शहर

बिजली चोरी की जांच बवाल में तब्दील, रायबरेली में पावर कॉर्पोरेशन की टीम पर हमला

रायबरेली के मल्लपुर मजरे डुमटहर गांव में बिजली चोरी की जांच उस समय हिंसक हो गई, जब पावर कॉर्पोरेशन की टीम पर ग्रामीणों ने हमला कर दिया। जांच के दौरान वीडियो रिकॉर्डिंग से नाराज लोगों ने कर्मचारियों से मोबाइल छीनकर फुटेज मिटा दी और मारपीट शुरू कर दी। घटना में जूनियर इंजीनियर समेत पांच बिजलीकर्मी घायल हो गए, जबकि पुलिस ने मामले में कार्रवाई शुरू कर दी है।

Image

रायबरेली में बिजली चोरी की जांच के दौरान हिंसा भड़की

Photo : टाइम्स नाउ डिजिटल

Raebareli Power Theft Case: रायबरेली जिले के मल्लपुर मजरे डुमटहर गांव में शुक्रवार को बिजली चोरी की जांच के दौरान पावर कॉर्पोरेशन की टीम पर हमला कर दिया गया। टीम जब बिजली चोरी का वीडियो बना रही थी, तभी कुछ लोगों ने टीजी-2 और संविदा कर्मचारियों से मोबाइल फोन छीन लिए और रिकॉर्ड किया गया वीडियो जबरन डिलीट कर दिया। इसके बाद कर्मचारियों को दौड़ा-दौड़ाकर पीटा गया। घटना की सूचना मिलने पर मौके पर पहुंचे अवर अभियंता और लाइनमैन के साथ भी मारपीट की गई।

इस हमले में जूनियर इंजीनियर समेत कुल पांच कर्मचारी घायल हो गए। विद्युत उपकेंद्र कलुवाखेड़ा के जूनियर इंजीनियर विजय बहादुर ने बताया कि राजस्व वसूली के उद्देश्य से टीजी-2 विवेक मिश्रा के नेतृत्व में टीम मल्लपुर मजरे डुमटहर गांव गई थी। गांव निवासी रामऔतार यादव के नाम एक घरेलू और एक नलकूप का बिजली कनेक्शन है। घरेलू कनेक्शन पर 25,055 रुपये की बकाया राशि थी। जब उपभोक्ता से बकाया जमा करने को कहा गया, उसी दौरान जांच में यह सामने आया कि नलकूप कनेक्शन से केबल जोड़कर घर में अवैध रूप से बिजली का उपयोग किया जा रहा था।

वीडियो रिकॉर्डिंग किए जाने से भड़का गुस्सा

पूछताछ और वीडियो रिकॉर्डिंग किए जाने से उपभोक्ता के परिजन भड़क गए। आरोप है कि रामऔतार यादव के बेटे दिलीप यादव और दीपक यादव, उनके रिश्तेदार जीतलाल यादव तथा दो अज्ञात युवकों ने गाली-गलौज करते हुए बिजली विभाग की टीम पर हमला कर दिया। हमलावरों ने कर्मचारियों के मोबाइल फोन छीनकर रिकॉर्ड किया गया वीडियो भी मिटा दिया। मारपीट की इस घटना में टीजी-2 विवेक मिश्रा, संविदा कर्मचारी मनोज कुमार और राजकिशोर घायल हो गए।

बिजली कर्मचारियों पर मारपीट करने का आरोप

घटना की सूचना मिलने पर जब संविदाकर्मी हरिओम के साथ जूनियर इंजीनियर मौके पर पहुंचे, तो आरोपितों ने उनके साथ भी हाथापाई की। वहीं, दूसरे पक्ष की पूनम यादव ने बिजली कर्मचारियों पर मारपीट करने का आरोप लगाया है। प्रभारी निरीक्षक संतोष कुमार सिंह ने बताया कि जूनियर इंजीनियर की तहरीर के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है और सभी घायलों को चिकित्सकीय परीक्षण के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया है।

Nilesh DwivedI
निलेश द्विवेदीauthor

निलेश द्विवेदी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में काम कर रहे हैं। वे शहरों से जुड़ी लोकल घटनाएं, क्राइम, राजनीति, इंफ्रास्ट्रक्चर और राज्यवार अपडेट्स पर लगातार काम करते हैं। निलेश महत्वपूर्ण विवरणों को चुनने और पाठकों की रुचि के हिसाब से कंटेंट को प्रभावी तरीके से पेश करने के लिए जाने जाते हैं। डिजिटल न्यूजरूम के रफ्तार भरे माहौल में वे हर खबर को सटीक एंगल, आसान भाषा और उपयोगी जानकारी के साथ पेश करने पर फोकस करते हैं और अबतक 2,000 से अधिक खबरें लिख चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article