Delhi News: जनकपुरी की घटना के बाद दिल्ली में एक और बेहद दुखद हादसा सामने आया है। मंगलवार को रोहिणी सेक्टर-32 के बेगमपुर इलाके में महाशक्ति काली मंदिर के पास एक युवक खुले नाले में गिर गया। घटना होते ही आसपास मौजूद लोग मौके पर इकट्ठा हो गए और तुरंत पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही बेगमपुर थाना पुलिस और दमकल विभाग की टीमें घटनास्थल पर पहुंचीं।
दमकल कर्मियों ने युवक को ढूंढने के लिए सर्च ऑपरेशन शुरू किया। काफी प्रयासों के बाद युवक को नाले से बाहर निकाला गया और तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। गौरतलब है कि इससे पहले भी सड़क पर जल निगम द्वारा खोदे गए गड्ढे में गिरने से एक युवक की जान चली गई थी। ताजा हादसे ने एक बार फिर शहर में खुले नालों और लापरवाही पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
बिहार के समस्तीपुर का रहने वाला था युवक
मृतक की पहचान बिहार के समस्तीपुर जिले के रहने वाले 30 वर्षीय बिरजू कुमार के रूप में हुई है। वह मजदूरी का काम करता था। DDA की जमीन पर बने खुले सीवर में गिरने से उसकी मौत हो गई। घटनास्थल पर तैनात एक पुलिस अधिकारी के मुताबिक, मंगलवार शाम लगभग 7.45 बजे बेगमपुर थाने को सूचना मिली कि सेक्टर-32 में महाशक्ति काली मंदिर के पास एक युवक खुले नाले में गिर गया है। सूचना मिलते ही पुलिस और फायर ब्रिगेड की रेस्क्यू टीम तुरंत घटनास्थल पर पहुंची। टीम ने युवक को नाले से बाहर निकालकर अस्पताल ले जाने का प्रयास किया, लेकिन उसे बचाया नहीं जा सका। डॉक्टरों ने युवक को मृत घोषित कर दिया।
मामले की जांच जारी
बताया जा रहा है कि, फायर ब्रिगेड की टीम ने बताया कि नाले में गिरे युवक को ढूंढने के लिए टीम को विशेष उपकरणों और सुरक्षा इंतजामों के साथ तैनात किया गया था। लंबे समय तक खोजबीन के बाद युवक को नाले से बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक उसकी मृत्यु हो चुकी थी। स्थानीय लोगों ने बताया कि घटना के बाद घटनास्थल पर बड़ी संख्या में लोग जमा हो गए थे। पुलिस ने तुरंत उन्हें घटनास्थल से हटा दिया। फिलहाल, हादसे के कारणों की विस्तृत जांच जारी है।
