4 साल पहले अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से लिया संन्यास, अब इस बल्लेबाज ने 70वां प्रथम श्रेणी शतक जड़कर चौंकाया

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Apr 8, 2022, 10:08 AM IST

Alastair Cook first class century: इंग्‍लैंड के पूर्व कप्‍तान एलिस्‍टर कुक ने अपने साथी निक ब्राउन के साथ 220 रन की साझेदारी की। कुक के शतक की मदद से एसेक्‍स ने केंट के खिलाफ शानदार प्रदर्शन किया।

4 साल पहले अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से लिया संन्यास, अब इस बल्लेबाज ने 70वां प्रथम श्रेणी शतक जड़कर चौंकाया

लंदन: एलिस्‍टर कुक ने गुरुवार को अपना 70वां प्रथम श्रेणी शतक जमाया और काउंटी चैंपियनशिप सीजन में एसेक्‍स को केंट के खिलाफ दमदार शुरूआत दिलाई। 37 साल के कुक ने चेम्‍सफोर्ड में 262 गेंदों में 11 चौकों की मदद से शतक जमाया। ऑस्‍ट्रेलियाई तेज गेंदबाज जैक्‍सन बर्ड ने कुक की पारी का अंत किया। कुक के ओपनिंग जोड़ीदार निक ब्राउन ने 107 रन बनाए, लेकिन डान लॉरेंस एलबीडब्‍ल्‍यू आउट हुए। एसेक्‍स ने दिन की समाप्ति 272/4 के स्‍कोर के साथ की।

कुक ने अपने ओपनिंग जोड़ीदार निक ब्राउन के साथ 220 रन की साझेदारी की। याद दिला दें कि एलिस्‍टर कुक ने चार साल पहले अंतरराष्‍ट्रीय क्रिकेट से संन्‍यास लिया था। बाएं हाथ के बल्‍लेबाज ने 12,472 रन बनाए हैं, जो कि इंग्लिश बल्‍लेबाजों में सर्वश्रेष्‍ठ है। बता दें कि इंग्‍लैंड के खराब प्रदर्शन के बाद कई लोगों ने एलिस्‍टर कुक ने अपने संन्‍यास पर यू-टर्न लेने की गुजारिश की थी। मगर बाएं हाथ के बल्‍लेबाज ने एसेक्‍स के लिए समर्पित रहने का फैसला किया। इंग्‍लैंड के पूर्व कप्‍तान एलिस्‍टर कुक ने नवंबर में एसेक्‍स के साथ दो साल का अनुबंध किया।

समरसेट महज 180 रन पर ऑलआउट

वहीं हैंपशायर ने साउथैम्‍प्‍टन में खेले गए मैच में समरसेट को महज 180 रन पर ऑलआउट कर दिया। पाकिस्‍तान के तेज गेंदबाज मोहम्‍मद अब्‍बास ने दो विकेट लिए। इसके बाद जो वेदरले और इयान हॉलैंड ने अविजित शतकीय साझेदारी की। वहीं एशेज सीरीज में रन बनाने के लिए संघर्षरत रॉरी बर्न्‍स (41) और ओली पोप (40*) ने सरे के लिए वारविकशायर के खिलाफ उपयोगी योगदान दिए। सरे ने 168/3 का स्‍कोर बनाया और एजबेस्‍टन में बारिश के कारण आगे का खेल नहीं हो सका।

वहीं दूसरे डिविजन में मिडिलसेक्‍स के स्‍टीफन एस्‍कीनाजी ने नए चैंपियनशिप सीजन का पहला शतक जमाया और लॉर्ड्स में डर्बीशायर के खिलाफ 118 रन बनाए। पूर्व इंग्लिश कप्‍तान माइकल एथरटन के बेटे जोशुआ डी कायर्स ने 80 रन बनाए और मेजबान टीम ने दिन का खेल समाप्‍त होने तक 307/4 का स्‍कोर बनाया। वोरसेस्‍टरशायर के लिए डेब्‍यू करने वाले पाकिस्‍तान के पूर्व कप्‍तान अजहर अली का डेब्‍यू अच्‍छा नहीं रहा और वो केवल दो रन बनाकर रनआउट हुए। 

End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!