्रवार को आमने-सामने आईं। ढाका में खेले गए इस तीसरे टी20 मैच में ऑस्ट्रेलिया ने एक नए खिलाड़ी को मैदान पर उतारने का फैसला किया। ऑस्ट्रेलिया की तरफ से इस मैच में 26 वर्षीय तेज गेंदबाज नाथन एलिस (Nathan Ellis) ने डेब्यू किया और आते ही बड़ा कमाल कर डाला। उन्होंने पहले ही मैच में हैट्रिक ले डाली।

नाथन एलिस ऑस्ट्रेलिया में न्यू साउथ वेल्स से ताल्लुक रखते हैं और बिग बैश लीग में होबार्ट हरीकेन्स के लिए खेलते हैं। बांग्लादेश के खिलाफ तीसरे टी20 मैच में मेजबान टीम को सरप्राइज देने के इरादे से नाथन एलिस को अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में आगाज करने का मौका दिया गया। इस मैच में बांग्लादेश ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया।

बांग्लादेशी टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 19 ओवर तक 122 रन का आंकड़ा छू लिया था। उनके 6 विकेट गिर चुके थे। अंतिम ओवर में कप्तान महमुदुल्लाह से बांग्लादेश को उम्मीदें थीं जो अर्धशतक बनाकर टिके हुए थे। ऑस्ट्रेलियाई कप्तान वेड ने अंतिम ओवर की जिम्मेदारी नाथन एलिस कौ सौंप दी।

नाथन एलिस ने अंतिम ओवर की पहली तीन गेंदों में पांच रन लुटा दिए लेकिन फिर अंतिम तीनों गेंदों पर उन्होंने विकेट लेकर शानदार हैट्रिक ली और नया इतिहास रच दिया। चौथी गेंद पर महमुदुल्लाह (52), पांचवीं गेंद पर मुस्तफिजुर रहमान (0) और अंतिम गेंद पर मेहदी हसन (6) को आउट करके उन्होंने डेब्यू में हैट्रिक ली। एलिस ने 4 ओवर में 34 रन देकर 3 विकेट लिए। बांग्लादेश की टीम 20 ओवर में 9 विकेट पर 127 रन ही बना सकी।

बनाए ये खास रिकॉर्ड

नाथन एलिस ने इसी के साथ कुछ रिकॉर्ड भी बना डाले। वो टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में डेब्यू पर हैट्रिक लेने वाले पहले खिलाड़ी बन गए हैं। जबकि टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच में पारी की अंतिम तीन गेंदों पर हैट्रिक लेने वाले पहले खिलाड़ी भी बन गए। वो ब्रेट ली और एश्टन एगर के बाद टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में हैट्रिक लेने वाले तीसरे ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेटर बन गए हैं।

End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!