Yamuna Expressway Bus Fire Fake Post Case: उत्तर प्रदेश के नोएडा में यमुना एक्सप्रेसवे पर डबल डेकर एसी बस में आग लगने की घटना को लेकर सोशल मीडिया मंच ’एक्स’ पर कथित रूप से भ्रामक और बढ़ा-चढ़ाकर पोस्ट करने तथा घटना के पीछे राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ एवं भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ताओं का हाथ होने का दावा करने के आरोप में एक युवती के खिलाफ थाना साइबर क्राइम में मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।
पुलिस उपायुक्त (साइबर क्राइम) शैव्या गोयल ने बताया कि साइबर क्राइम थाने में उपनिरीक्षक सुमित कुमार ने शिकायत दर्ज कराई है। शिकायत के अनुसार, यमुना एक्सप्रेसवे पर बृहस्पतिवार को एक डबल डेकर बस में आग लग गई थी, जिसमें नौ लोगों की जलने या दम घुटने से मौत हो गई थी।
'कम से कम 30 यात्रियों की मौत हुई'- फेक दावा
उन्होंने बताया कि इस मामले में X हैंडल की संचालिका रूमा खातून नामक युवती ने घटना को कथित रूप से बढ़ा-चढ़ाकर प्रसारित किया। पुलिस के अनुसार, पोस्ट में दावा किया गया कि यमुना एक्सप्रेसवे पर भाजपा और संघ के लोगों ने बस में आग लगाई है तथा कम से कम 30 यात्रियों की मौत हुई है।
पोस्ट में यह भी दावा किया गया कि सभी मृतक मुस्लिम और ईसाई यात्री थे और इसे भाजपा तथा आरएसएस की संस्कृति बताया गया। उनके अनुसार, उक्त पोस्ट में प्रधानमंत्री के प्रति भी कथित रूप से अशोभनीय भाषा का भी इस्तेमाल किया गया।
'घटना को भ्रामक तरीके से प्रसारित'
पुलिस उपायुक्त ने बताया कि संबंधित बस दिल्ली के कश्मीरी गेट से महोबा जा रही थी और नोएडा में उसका कोई ठहराव नहीं था। उन्होंने कहा कि पोस्ट करने वाले व्यक्ति ने घटना को भ्रामक तरीके से प्रसारित किया, जो पूरी तरह असत्य और भ्रामक है। उन्होंने बताया कि पुलिस के अनुसार, इस तरह की भ्रामक और भड़काऊ सूचना से जनसामान्य में भय, आक्रोश और प्रशासन के प्रति अविश्वास की भावना पैदा होने तथा कानून-व्यवस्था प्रभावित होने की आशंका थी। उन्होंने कहा कि मामले में मुकदमा दर्ज कर जांच की जा रही है।
