Varanasi Lawyers and Police Conflict: वाराणसी के कचहरी परिसर का माहौल इन दिनों बेहद तनावपूर्ण बना हुआ है। कानून के दो प्रमुख स्तंभ वकील और पुलिस आमने-सामने हैं। बीते 72 घंटों से दोनों पक्षों में जबरदस्त तनातनी चल रही है, लेकिन गुरुवार को यह विवाद उस वक्त और भड़क गया जब एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। वायरल वीडियो में वरुणा जोन की एडीसीपी नीतू कात्यायन पुलिसकर्मियों को संबोधित करते हुए वकीलों के खिलाफ कड़ी टिप्पणी करती दिखाई दे रही हैं।
दावा किया जा रहा है कि उन्होंने एक वकील के साथ पुलिस कमिश्नर कार्यालय में दुर्व्यवहार किया, जो अपने मुवक्किल के साथ वहां पहुंचा था। वीडियो सामने आते ही कचहरी परिसर में उबाल आ गया और वकीलों ने जोरदार नारेबाजी करते हुए विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। इसी के चलते शुक्रवार को हड़ताल का ऐलान किया गया है।
इस पूरे घटनाक्रम की पृष्ठभूमि कुछ दिन पहले कचहरी परिसर में हुई एक मारपीट की घटना है, जिसमें बड़ागांव थाने के दारोगा मिथिलेश प्रजापति के साथ कथित तौर पर वकीलों ने हाथापाई की थी। इस घटना से पुलिस विभाग में गहरी नाराजगी है। स्थिति उस समय और विस्फोटक हो गई जब गुरुवार को घायल दारोगा की पत्नी अनीता अपने परिवार के साथ पुलिस कमिश्नर कार्यालय के बाहर धरने पर बैठ गईं।
उन्होंने आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की। धरने के दौरान पुलिस कमिश्नर ने भरोसा दिलाया कि 48 घंटे के भीतर आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा। अब देखना होगा कि प्रशासन इस बढ़ते विवाद को कैसे सुलझाता है, क्योंकि दोनों पक्षों की नाराजगी अब खुलकर सामने आ चुकी है।
