Varanasi Dalmandi Road Widening: वाराणसी में पूर्वांचल के सबसे बड़े थोक बाजार, दालमंडी, में सड़क चौड़ीकरण अभियान के तहत कार्रवाई तेज कर दी गई है। पीडब्ल्यूडी ने दुकानदारों को नोटिस भेजना शुरू कर दिया है और उन्हें 16 अक्टूबर तक अपनी दुकानों से जुड़े सभी कानूनी दस्तावेज पेश करने का अल्टीमेटम दिया है। निर्धारित समय तक दस्तावेज न देने पर पीडब्ल्यूडी उन दुकानों को अवैध कब्जा मानकर ध्वस्त कर सकती है। इस कार्रवाई के बाद दालमंडी के बाजार में दुकानदारों के बीच हड़कंप मच गया है।
स्थानीय प्रशासन का बड़ा फैसला
काशी विश्वनाथ मंदिर जाने वाले श्रद्धालुओं की राह आसान करने के लिए स्थानीय प्रशासन ने बड़ा फैसला किया है। इसके तहत नई सड़क से चौक तक सड़क को चौड़ा किया जाएगा। दालमंडी की यह सड़क 600 मीटर लंबी है, और इसे 17 मीटर चौड़ा किया जाना है। इस अभियान के तहत दाल मंडी की 184 दुकानें और 6 मस्जिदें अधिग्रहण की जद में आ रही हैं। PWD की ओर से पहले ही दुकानों का चिन्हीकरण काम पूरा कर लिया गया है।
संबंधित कागजात उपलब्ध कराने का निर्देश
सड़क चौड़ीकरण के लिए अब पीडब्ल्यूडी की ओर से दुकानदारों को नोटिस भेजा जा रहा है। दुकानदारों को भवन से संबंधित कागजात उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया है। इसके लिए 16 अक्टूबर ताक का समय दिया गया है। अगर तय मियाद तक कागजात उपलब्ध नहीं कराया जाता है तो प्रशासन अवैध कब्जा मानते हुए कार्रवाई करेगी। नोटिस के बाद स्थानीय दुकानदार एक बार फिर से गुस्से में हैं। दुकानदारों का आरोप है कि सरकार जानबूझकर उन्हें उजाड़ने की कोशिश कर रही है। स्थानीय प्रशासन की ओर से अभी मुआवजे की रकम तय नहीं की गई है।
