शहर

दिव्यांग आशिक संग इश्क लड़ा रही थी पत्नी, जब पति बना रोड़ा तो उठाया खौफनाक कदम, एक चूक से खुल गई पोल

अलीगढ़ पुलिस ने चार दिन पहले हुई इलेक्ट्रीशियन राजकुमार की हत्या का पर्दाफाश कर लिया है। पुलिस ने बताया कि मृतक की पत्नी ज्योति ने अपने प्रेमी बॉबी के साथ मिलकर ही इस हत्याकांड की साजिश रची थी।

Crime News

पत्नी ने रची पति की हत्या की साजिश।

अलीगढ़ में चार दिन पहले जूता कंपनी के इलेक्ट्रीशियन राजकुमार की हत्या की गुत्थी पुलिस ने सुलझा ली है। पुलिस ने मामले में सनसनीखेज खुलासा करते हुए बताया है कि राजकुमार की पत्नी ज्योति ने ही अपने प्रेमी बॉबी के साथ मिलकर इस हत्या की साजिश रची थी। पता चला है कि राजकुमार ज्योति और बॉबी के अवैध संबंध में रोड़ा बन रहा था। एसपी सिटी मृगांक शेखर पाठक ने आज प्रेस कांफ्रेस कर इस हत्याकांड का खुलासा किया। उन्होंने बताया कि आरोपी पत्नी ज्योति, उसके प्रेमी बॉबी और उसके एक दोस्त को पकड़ लिया गया है। हत्याकांड में शामिल दो दोस्त अभी भी फरार हैं। बॉबी दिव्यांग है।

17 दिसंबर को मिला था शव

पुलिस के मुताबिक, आगरा की जूता कंपनी में इलेक्ट्रीशियन के रूप में कार्यरत राजकुमार (45) पिछले मंगलवार को घर से रुपये लेने के बहाने निकले थे, लेकिन वापस नहीं लौटे। फिर अगले दिन 17 दिसंबर की सुबह लोधा के गांव हैवतपुर-अकरावत के पास कच्चे रास्ते पर उनका शव पड़ा पाया गया। जब शव की तलाशी ली गई तो पचा चला कि मृतक आगरा का रहने वाला राजकुमार है। सर्विलांस कैमरों और सीसीटीवी फुटेज की मदद से पुलिस ने मामले की गहन जांच शुरू की, जिससे साजिश का पता चला। वहीं, पोस्टमार्टम रिपोर्ट में चेहरे को कुचलने, गोली लगने और धारदार हथियार से वार की पुष्टि हुई, जिसके बाद हत्या की आशंका यकीन में बदल गई। जांच में सामने आया कि इस पूरे हत्याकांड की साजिश मृतक की पत्नी ने ही रची थी।

बॉबी के घर में किराए पर रहता था ज्योति का परिवार

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, यह भी पता चला है कि ज्योति का परिवार काफी पहले अलीगढ़ के धनीपुर में बॉबी के घर में किराए पर रहता था। वहीं, उसी इलाके में किराए पर रहकर राजकुमार भी नौकरी करता था, तभी ज्योति और राजकुमार के बीच प्रेम संबंध हो गए थे और उन्होंने शादी कर ली। दोनों के एक बेटा और बेटी है। इसके कुछ दिनों बाद ही ज्योति की नजदीकी बॉबी से हो गई। वहीं, दिव्यांग होने के कारण बॉबी की भी शादी हो नहीं रही थी, इसलिए उसका रुझान ज्योति की ओर ज्यादा होने लगा। ज्योति भी जब आगरा से अपने मायके आती तो वह बॉबी से मिलती। बॉबी ज्योति के खर्चे भी उठाने लगा। जब राजकुमार को इसका पता चला तो उसने विरोध किया। इसी के बाद दोनों ने उसे ठिकाने लगाने का सोंचा।

पति को मारने के लिए दी डेढ़ लाख की सुपारी

45 साल का राजकुमार जब ज्योति और बॉबी के बीच रोड़ा बना तो दोनों ने मिलकर उसकी साजिश रची। योजना के तहत राजकुमार को रुपये दिलाने के बहाने आगरा से अलीगढ़ बुलाया गया। यहां ज्योति के आशिक बॉबी ने पहले से ही थाना गांधी पार्क क्षेत्र के माली नगला निवासी, आढ़त की दुकान चलाने वाले संदीप पुत्र शंकर पाल को डेढ़ लाख रुपये में हत्या की सुपारी दे रखी थी। संदीप ने अपने दो रिश्तेदारों लोढ़ा थाना क्षेत्र के गांव मुकुटपुर निवासी हरिश पुत्र प्रेमपाल और सनी पुत्र सुभाष चंद्र को भी साजिश में शामिल कर लिया।

शराब पिलाकर पहले चाकू, फिर गोली मारकर हत्या

पुलिस ने बताया कि 16 दिसंबर को अलीगढ़ आने के बाद आरोपियों ने राजकुमार को कार में बैठाया। इसके बाद उसे शराब पिलाकर इधर-उधर घुमाया गया। रात करीब 10 बजे आरोपियों ने पहले चाकू से हमला किया और फिर गोली मारकर उसकी हत्या कर दी। हत्या के बाद शव को हावतपुर-अकरावत के पास सड़क किनारे फेंक दिया गया। पहचान छिपाने के लिए आरोपियों ने मृतक का चेहरा कुचल दिया और कार का पहिया शव पर चढ़ाने की कोशिश भी की।

पत्नी और प्रेमी के बीच साजिश का ऐसे मिला सुराग

पुलिस ने बताया कि मामले की जांच के दौरान पता चला कि ज्योति ने दिन के समय एक मोबाइल नंबर पर कई बार कॉल किया था, जिससे पुलिस को शक हुआ। फिर पुलिस ने और जांच की तो वो मोबाइल नंबर बॉबी का निकला। फिर पुलिस ने संदेह के आधार पर बॉबी, कार के मालिक धनीपुर मंडी के ही आढ़ती संदीप सिंह को हिरासत में ले लिया। फिर जब दोनों से सख्ती से पूछताछ की उन्होंने पूरी बात उगल दी। फिलहाल दोनों फरार आरोपियों की तलाश की जा रही है।

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Cities News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।

शिव शुक्ला
शिव शुक्ला author

शिव शुक्ला टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में कार्यरत एक अनुभवी न्यूज राइटर हैं। छह वर्षों के पेशेवर अनुभव के साथ वे डिजिटल पत्रकारिता में तेज, सटीक और प्रभ... और देखें

End of Article