इंग्लैंड और पाकिस्तानी खिलाड़ियों के कोरोना टेस्ट के नतीजे आए

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Jun 30, 2020, 07:58 PM IST

England, Pakistan, Coronavirus Test: पाकिस्तानी टीम मेजबान टीम के खिलाफ सीरीज के लिए इंग्लैंड पहुंची है। इंग्लैंड और पाकिस्तानी क्रिकेटर्स के कोरोना टेस्ट हुए थे और अब सभी खिलाड़ियों के नतीजे सामने आ गए हैं।

इंग्लैंड और पाकिस्तानी खिलाड़ियों के कोरोना टेस्ट के नतीजे आए
Photo Credit: Twitter

साउथम्पटन: पाकिस्तान क्रिकेट टीम के कोरोना वायरस टेस्ट और उनके नतीजों का खेल थमने का नाम नहीं ले रहा है। इंग्लैंड दौरे पर जाने से कुछ दिन पहले पाकिस्तान में जब उनके खिलाड़ियों के कोरोना टेस्ट हुए थे तब तकरीबन दर्जन भर खिलाड़ियों के कोरोना नतीजे पॉजिटिव आए थे। फिर मोहम्मद हफीज के कोरोना टेस्ट को लेकर विवाद हुआ जब प्राइवेट जांच में उनका टेस्ट नेगेटिव आया और उसके बाद पीसीबी के टेस्ट में फिर पॉजिटिव पाए गए। यही वजह है कि इंग्लैंड पहुंचने के बाद एक बार फिर सभी खिलाड़ियों के कोरोना टेस्ट हुए और अब नतीजें सामने आ गए हैं। 

इंग्लैंड और पाकिस्तानी क्रिकेट टीम के सभी खिलाड़ियों के कोरोना टेस्ट हुए थे और सभी के नतीजे निगेटिव आए हैं। इंग्लैंड एवं वेल्स क्रिकेट बोर्ड ने मंगलवार को बताया कि रविवार को इंग्लैंड पहुंचे पाकिस्तान के 20 खिलाड़ी और सहयोगी दल के 11 सदस्य कोविड-19 की जांच में निगेटिव पाये गये। इंग्लैंड के भी सभी खिलाड़ियों और प्रबंधन से जुड़े अधिकारी तीसरे दौर की जांच में भी निगेटिव पाये गये। इसके अलावा पाकिस्तान में भी कुछ खिलाड़ियों के टेस्ट हुए हैं ताकि उनको सीरीज में खेलने की इजाजत मिले।

पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड ने भी कुछ खिलाड़ियों के टेस्ट के नतीजे बताए

उधर, पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (पीसीबी) ने भी मंगलवार को बताया कि छह क्रिकेटरों के कोरोना वायरस जांच के दूसरे नतीजे निगेटिव आये हैं और वे टीम के साथ इंग्लैंड में जुड़ सकते हैं। इनमें सलामी बल्लेबाज फखर जमां, हरफनमौला मोहम्मद हफीज, लेग स्पिनर शादाब खान, विकेटकीपर मोहम्मद रिजवान, तेज गेंदबाज वहाब रियाज और मोहम्मद हसनैन शामिल हैं। पीसीबी ने ट्वीट करके भी इसकी जानकारी दी।

बहुत संवेदनशील होंगे अगले कुछ दिन

पाकिस्तान को इंग्लैंड के खिलाफ अगस्त और सितंबर में तीन टेस्ट और तीन टी20 मैच खेलने है। टीम वारेस्टरशर में है जहां वह 14 दिनों तक पृथकवास में रहेगी। टीम साउथम्पटन में अगले सप्ताह वेस्टइंडीज के खिलाफ शुरु होने वाली टेस्ट सीरीज की तैयारी कर रही है। अब उनके फैंस व बोर्ड यही उम्मीद कर रहे हैं कि सीरीज शुरू होने तक या उसके बाद कोई भी खिलाड़ी संक्रमण की चपेट में ना आए क्योंकि महामारी के बीच इंग्लैंड-वेस्टइंडीज और फिर इंग्लैंड-पाकिस्तान सीरीज काफी जोखिम उठाते हुए शुरू की जा रही है, ऐसे में एक चूक भी क्रिकेट गतिविधियों पर फिर असर डाल सकती है।

End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!