गांधीनगर: वाइब्रेंट गुजरात समिट-2027 से पहले गुजरात सरकार ने कनाडा के साथ निवेश और कारोबारी साझेदारी बढ़ाने की दिशा में प्रयास तेज कर दिए हैं। मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल के नेतृत्व में अमेरिका-कनाडा दौरे पर गए गुजरात प्रतिनिधिमंडल ने टोरंटो में दो राउंड टेबल बैठकों का आयोजन किया। इनमें स्टार्टअप, टेक्नोलॉजी, फिनटेक, वित्तीय सेवाओं और निवेश से जुड़े मुद्दों पर चर्चा हुई।
मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने TiE (The Indus Entrepreneurs) Toronto के करीब 30 प्रतिनिधियों के साथ बैठक की। इस दौरान उन्होंने स्टार्टअप फाउंडर्स, उद्यमियों और निवेशकों से गुजरात में निवेश और इनोवेशन की संभावनाओं पर बातचीत की। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में ग्लोबली कॉम्पिटिटिव इनोवेशन और भविष्य की अर्थव्यवस्था तैयार करने के विजन का उल्लेख किया।
टेक्नोलॉजी और फिनटेक में सहयोग पर जोर
मुख्यमंत्री ने कहा कि गुजरात देश के विकास का ग्रोथ इंजन बनकर उभरा है। उन्होंने कनाडाई और गुजराती कंपनियों के बीच टेक्नोलॉजी, पब्लिक पॉलिसी, फाइनेंशियल सर्विसेज और फिनटेक के क्षेत्रों में सहयोग मजबूत करने की संभावनाओं पर चर्चा की।
उन्होंने TiE के सदस्यों को गुजरात के मजबूत स्टार्टअप इकोसिस्टम, निवेश अनुकूल नीतियों और आधुनिक इंफ्रास्ट्रक्चर की जानकारी दी। साथ ही आगामी वाइब्रेंट गुजरात समिट-2027 से पहले राज्य में निवेश, इनोवेशन और कारोबार के विस्तार के अवसर तलाशने का आमंत्रण दिया।
हिंदू चैंबर ऑफ कॉमर्स से भी बैठक
दूसरी राउंड टेबल बैठक Canadian Hindu Chamber of Commerce (CHCC) के साथ हुई। मुख्यमंत्री ने वाइब्रेंट गुजरात समिट-2027 में CHCC की भागीदारी को लेकर दिखाई गई रुचि की सराहना की। उन्होंने उम्मीद जताई कि इससे नए B2B संपर्क, निवेश और कारोबारी साझेदारी के अवसर सामने आएंगे तथा कनाडा-गुजरात आर्थिक संबंध और मजबूत होंगे।
बैठकों में गुजरात के मुख्य सचिव एम.के. दास, वित्त विभाग के अपर मुख्य सचिव टी. नटराजन, उद्योग एवं खान विभाग की अपर मुख्य सचिव ममता वर्मा सहित प्रतिनिधिमंडल के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
