Gujarat News: गुजरात में हड़प्पा संस्कृति के केंद्र लोथल में बड़ा हादसा सामने आया है। जहां बुधवार को मिट्टी धंसने से आर्कियोलॉजिकल सर्वे ऑफ इंडिया (ASI) की दो महिला अधिकारी इसमें दब गईं। दरअसल, आर्कियोलॉजिकल साइट पर एक म्यूजियम बनाया जा रहा है। जानकारी के अनुसार हादसे का शिकार हुई दोनों महिलाएं दिल्ली से गुजरात के लोथल पहुंची थीं, जिसमें एक महिला की मौत हो गई।
हादसे में एक की मौत
जानकारी के अनुसार आर्कियोलॉजिकल साइट पर दिल्ली से पहुंची दो महिला अधिकारी मिट्टी में दब गईं। इस हादसे में एक अधिकारी की मौत हो गई है, जबकि एक गंभीर रूप से घायल है। यह हादसा उस दौरान हुआ जब महिला अधिकारी मिट्टी की सैंपलिंग कर रही थीं। सैंपलिंग के वक्त साइट पर मिट्टी के खिसकने से यह हादसा हुआ और दोनों महिला अधिकारी उस मिट्टी में दब गईं।
गंभीर रुप से घायल अस्पताल में भर्ती
इस हादसे में सुरभि वर्मा नाम की महिला अधिकारी की मौत हो गई, जबकि यामा दीक्षित नाम की महिला अधिकारी की हालत गंभीर बताई जा रही है। यह दोनों जियोलॉजिस्ट हैं। लोथल की इस हेरीटेज साइट पर एकाएक मिट्टी धंसने की सुचना सबसे पहले दमकल को मिली। जिसके बाद अधिकारियों और पुलिस प्रशासन की मदद से बचाव कार्य शुरू किया। इस घटना का शिकार हुए घायलों को अस्पताल भेज दिया गया है।
जमीन से सैंपल लेते वक्त हुआ हादसा
केंद्र लोथल में यह दोनों महिलाएं कुछ पीएचडी के स्टूडेंट के साथ 15 फीट गड्ढों को खोदे जाने के बाद सैंपल ले रही थीं। इस घटना पर अभी तक एएसआई ने कोई भी बयान जारी नहीं किया है, हालांकि घटना के बाद गांधीनगर से लेकर दिल्ली तक हड़कंप मच गया है। मिली जानकारी के अनुसार मृतक सुरभि वर्मा दिल्ली आईआईटी से पीएचडी कर रही थीं।
