शहर

भारी बारिश में सावधान! सरिता विहार नाले में बहा अंकित, 22 घंटे से गोताखोरों का सर्च ऑपरेशन जारी

दिल्ली में भारी बारिश के कारण उफनाए नाले में एक 18 साल का लड़का बह गया। हादसे को करीब 22 घंटे बीत चुके हैं, लेकिन अभी तक अंकित का शव बरामद नहीं हो पाया है।

Image

सरिता विहार में नाले में बहा अंकित

दिल्ली : सरिता विहार इलाके के आली विहार स्थित प्रिंका कैंप से एक बेहद दर्दनाक हादसा सामने आया है। यहां 18 वर्षीय युवक अंकित नाले में गिरकर लापता हो गया। बताया जा रहा है कि अंकित ऑफिस से अपने घर लौट रहा था, तभी नाले के पास बनी पुलिया से गुजरते वक्त वह तेज बहाव वाले पानी में गिर गया। स्थानीय लोगों के मुताबिक, लगातार बारिश के बाद नाले में पानी का स्तर काफी बढ़ गया था। नाले का बहाव भी इतना तेज था कि हादसे के बाद युवक को तलाशना बचाव दल और गोताखोरों के लिए बड़ी चुनौती बन गया।

हादसे को करीब 22 घंटे बीत चुके हैं, लेकिन अभी तक अंकित का शव बरामद नहीं हो पाया है। गोताखोरों और बचाव दल की टीमें लगातार नाले में तलाशी अभियान चला रही हैं और युवक को ढूंढने की हर संभव कोशिश की जा रही है।

गोताखोरों का सर्च ऑपरेशन

अंकित के पिता के मुताबिक, हादसे के बाद परिवार ने भी अपने स्तर पर बेटे को काफी तलाशने की कोशिश की। मौके के आसपास उसका बैग मिला, लेकिन अंकित का कोई सुराग नहीं मिला। इसके बाद बचाव दल और गोताखोरों को बुलाकर तलाश शुरू की गई। सबसे बड़ी चुनौती नाले का तेज बहाव है। तेज पानी के कारण गोताखोरों को नाले के अंदर उतरने और लगातार आगे बढ़कर तलाश करने में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। बावजूद इसके बचाव दल लगातार ऑपरेशन में जुटा हुआ है।

जिस पुलिया के पास यह हादसा हुआ, वहां से स्थानीय लोगों की अक्सर आवाजाही होती है। स्थानीय लोगों का कहना है कि बारिश के दौरान नाले का जलस्तर बढ़ जाता है और ऐसे में यह रास्ता बेहद खतरनाक हो जाता है। अब सवाल सिर्फ अंकित को तलाशने का नहीं, बल्कि इस तरह की जगहों पर सुरक्षा इंतजामों का भी है। आखिर ऐसी पुलिया के आसपास सुरक्षा के इंतजाम क्यों नहीं हैं? क्या लोगों को खतरे से आगाह करने के लिए कोई व्यवस्था की गई थी? और क्या बारिश के दौरान बढ़ते जलस्तर को देखते हुए प्रशासन ने यहां कोई वैकल्पिक रास्ता या सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की?

फिलहाल परिवार की नजरें बचाव दल पर टिकी हैं। 22 घंटे से ज्यादा समय बीत चुका है, लेकिन अंकित का अभी तक कोई पता नहीं चला है। गोताखोर लगातार कोशिश कर रहे हैं कि जल्द से जल्द युवक को तलाशकर उसके परिवार तक पहुंचाया जा सके।

Pushpendra kumar
पुष्पेंद्र कुमारauthor

पुष्पेंद्र कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में चीफ कॉपी एडिटर के रूप में सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से वे पिछले 7 वर्षों से सक्रिय पत्रकारिता में जुड़े हैं। इस दौरान उन्होंने 10,000 से अधिक खबरें लिखी हैं। पुष्पेंद्र हाइपर-लोकल मुद्दों, रेलवे, रोड, इंफ्रास्ट्रक्चर, डेवलपमेंट, कृषि और मौसम से जुड़ी खबरों पर गहरी पकड़ रखते हैं। शहर से लेकर गांव-देहात तक की संवेदनशीलताओं को समझते हुए वे लोकल खबरों को ऐसा रूप देते हैं जो न केवल तथ्यपूर्ण होता है, बल्कि पाठकों से भावनात्मक रूप से भी जुड़ता है।

और पढ़ें
End of Article