प्रयागराज : फाफामऊ थाना क्षेत्र में उस समय हाईवोल्टेज ड्रामा देखने को मिला जब एक महिला अपनी शिकायत पर कार्रवाई न होने से नाराज होकर पानी की ऊंची टंकी पर चढ़ गई। युवती को टंकी पर चढ़ा देख इलाके में हड़कंप मच गया और मौके पर बड़ी संख्या में लोगों की भीड़ जमा हो गई। सूचना मिलते ही फाफामऊ थाना पुलिस और एसीपी थरवई अरुण पाराशर मौके पर पहुंचे और महिला को सुरक्षित नीचे उतारने के प्रयास शुरू किए गए।
पारिवारिक विवाद के बाद महिला पानी की टंकी पर चढ़ी
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक टंकी पर चढ़ी युवती की पहचान पल्लवी सिंह उर्फ चीकू सिंह के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि पल्लवी का अपने पति मोहम्मद आलम के साथ लंबे समय से पारिवारिक विवाद चल रहा है। दोनों के बीच पहले भी मोबाइल, घर और अन्य घरेलू मामलों को लेकर कई बार झगड़े हो चुके हैं। इतना ही नहीं, दोनों पक्ष एक-दूसरे के खिलाफ कई मुकदमे भी दर्ज करा चुके हैं।
क्या है मामला
पल्लवी सिंह का आरोप है कि उसके पति मोहम्मद आलम के कुछ साथियों ने उसके घर का ताला तोड़ दिया और घर में रखा सामान भी गायब कर दिया। युवती का कहना है कि वह सामान उसकी मेहनत की कमाई से खरीदा गया था। इसी मामले में कार्रवाई की मांग को लेकर वह नाराज होकर पानी की टंकी पर चढ़ गई।
महिला की समस्या का समाधाम करने का प्रयास कर रही पुलिस
एसीपी अरुण पाराशर ने बताया कि पुलिस लगातार महिला से बातचीत कर रही है और उसे भरोसा दिलाया जा रहा है कि उसके प्रार्थना पत्र पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने युवती के परिजनों से भी संपर्क किया है ताकि उसे शांत कर सुरक्षित नीचे उतारा जा सके। युवती मूल रूप से बलिया जिले की रहने वाली बताई जा रही है।
