ग्रेटर नोएडा

तैयार हो रहा ग्रेटर नोएडा में नई फिल्म सिटी का लेआउट, जल्द शुरू होगा काम; जानें क्या-क्या बनेगा

ग्रेटर नोएडा के यीड़ा क्षेत्र में फिल्म सिटी बनाई जाएगी। पहले चरण में 230 एकड़ में फिल्म सिटी बनाई जाएगी, जबकि पूरी फिल्म सिटी के लिए 1000 एकड़ का क्षेत्रफल निर्धारित किया गया है। फिल्म सिटी का ले-आउट प्लान तैयार किया जा रहा है और अथॉरिटी से मंजूरी मिलने के बाद काम शुरू हो जाएगा।

Image

नोएडा इंटरनेशनल फिल्म सिटी का प्लान

Photo : Twitter

ग्रेटर नोएडा में विकास का फोकस अब यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण (YEIDA) क्षेत्र की तरफ है। यहां जेवर में नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट बनाया जा रहा है, जो देश का सबसे बड़ा हवाईअड्डा होगा। इसके अलावा यीड़ा क्षेत्र में और भी कई औद्योगिक और आवासीय प्रोजेक्ट बन रहे हैं। इसी कड़ी में यहां के सेक्टर 21 में पर फिल्म सिटी भी प्रस्तावित है। यहां पर अंतरराष्ट्रीय फिल्म सिटी इसी साल धरातल पर रूप लेती दिख सकती है।

ले-आउट हो रहा तैयार

अंतरराष्ट्रीय फिल्म सिटी को लेकर काफी बड़े-बड़े दावे किए गए हैं। इसके पहले चरण में 230 एकड़ में विकसित होने वाली फिल्म सिटी का ले आउट तैयार किया जा रहा है। उम्मीद की जा रही है कि यह ले-आउट दिसंबर तक बनकर तैयार हो जाएगा। एक बार ले-आउट प्लान को अथॉरिटी की तरफ से मंजूरी मिल जाने के बाद निर्माण कार्य भी शुरू हो जाएगा।

230 एकड़ जमीन का कब्जा हुआ पूरा

यीडा के एक अधिकारी ने जानकारी दी कि अंतरराष्ट्रीय फिल्म सिटी के पहले चरण के लिए 230 एकड़ जमीन पर मशहूर प्रोड्यूसर बोनी कपूर की कंपनी बेव्यू प्रोजेक्ट्स और भूटानी ग्रुप ने कब्जा ले लिया है। बताया गया कि कुल 230 एकड़ में से 155 एकड़ में औद्योगिक और 75 एकड़ के क्षेत्रफल में व्यावसायिक गतिविधियां होंगी। इसे लेकर आउट प्लान तैयार किया जा रहा है। पहले चरण का निर्माण कार्य तीन साल में पूरा होगा।

1000 एकड़ की फिल्म सिटी प्रस्तावित

यीडा सेक्टर 21 में 1000 एकड़ में फिल्म सिटी बनाने का प्रस्ताव है। जैसा कि हमने ऊपर बताया, पहले चरण 230 एकड़ पर काम किया जाएगा और दूसरे चरण में 670 एकड़ में फिल्म सिटी बनाने का काम पूरा किया जाएगा। ग्रेटर नोएडा में बन रही इस इंटरनेशनल फिल्म सिटी को बनाने के लिए दुनियाभर में बनी फिल्म सिटी का अध्ययन किया गया है।

पहले चरण में 230 एकड़ में ये कार्य होंगे

  • फिल्म शूटिंग से जुड़ी सुविधाएं 135 एकड़ में
  • फिल्म संस्थान 20 एकड़ में
  • व्यावसायिक गतिविधियां 75 एकड़ में

कहां कितना खर्च होगा

  • फिल्म निर्माण के संसाधन पर 832.91 करोड़ रुपये
  • स्टूडियो, ओपन सेट्स और हॉस्पिटैलिटी 373.93 करोड़ रुपये
  • सर्विस एकोमोडेशन में 315.07 करोड़ रुपये

एक्टर्स के लिए बनाए जाएंगे विला

नोएडा इंटरनेशनल फिल्म सिटी में महिला-पुरुष सभी एक्टर्स के लिए विला बनाए जाएंगे, ताकि उन्हें होटल में रुकने के लिए मजबूर न होना पड़े। इससे उनके लिए शूटिंग के लिए समय से पहुंचना भी आसान हो जाएगा। अच्छी बात यह है कि यह फिल्म सिटी, नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट से मात्र 3 किमी की दूरी पर बसाई जा रही है। यहां पर एक्टर्स के लिए विला बनने से उन्हें यात्रा में भी किसी तरह की दिक्कत नहीं होगी।

थीम पार्क बनाए जाएंगे

फिल्म सिटी में बड़ी संख्या में लोग घूमने के लिए भी आएंगे। ऐसे में इस बात का भी ख्याल रखा जाएगा कि उनका समय अच्छा बीते। इसके लिए फिल्म आधारित थीम पार्क भी यहां पर विकसित किए जाएंगे। खरीददारी के लिए शॉपिंग सेंटर बनाए जाएंगे। इस अनोखी फिल्मसिटी में डिज्नीलैंड, एम्यूजमेंट पार्क और फिल्म यूनिवर्सिटी के साथ ही फाइव स्टार होटल भी बनाए जाएंगे।

Digpal Singh
दिगपाल सिंहauthor

दिगपाल सिंह टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सिटी टीम को लीड कर रहे हैं। शहरों से जुड़ी ताजाखबरें, लोकल मुद्दे, चुनावी कवरेज और एक्सप्लेनर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। 2006 से पत्रकारिता में सक्रिय दिगपाल सिंह को प्रिंट और डिजिटल दोनों माध्यमों में काम करने का अनुभव है। दोनों प्लेटफॉर्म्स पर काम करते हुए उन्होंने ग्राउंड-लेवल रिपोर्टिंग से लेकर सेंट्रल डेस्क पर बड़ी खबरों की हैंडलिंग तक हर स्तर पर अनुभव हासिल किया है। अब तक 30,000 से अधिक खबरें लिख चुके दिगपाल हाइपर-लोकल न्यूज की बारीकियों, शहरों की समस्याओं और लोगों से जुड़े वास्तविक मुद्दों को समझने की विशेष क्षमता रखते हैं।

और पढ़ें
End of Article