Palghar News: महाराष्ट्र के पालघर जिले के वसई में इंसानियत को शर्मसार करने वाला मामला सामने आया है। एक रिहायशी सोसाइटी में खेल रहे 4 साल के मासूम पर एक शख्स ने इस कदर हमला किया कि बच्चा अब अस्पताल के आईसीयू (ICU) में जिंदगी और मौत के बीच जूझ रहा है। आरोपी की पहचान संदीप पवार के रूप में हुई है, जिसे पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।
क्या है पूरा मामला?
मिली जानकारी के अनुसार, आरोपी संदीप का कुछ समय पहले बच्चे के पिता के साथ किसी मामूली बात को लेकर झगड़ा हुआ था। इसी रंजिश को मन में पाले हुए आरोपी ने मौके की तलाश शुरू की। सोमवार को जब 4 साल का विग्नेश अपनी सोसाइटी में एक खड़ी ऑटो रिक्शा में दूसरे बच्चों के साथ खेल रहा था, तभी आरोपी वहां पहुंचा और बच्चे को उसके पैरों से पकड़कर रिक्शा से बाहर खींचकर, पूरी ताकत के साथ जमीन पर दे मारता। दरिंदगी यहीं नहीं रुकी, आरोपी ने मासूम को दोबारा उठाकर पत्थर जैसी सख्त जमीन पर पटका।
मासूम की हालत नाजुक, इलाके में भारी आक्रोश
हमले के बाद लहूलुहान हालत में विग्नेश को तुरंत मीरा रोड स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। डॉक्टरों के मुताबिक, बच्चे के सिर और शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें आई हैं। फिलहाल उसे आईसीयू में रखा गया है, जहां उसकी स्थिति चिंताजनक बनी हुई है। इस घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय लोगों में भारी गुस्सा फूट पड़ा और आरोपी के खिलाफ सख्त से सख्त सजा की मांग की जा रही है।
पुलिस की कार्रवाई
वसई पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए त्वरित कार्रवाई की और आरोपी संदीप पवार को सलाखों के पीछे पहुंचा दिया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ हत्या के प्रयास सहित विभिन्न गंभीर धाराओं में मामला दर्ज किया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज एक पुख्ता सबूत है और मामले की गहराई से जांच की जा रही है।
