Viksit Bharat Samriddh UP Conclave:उत्तर प्रदेश के जल शक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह ने 'विकसित भारत' के रोडमैप में उत्तर प्रदेश की केंद्रीय भूमिका पर जोर देते हुए कहा कि 2047 तक विकसित राष्ट्र बनने का सपना यूपी की समृद्धि के बिना पूरा नहीं हो सकता। उन्होंने दावा किया कि अगर भारत को दुनिया की शीर्ष अर्थव्यवस्थाओं में पहुंचना है,तो उसका रास्ता उत्तर प्रदेश से होकर गुजरता है। टाइम्स नाउ नवभारत के विकसित भारत-समृद्ध उत्तर प्रदेश कॉन्क्लेव में बात करते हुए उन्होंने ये दावे किए।
2030 तक बड़ा लक्ष्य,यूपी को बताया ‘गेम-चेंजर’
स्वतंत्र देव सिंह ने कहा कि 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने का लक्ष्य उत्तर प्रदेश की समृद्धि के बिना संभव नहीं है। उनका कहना है कि देश की बड़ी अर्थव्यवस्था बनने की राह में यूपी की निर्णायक भूमिका है।
जल संकट पर चिंता,नदियों में घटते पानी का जिक्र
इस दौरान जल शक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह ने उत्तर प्रदेश में ‘हर घर जल’ मिशन की प्रगति पर विस्तार से बात की। उन्होंने पानी की आपूर्ति, भूजल स्तर में गिरावट और विभाग के सामने आने वाली चुनौतियों का जिक्र किया। जल संसाधनों पर बात करते हुए मंत्री ने कहा कि गर्मी आते-आते यमुना में पानी लगभग नहीं बचता और कई जगहों पर गंगा से लिफ्ट कैनाल तक बंद करनी पड़ती है। उन्होंने चेताया कि 2030 के आसपास जल संकट एक बड़ी चुनौती के रूप में सामने आ सकता है। सिंचाई व्यवस्था का जिक्र करते हुए उन्होंने बताया कि राज्य में बांधों, बैराज और नहरों के जरिए खेत तक पानी पहुंचाने का लक्ष्य रखा गया है। मंत्री के मुताबिक, कई मरी हुई नहरों को फिर से चालू कर टेल तक पानी पहुंचाया गया,जिससे किसानों में भरोसा बढ़ा।
‘हर घर जल’ मिशन: 38 हजार टंकियों में 20 हजार पूरी
जल जीवन मिशन और हर घर जल पर मंत्री ने कहा कि राज्य में हजारों ग्राम सभाओं में काम चल रहा है और कई जगह सप्लाई शुरू हो चुकी है। उन्होंने दावा किया कि 38,000 प्रस्तावित पानी टंकियों में करीब 20,000 बन चुकी हैं और बाकी पर काम जारी है। वहीं, टंकियों के गिरने और टूटने जैसे आरोपों पर उन्होंने सफाई दी कि कुछ मामलों में ओवरफ्लो जैसी समस्या थी,न कि टंकी फूटकर बह गई। उन्होंने बताया कि संचालन से पहले 3 से 6 महीने तक ट्रायल किया जाता है और थर्ड पार्टी और ग्राम प्रधान के प्रमाणपत्र के बाद ही भुगतान होता है।
ठेकेदारों पर ‘कंट्रोल’: 10% भुगतान रोके जाने का दावा
मंत्री ने कहा कि गुणवत्ता और सड़क मरम्मत सुनिश्चित करने के लिए ठेकेदारों का 10% भुगतान रोका जाता है,ताकि कमी मिलने पर कटौती/दुरुस्ती कराई जा सके। उन्होंने यह भी कहा कि दोष मिलने पर इंजीनियरों पर कार्रवाई, कंपनियों पर पैसा काटना, निलंबन, एफआईआर और जरूरत पड़ने पर जेल तक की कार्रवाई की जाती है।
सड़कें खुदने पर नाराजगी,लेकिन काम ‘बहुत बड़ा’ बताया
साक्षात्कार के दौरान यह मुद्दा भी उठा कि पाइपलाइन बिछाने से कई जगह सड़कें खुद गईं और लोग परेशान हैं। जिस पर उन्होंने स्वीकार किया कि सड़कें खोदी गई हैं,लेकिन उन्होंने यह भी कहा कि यह बहुत बड़ा प्रोजेक्ट है और काम पूरा होने के बाद मरम्मत और पक्कीकरण कराया जाएगा।
आगामी 2027 के चुनाव पर भी किया बड़ा दावा
इस दौरान, जब स्वतंत्र देव सिंह से आगामी 2027 विधानसभा चुनाव को लेकर सवाल किया गया तो उन्होंने बड़ा दावा करते हुए कहा कि भाजपा 2027 में 300 पार जाएगी। उन्होंने इसका आधार संगठन की ताकत,राष्ट्रवाद,विकास कार्य और कानून-व्यवस्था में सुधार को बताया।
विपक्ष पर निशाना
उन्होंने विपक्ष,खासकर अखिलेश यादव के ‘डबल इंजन’वाले आरोपों को खारिज किया। उनका कहना है कि भाजपा जाति आधारित राजनीति नहीं, बल्कि राष्ट्रवाद और विकास की राजनीति करती है। उन्होंने पिछली सरकार के दौर को ‘गुंडाराज’ बताते हुए दावा किया कि मौजूदा सरकार में कानून-व्यवस्था बेहतर हुई है।उन्होंने समाजवादी पार्टी पर निशाना साधते हुए कहा कि भाजपा जातिवाद की नहीं,राष्ट्रवाद और विकास की राजनीति करती है। उनके अनुसार, भाजपा का कार्यकर्ता जहां खड़ा होता है, वहां जातिवाद समाप्त हो जाता है और केवल राष्ट्रवाद तथा कार्यकर्तावाद रह जाता है।
कानून-व्यवस्था पर उन्होंने दावा किया कि पहले शाम के बाद बेटियां सुरक्षित महसूस नहीं करती थीं,लेकिन अब हालात बदले हैं। उन्होंने कहा कि निवेशक भी कानून के राज के कारण आ रहे हैं।
‘हिंदू-मुस्लिम’के आरोपों पर भी जवाब
इस दौरान सरकार पर ध्रुवीकरण के आरोपों को लेकर उन्होंने कहा कि आवास,आयुष्मान कार्ड,शौचालय,किसान सम्मान जैसी योजनाएं सबके लिए हैं और विकास का लाभ धर्म देखकर नहीं दिया जाता। उन्होंने दावा किया कि आज शांति और सुरक्षा का माहौल है,इसलिए आम लोग खुद को अधिक सुरक्षित महसूस करते हैं।
