शहर

पिंपरी-चिंचवड़ में वेस्ट-टू-एनर्जी प्लांट की इमारत ढही, 16 लोग फंसे; NDRF का रेस्क्यू ऑपरेशन जारी

पुणे : पिंपरी-चिंचवड़ में स्थित वेस्ट-टू-एनर्जी प्रोजेक्ट की इमारत ढहने से करीब 16 लोगों के फंसे होने की बात कही जा रही है। NDRF की टीमें रेस्क्यू कर रही हैं।

Image

पिंपरी-चिंचवड़ में वेस्ट-टू-एनर्जी प्लांट की इमारत ढही, 16 लोग फंसे; NDRF का रेस्क्यू ऑपरेशन जारी

पुणे : पिंपरी-चिंचवड़ में बुधवार को एक बड़ा हादसा हो गया। यहां कचरा डिपो के पास स्थित वेस्ट-टू-एनर्जी प्रोजेक्ट की इमारत अचानक ढह गई। हादसे के बाद मलबे में 16 लोगों के फंसे होने की आशंका जताई जा रही है। सूचना मिलते ही पुलिस, दमकल और NDRF की टीमें मौके पर पहुंच गईं और राहत एवं बचाव अभियान युद्धस्तर पर शुरू कर दिया गया है। हालांकि, अभी तक सभी के सुरक्षित होने की बात कही जा रही है।

प्राथमिक जानकारी के अनुसार, कचरे का बड़ा हिस्सा इमारत पर गिरने से यह हादसा हुआ। हादसे में एक गंभीर रूप से घायल व्यक्ति को तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वहीं, इमारत की दूसरी मंजिल पर फंसे कर्मचारियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया है।

पुलिस के अनुसार, पहली मंजिल पर अभी भी करीब 16 लोगों के फंसे होने की आशंका है। मलबा हटाने का काम तेजी से जारी है और बचाव दल हर संभव प्रयास में जुटा हुआ है। प्रशासन ने लोगों से घटनास्थल के आसपास भीड़ न लगाने और बचाव कार्य में सहयोग करने की अपील की है।

पीटीआई/भाषा के हवाले से पिंपरी-चिंचवड़ नगर निगम के आयुक्त विजय सूर्यवंशी ने कहा, "प्रशासनिक इमारत कचरे के पहाड़ जैसे ढेर के बगल में बनी थी। शुरुआती तौर पर ऐसा लगता है कि भारी बारिश की वजह से कचरे का ढेर ढीला हो गया और इमारत पर गिर पड़ा। उन्होंने कहा कि निजी कंपनी के करीब 16 कर्मचारियों के इमारत के अंदर होने की आशंका है। राष्ट्रीय आपदा मोचन बल, अग्निशमन विभाग और एम्बुलेंस की टीम मौके पर पहुंच गई हैं और बचाव अभियान जारी है।

सभी लोग सुरक्षित- मेयर

पिंपरी-चिंचवड़ के मोशी इलाके में इमारत ढहने की घटना पर पिंपरी-चिंचवड़ के मेयर रवि लांडगे ने बताया कि पूरे शहर में भारी बारिश के कारण जलस्तर काफी बढ़ गया है। इसके कारण जमा हुआ कचरा और मलबा एक ऑफिस की इमारत पर गिर गया है, जिससे कंक्रीट का स्लैब ढह गया। उस समय ऑफिस के 16 कर्मचारी वहां खाना खा रहे थे। हालांकि, दो लोग बाहर निकलने में कामयाब रहे और अन्य को निकालने के लिए बचाव अभियान जारी है। अभी तक किसी की प्रकार की जनहानि नहीं हुई है। सभी सुरक्षित हैं। फायर ब्रिगेड, NDRF की टीम, पुलिस और स्वास्थ्य व पर्यावरण विभाग उन्हें बाहर निकालने के लिए मिलकर काम कर रहे हैं।

atul. Singh
अतुल सिंहauthor

मैं अतुल सिंह,मैं 14 वर्षों से अधिक समय से टीवी पत्रकारिता में विभिन्न क्षेत्रों को खबरों को कवर करने वाला अनुभवी पत्रकार हूं। वर्तमान में Times Now नवभारत के लिए principal correspondent हूं। मैंने इंडिया टीवी, ज़ी न्यूज़,IBN 7 (न्यूज़ 18),Lemon न्यूज़ जैसे प्रमुख मीडिया संगठनों के साथ भी काम किया है। मनोरंजन,नागरिक मुद्दे ,इंफ्रा,राजनीति,आम और विधानसभा चुनाव और अपराध जैसे विषयों को बखूबी कवर किया है। वर्तमान में मुम्बई ब्यूरो से जुड़ा हुआ हूं। कई राष्ट्रीय मुद्दों से जुड़े कई विशेष खबरें भी कवर किया है।

और पढ़ें
End of Article