शहर

ट्रेन में चोरी के बाद तालाब में कूदा चोर, 5 घंटे की मशक्कत के बाद पुलिस और RPF ने दबोचा

MP News: मध्य प्रदेश के जबलपुर में एक शातिर चोर पुलिस से बचने के लिए तालाब में कूद गया और 5 घंटे तक छुपा रहा। आखिरकार RPF और पुलिस की टीम ने रेस्क्यू ऑपरेशन चलाकर उसे पकड़ लिया।

Image

फिल्मी अंदाज में भागा शातिर चोर (Photo: टाइम्स नाउ नवभारत)

MP News: मध्य प्रदेश के जबलपुर (Jabalpur news) से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है, जहां पुलिस से बचने के लिए एक शातिर चोर ने बेहद अजीब तरीका अपनाया। इस घटना ने लोगों को चौंका दिया है। जानकारी के मुताबिक यह चोर रीवा-इतवारी एक्सप्रेस के एसी कोच में सफर कर रही एक महिला यात्री का पर्स चुराकर फरार हो गया था। जैसे ही रेलवे सुरक्षा बल (RPF) को इस चोरी की जानकारी मिली, उन्होंने तुरंत आरोपी का पीछा शुरू कर दिया। पीछा होते देख चोर घबरा गया और सिहोरा स्टेशन पर ट्रेन से उतरकर भागने लगा।

पुलिस और RPF की टीम ने की संयुक्त कार्रवाई

भागते-भागते वह खितौला थाना क्षेत्र के एक तालाब के पास पहुंच गया। खुद को घिरता देख उसने अचानक तालाब में छलांग लगा दी और पानी में छुप गया। पुलिस और RPF की टीम भी उसके पीछे वहां तक पहुंच गई, लेकिन चोर पानी के अंदर ही छुपा रहा। बताया जा रहा है कि आरोपी करीब 5 घंटे तक तालाब में ही छुपा रहा। उसे बाहर निकालने के लिए पुलिस और RPF को काफी मशक्कत करनी पड़ी। आखिरकार लंबे रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद उसे तालाब से बाहर निकाला गया और हिरासत में ले लिया गया।

thief jumps into pond

टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल

कई राज्यों की पुलिस कर रही थी तलाश

पकड़ा गया आरोपी हरविंदर सिंह है, जो उत्तर प्रदेश के बिजनौर जिले का रहने वाला बताया जा रहा है। वह कई राज्यों में वांछित है। मध्य प्रदेश, राजस्थान, उत्तर प्रदेश, केरल और आंध्र प्रदेश की पुलिस को भी उसकी तलाश थी। पुलिस के मुताबिक, हरविंदर सिंह के खिलाफ पहले से ही 21 से ज्यादा चोरी के मामले दर्ज हैं। जबलपुर RPF ने उसे हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है और आगे की कार्रवाई की जा रही है। इस घटना ने यह दिखा दिया कि अपराधी पुलिस से बचने के लिए किसी भी हद तक जा सकते हैं, लेकिन आखिरकार कानून के हाथ उनसे ज्यादा लंबे होते हैं।

monu jha
मोनू झाauthor

मोनू कुमार टाइम्स नाउ नवभारत की डिजिटल टीम में वायरल और ट्रेंडिंग डेस्क पर काम कर रहे हैं। न्यूजरूम में 4 साल से अधिक का अनुभव रखने वाले मोनू वायरल कंटेंट, ऑफबीट खबरों और सोशल मीडिया ट्रेंड्स को पहचानने में बेहद दक्ष हैं। यूनीक एंगल तलाशने और कहानियों को आकर्षक अंदाज में प्रस्तुत करने की उनकी क्षमता उन्हें डिजिटल कंटेंट स्पेस में अलग पहचान देती है। मोनू कुमार 4,000 से अधिक स्टोरीज लिख चुके हैं, जिनमें कई वायरल रिपोर्ट्स, ट्रेंड-बेस्ड अपडेट्स और सोशल मीडिया-फोकस्ड कंटेंट शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article